×

Presidential Election Result : द्रौपदी मुर्मू ने जीता राष्ट्रपति चुनाव, पीएम मोदी ने घर पहुंच दी बधाई

Presidential Election Result Live Update: एनडीए उम्मीदवार मुर्मू को 27 दलों का समर्थन हासिल होने से इस बार के राष्ट्रपति चुनाव में उनकी जीत तय मानी जा रही है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariNewstrack aman
Published on: 21 July 2022 2:45 PM GMT (Updated on: 21 July 2022 4:08 PM GMT)
Click the Play button to listen to article

Presidential Election Result 2022 : एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने चुनाव जीत लिया है। तीसरे राउंड की मतों की गिनती के बाद ही उन्होंने राष्ट्रपति बनने योग्य आवश्यक 50 प्रतिशत वोट हासिल कर लिए। उन्होंने विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा को बड़े अंतर से हराया है। जबकि, अभी एक राउंड की वोटों की गिनती अभी बची हुई है। हालांकि, यह सिर्फ औपचारिकता मात्र है।अब तक कुल तीनों राउंड की बात करें तो द्रौपदी मुर्मू को जहां 2161 वोट (मूल्य 5,77,777) हासिल हुए। वहीं, यशवंत सिन्हा को 1058 वोट (वैल्यू 2,61,062) मिले।

राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) और विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) के बीच मुकाबला हुआ। एनडीए उम्मीदवार मुर्मू को 27 दलों का समर्थन हासिल होने से इस बार के राष्ट्रपति चुनाव (Presidential Election Result) में उनकी जीत तय मानी जा रही थी। भाजपा ने मुर्मू को 65 फ़ीसदी मत मिलने का दावा किया है। मुर्मू की जीत हासिल करते ही वो देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बन गई हैं।

देश के मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को पूरा होने वाला है। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति के शपथग्रहण का कार्यक्रम आयोजित होगा। सोमवार को मतदान के बाद सभी राज्यों से मतपत्र संसद भवन लाए जा चुके हैं। संसद भवन में आज पूर्वाहन 11 बजे मतगणना का काम शुरू होगा।

संसद भवन में कड़ी सुरक्षा में होगी मतगणना

राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना का काम संसद भवन के कमरा नंबर 63 में किया जाएगा। इसी कमरे में राष्ट्रपति चुनाव के मत पत्रों को कड़ी निगरानी में रखा गया है। आज होने वाली मतगणना की निगरानी राज्यसभा के सचिव पीसी मोदी करेंगे। उन्हें राष्ट्रपति चुनाव के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। शाम तक राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आज आने की संभावना है।

सूत्रों के मुताबिक सांसदों के मतों की गणना के बाद मोदी चुनाव रुझानों के संबंध में जानकारी देंगे। इसके बाद वे राज्यों के मतपत्रों की गणना के बाद एक बार फिर राष्ट्रपति चुनाव के संबंध में पूरा ब्योरा देंगे।

कई राज्यों में हुई क्रॉस वोटिंग

राष्ट्रपति चुनाव के लिए सोमवार को 99.18 फ़ीसदी मतदान हुआ था। भारतीय जनता पार्टी के सनी देओल समेत आठ सांसद मतदान में अनुपस्थित रहे। इन सांसदों के अलावा भाजपा और शिवसेना के दो दो, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, अकाली दल और एआईएमआईएम के एक-एक विधायक ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने पीपीई कित पहनकर मतदान में हिस्सा लिया था क्योंकि दोनों कोरोना से संक्रमित थे।

मतदान के दौरान दौरान कई राज्यों में क्रॉस वोटिंग भी हुई थी। खास तौर पर एनसीपी, कांग्रेस और सपा में क्रॉस वोटिंग की बात उजागर हुई है। राष्ट्रपति चुनाव में सांसदों और विधायकों का समर्थन हासिल करने के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने विभिन्न राज्यों का दौरा किया था।

आखिर क्यों मजबूत है मुर्मू की स्थिति

वैसे यशवंत सिन्हा के मुकाबले एनडीए की उम्मीदवार मुर्मू की स्थिति ज्यादा मजबूत मानी जा रही है क्योंकि उन्हें 27 दलों का समर्थन हासिल था। इन 27 दलों के मतों की कुल संख्या 6.65 लाख है। दूसरी ओर विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को 14 दलों ने समर्थन देने की घोषणा की थी और इन दलों के सम्मिलित वोट करीब 3.62 लाख ही हैं। पहले राष्ट्रपति चुनाव के लिए कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद जताई जा रही थी मगर कई क्षेत्रीय दलों का समर्थन हासिल होने से मुर्मू यशवंत सिन्हा के मुकाबले ज्यादा मजबूत बनकर उभरीं।

मुर्मू को मिला इन दलों का समर्थन

एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को एनडीए के घटक दलों के अलावा कई क्षेत्रीय दलों का समर्थन भी हासिल हुआ। कई राज्यों में तो विपक्ष के सहयोगी दलों ने भी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान कर दिया। मुर्मू को एनडीए के घटक दलों के अलावा बीजू जनता दल, वाईएसआर कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, बसपा, टीडीपी एआईडीएमके, जदएस, शिवसेना, शिरोमणि अकाली दल और सुभासपा का समर्थन मिला है। शिवसेना से बगावत करके अलग होने वाले शिंदे गुट का समर्थन भी मुर्मू को ही हासिल हुआ। कई क्षेत्रीय दलों के मुर्मू के समर्थन में आ जाने के कारण ही सिन्हा मतदान के दौरान पिछड़ते नजर आए।

इन दलों ने दिया यशवंत सिन्हा का साथ

मुर्मू की मजबूती को इसी बात से समझा जा सकता है कि कि विपक्ष की बैठक में सिन्हा के नाम पर मुहर लगाने वाले कई दलों ने भी अंतिम समय में मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा कर दी। ऐसे में द्रौपदी मुर्मू की स्थिति विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के मुकाबले काफी मजबूत हो गई। विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को कांग्रेस, वामदलों, आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, राजद, सपा, एनसीपी, रालोद, टीआरएस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और केरल कांग्रेस एम का समर्थन मिला है। वैसे आज मतगणना के बाद शाम तक पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।

Live Updates

  • 21 July 2022 2:22 PM GMT

    द्रौपदी मुर्मू की जीत पर बिहार में जश्न

    राष्ट्रपति चुनाव के मतगणना के नतीजों में तीसरे राउंड के बाद एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू जीत चुकी हैं। मुर्मू देश की अगली राष्ट्रपति होंगी। इसी बीच बिहार की राजधानी पटना में बीजेपी नेता और कार्यकर्ता जश्न मनाते देखे जा रहे हैं। बिहार के डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि, 'ऐसा समाज जो राजनीतिक क्षेत्र में कभी हाशिए पर रहा करता था, उस समाज से आने वाली द्रौपदी मुर्मू आज देश की प्रथम नागरिक बनने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि, द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में देश निश्चित तौर पर आगे बढ़ेगा।'

  • 21 July 2022 2:09 PM GMT

    नड्डा को उम्मीद, मुर्मू का कार्यकाल बेहद सफल होगा

    द्रौपदी मुर्मू को लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा काफी उत्साहित नजर आए। अपने बयान में उन्होंने कहा, कि मुझे यकीन है कि उनका कार्यकाल बहुत सफल होगा।

  • 21 July 2022 2:08 PM GMT

    'विपक्ष के 17 सांसदों ने किया क्रॉस वोट'

    राष्ट्रपति चुनाव (Presidential Election) में द्रौपदी मुर्मू की जीत तय लग रही है। इस बीच बीजेपी सूत्रों ने मीडिया को बताया कि उनका अनुमान था कि 523 सांसदों ने मुर्मू को वोट किया। बता दें कि, मुर्मू को पहले चरण में 540 वोट मिले। ऐसे में बीजेपी का दावा है कि विपक्ष के 17 सांसदों ने उनके पक्ष में वोट किया। बता दें कि, पहले राउंड में सांसदों के वोटों की गिनती हुई थी। इस अनुमान में माना जा रहा है कि जिन 15 MP's का वोट अमान्य हुआ उसमें कोई भी एनडीए का नहीं था। अगर, एनडीए के वोट भी अमान्य हुए हैं तो विपक्षी सांसदों ने मुर्मू को वोट किया है।

  • 21 July 2022 12:06 PM GMT

    द्रौपदी मुर्मू के गांव में जश्न का माहौल 



  • 21 July 2022 12:01 PM GMT

    दूसरे दौर की मतगणना ख़त्म, मुर्मू को मिले 1349 वोट

    राष्ट्रपति चुनाव के लिए दूसरे दौर की मतगणना ख़त्म हो चुकी है। द्रौपदी मुर्मू को अब तक 1349 वोट मिले हैं, जिसका मूल्य 4 लाख 83 हजार 299 है। वहीं यशवंत सिन्हा को अब तक 537 वोट मिले हैं। 

  • 21 July 2022 11:54 AM GMT

    देश के 1 लाख 35 हजार ऐसे गांवों में मनेगा मुर्मू की जीत का जश्न

    राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) की जीत लगभग तय मानी जा रही है। भारतीय जनता पार्टी ने जश्न की तैयारियां पूरी कर ली है। मुर्मू की जीत के बाद देश के 1 लाख 35 हजार गांवों में जश्न मनाया जाएगा, जहां आदिवासी लोगों की संख्या अधिक है। राजधानी दिल्ली में बीजेपी रोड शो भी निकालेगी। बीजेपी ने सांसदों को भी यह काम सौंपा है। कहा है कि वे अपने क्षेत्रों में जाकर ये बात पहुंचाएं कि मोदी सरकार ने आदिवासी समाज के एक चेहरे को सर्वोच्च पद पर पहुंचाया है। मुर्मू के राजधानी दिल्ली वाले आवास पर एक बड़ी सी होर्डिंग लगाई गई है।

  • 21 July 2022 11:46 AM GMT

    दूसरे दौर की मतगणना ख़त्म, थोड़ी देर होंगे जारी

    राष्ट्रपति चुनाव के लिए दूसरे दौर की मतगणना ख़त्म हो गई है। जिसे थोड़ी देर में जारी किया जाएगा।  

  • 21 July 2022 11:30 AM GMT

    नए राष्ट्रपति के लिए डिनर का आयोजन करेंगे रामनाथ कोविंद

    वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 24 जुलाई 2022 को नए राष्ट्रपति तथा केंद्रीय मंत्रिमंडल के लिए डिनर का आयोजन करेंगे। यह डिनर राष्ट्रपति भवन में शाम 7 बजे होगा।

  • 21 July 2022 11:28 AM GMT

    केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत पहुंचे मुर्मू के आवास पर

    जैसे-जैसे द्रौपदी मुर्मू के कदम जीत की तरफ बढ़ रहे हैं, उनके घर पर जश्न जारी है। अब नेताओं का उनके निवास स्थान पर आना-जाना लगा हुआ है। पहले अनिल बलूनी और अब गजेंद्र शेखावत, द्रौपदी मुर्मू के दिल्ली स्थित निवास स्थान पहुंचे हैं। इस बीच बीजेपी सांसद अनुभव मोहंती (Anubhav Mohanty) ने कहा, कि द्रौपदी मुर्मू ओडिशा की गौरव हैं। आज उन्हें देश का सबसे बड़ा पद मिल रहा है। आदिवासी समाज के लिए यह सुखद पल है। उन्होंने कहा, उड़ीसा में 62 आदिवासी समाज के ग्रुप है उनमें से एक समाज से द्रौपदी मुर्मू हैं।'

  • 21 July 2022 11:05 AM GMT

    रायसीना की दौड़ में द्रौपदी मुर्मू आगे, बिछा रेड कार्पेट

    राष्ट्रपति चुनाव में मतों की गिनती अभी जारी है। सांसदों के वोटों में द्रौपदी मुर्मू अपने प्रतिद्वंद्वी से काफी आगे हैं। मुर्मू के घर पर जश्न की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उनके दिल्ली वाले आवास पर रेड कार्पेट बिछने लगे हैं। कहा जा रहा है कि नतीजे घोषित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वहां पहुंच सकते हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान लोक नृत्य करते दिखे। वो लोक कलाकारों के साथ आदिवासी नृत्य करते दिखाई दिए।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story