×

Odisha-Tripura Governor : झारखंड के पूर्व CM रघुवर दास बने ओडिशा के राज्यपाल, इंद्रसेन रेड्डी होंगे त्रिपुरा के नए गवर्नर

Odisha-Tripura Governor : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को ओडिशा का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं, इंद्रसेन रेड्डी को त्रिपुरा का नया गवर्नर नियुक्त किया गया है।

aman
Report aman
Published on: 18 Oct 2023 5:03 PM GMT (Updated on: 18 Oct 2023 5:28 PM GMT)
Odisha-Tripura Governor
X

Raghubar Das and Indrasen Reddy (Social Media)

Odisha-Tripura Governor : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास (Raghubar Das) को बुधवार (18 अक्टूबर) को ओडिशा का राज्यपाल बनाया गया है। रघुवर दास, गणेशी लाल (Ganesha Lal) की जगह लेंगे। वहीं, इंद्रसेन रेड्डी (Indrasen Reddy) को त्रिपुरा का नया गवर्नर नियुक्त किया गया है।.राष्ट्रपति भवन ने बुधवार देर शाम बयान जारी कर ये जानकारी दी।

राष्ट्रपति भवन (President's House) की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) इन नियुक्तियों से प्रसन्न हैं, जो उनके संबंधित कार्यालयों का कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी। आपको बता दें, रघुवर दास वर्तमान समय में बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। ओडिशा के राज्यपाल बनने से पहले रघुवर दास 2014 से 2019 तक झारखंड के मुख्यमंत्री पद पर रहे थे। उन्होंने अपना कार्यकाल पूरा किया था। वहीं, इंद्र सेना रेड्डी नल्लू तेलंगाना के बीजेपी लीडर हैं। रेड्डी बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव भी हैं। वो तीन बार विधायक रह चुके हैं। आंध्र प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष की भी कमान संभाल चुके हैं।


कौन हैं रघुवर दास?

झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास टाटा स्‍टील (Tata Steel) के कर्मचारी थे। रघुवर दास का सियासी सफर दिलचस्प रहा है। वर्ष 1995 में जब बीजेपी ने जमशेदपुर (पूर्व) विधानसभा सीट से उन्हें टिकट दिया था तब कई लोगों ने पार्टी के फैसले पर सवाल खड़े किए थे। सियासी अखाड़े में उनके खिलाफ कांग्रेस के दिग्गज नेता केपी सिंह (Congress Leader KP Singh) और बीजेपी के बागी दीनानाथ पांडेय (Dinanath Pandey) थे। लेकिन, रघुवर ने सबको चौंकाते हुए जीत हासिल की। साल 2000 के विधानसभा चुनाव में रघुवर दास ने एक बार फिर कांग्रेस के केपी सिंह को बड़ी शिकस्त दी। समय-समय पर उन्होंने अपनी राजनीतिक कौशल का परिचय दिया। आपको आश्चर्य होगा कि, रघुवर दास मूलतः छत्‍तीसगढ़ के रहने वाले हैं। उनका जन्म 3 मई, 1955 को जमशेदपुर में हुआ था। वो बीजेपी के टिकट से चार बार विधायक रहे हैं। रघुवर दास 30 दिसंबर, 2009 से 29 मई, 2010 तक राज्य में उपमुख्‍यमंत्री भी रहे थे। लेकिन, 2014 से 2019 तक उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री पद कार्यकाल पूरा किया था।


कौन हैं इंद्र सेना रेड्डी नल्लू?

बीजेपी नेता इंद्र सेना रेड्डी नल्लू (Indra Sena Reddy Nallu) की गिनती तेलंगाना के दिग्गज नेताओं में होती है। रेड्डी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय महासचिव हैं। वो पहले पार्टी की संयुक्त राज्य इकाई के अध्यक्ष थे। इंद्रसेना रेड्डी पहली बार साल 1983 में 33 साल की उम्र में विधायक बने थे। अब तक तीन बार विधायक चुने जा चुके हैं। 1985 में हैदराबाद के मलकपेट से और 1999 में वह फिर से विधायक चुने गए थे।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story