×

राहुल की किसान महापदयात्रा खत्म, अब रोड-शो से UP में माहौल बनाएंगी प्रियंका

By
Published on: 6 Oct 2016 12:33 AM GMT
राहुल की किसान महापदयात्रा खत्म, अब रोड-शो से UP में माहौल बनाएंगी प्रियंका
X

नई दिल्लीः राहुल गांधी की देवरिया से दिल्ली की किसान यात्रा आज खत्म हो रही है। इसके बाद अब उनकी बहन और कांग्रेस का ब्रह्मास्त्र कही जाने वाली प्रियंका गांधी यूपी के मोर्चे पर उतरेंगी। सूत्रों के मुताबिक प्रियंका रोड-शो के जरिए कांग्रेस का यूपी में माहौल बनाएंगी। यूपी में कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के एक वरिष्ठ सदस्य के मुताबिक रोड-शो की शुरुआत इलाहाबाद से होगी।

भाषण को दिया जा रहा अंतिम रूप

कांग्रेस के रणनीतिकार प्रशांत किशोर की टीम पिछले कई महीनों से प्रियंका को मैदान में उतारने की जिद पर अड़ी थी। यह पहले से ही मोटे तौर पर तय हो गया था कि राहुल की किसान यात्रा के बाद उनकी बहन के रोड-शो होंगे। फिलहाल उनके भाषणों में उठाए जाने वाले मुद्दों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भाषणों में महिलाओं और लड़कियों से जुड़े मामलों के अलावा सामाजिक सुरक्षा कानून भी मुख्य मुद्दा होगा।

कांग्रेस को पासा पलटने की उम्मीद

कांग्रेस को लगता है कि प्रियंका के रोड-शो से कांग्रेस का पासा पलट सकता है। पार्टी को लगता है कि बड़ी तादाद में महिलाएं, लड़कियां और नौजवान उमड़ेंगे। टीम प्रशांत किशोर के एक सदस्य के मुताबिक जमीनी स्तर पर यह फीडबैक मिल रहा है कि प्रियंका कांग्रेस के रोड शो में आने वाली भीड़ को वोट में तब्दील करने का जज्बा रखती हैं क्योंकि उन्हें लोग नेता नहीं, राजनीति से अलग शख्सियत के तौर पर देखते हैं।

प्रियंका को सीएम फेस बनाने की थी तैयारी

बता दें कि इस साल मई और जून में प्रियंका गांधी को कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर पेश करने की पूरी रणनीति बना दी गई थी, लेकिन कई निजी वजहों से सोनिया गांधी के गले ये प्रस्ताव नहीं उतरा। दूसरी ओर, खुद प्रियंका यूपी जैसे बड़े और समस्याग्रस्त प्रदेश में मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर पेश होने से कतरा भी रही थीं। इसके बाद आनन-फानन में दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित को मुख्यमंत्री का चेहरा बनने के लिए तैयार किया गया।

Next Story