×

Rajya Sabha: पीटी ऊषा और इलयाराजा समेत चार दिग्गज राज्य सभा के लिए नामित, पीएम मोदी ने दी बधाई

एथलीट पीटी ऊषा, संगीतकार और गीतकार इलयाराजा, फिल्म निर्देशक और लेखक वी विजयेंद्र प्रसाद गारू और वीरेंद्र हेगड़े राज्यसभा के लिए नामित किए गए हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 6 July 2022 3:32 PM GMT (Updated on: 6 July 2022 3:49 PM GMT)
PT Usha and Ilayaraja nominated to Rajya Sabha PM Modi congratulated
X

पीटी ऊषा और इलयाराजा राज्यसभा के लिए नामित। (Social Media)

Rajya Sabha: जानी मानी एथलीट पीटी ऊषा (PT Usha), संगीतकार और गीतकार इलयाराजा (Lyricist Ilayaraja), फिल्म निर्देशक और लेखक वी विजयेंद्र प्रसाद गारू (Writer V Vijayendra Prasad Garu) और वीरेंद्र हेगड़े राज्यसभा के लिए नामित किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर सभी को शुभकामनाएं दी है।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, पीटी उषा जी हर भारतीय के लिए एक प्रेरणा हैं। खेलों में उनकी उपलब्धियों को व्यापक रूप से जाना जाता है, लेकिन पिछले कई वर्षों में नवोदित एथलीटों का मार्गदर्शन करने के लिए उनका काम उतना ही सराहनीय है। राज्यसभा के लिए मनोनीत होने पर उन्हें बधाई।

कौन हैं पीटी ऊषा

पीटी ऊषा देश की पहली महिला एथलीट हैं, जिन्होंने ओलंपिक के फाइनल में प्रवेश किया था। 1984 में अमेरिका के लॉस एंजिल्स में हुए ओलंपिक में उन्होंने फाइनल तक का सफर तय किया था। उस दौरान ये भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि थी। उन्होंने एशियाई खेलों में भी शानदार प्रदर्शन किया। मात्र 20 साल की उम्र में पीटी ऊषा को अर्जुन पुरस्कार और पद्म श्री से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विश्व ट्रॉफी से भी सम्मानित किया गया। ओलंपिक में उनके शानदार सफर को देखते हुए भारतीय ओलंपिक संघ ने पीटी ऊषा को स्पोर्ट्स पर्सन ऑफ द सेंचुरी' और 'स्पोर्ट्स वुमन ऑफ द मिलेनियम' के लिए नामित किया था। पीटी ऊषा ने साल 2000 में एथलेटिक्स से सन्यास ले लिया।

कौन है इलयाराजा

3 जून 1943 को जन्मे इलयाराजा का असली नाम आर. ज्ञानथेसिकन है। इलयाराजा दक्षिण भारतीय सिनेमा इंडस्ट्री का एक बड़ा नाम हैं। वह तेलुगु के अलावा तमिल फिल्मों में संगीतकार, गायक और गीतकार की भूमिका निभा चुके हैं। उन्हें देश के महान संगीतकारों में से एक के रूप में जाना जाता है। उन्होंने 700 से अधिक गीतों की रचना की है, 1400 से अधिक फिल्मों के लिए फिल्म स्कोर प्रदान किया है और 20 हजार से अधिक संगीत कार्यक्रमों में प्रदर्शन किया है।

कौन हैं वीरेंद्र हेगड़े

25 नवंबर 1948 को जन्मे डी. वीरेंद्र हेगड़े एक भारतीय परोपकारी और कर्नाटक के धर्मस्थल मंदिर के वंशानुगत प्रशासक/धर्माधिकारी हैं। उनके योगदानों के लिए उन्हें अब तक कई पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। साल 2009 में उन्हें कर्नाटक रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जो कि कर्नाटक का सबसे बड़ा नागरिक पुरस्कार है।

कौन हैं विजयेंद्र प्रसाद गुरू

विजयेंद्र प्रसाद गुरू एक भारतीय पटकथा लेखक और फिल्म निर्देशक हैं। उन्होंने तमिल और तेलुगु सिनेमा के अलावा हिंदी सिनेमा में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने 25 से अधिक फिल्मों की पटकथा लिखी हैं, जिनमें से अधिकतर व्यावसायिक रूप से सफल भी रहे हैं। उनके हिस्से बाहुबली, आरआरआर, बजरंगी भाईजान, मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ़ झाँसी, मगधीरा और मर्सल जैसी सफल फिल्में हैं।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story