राहुल गांधी का बड़ा दावा: चक्रव्यूह वाले बयान के बाद मेरे खिलाफ ED रेड की तैयारी, खुली बांहों के साथ कर रहा हूं इंतजार

Rahul Gandhi News: राहुल गांधी ने हाल में लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान चक्रव्यूह वाला भाषण दिया था जिसकी मीडिया में खूब चर्चा हुई थी।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 2 Aug 2024 2:32 AM GMT (Updated on: 2 Aug 2024 2:50 AM GMT)
Rahul Gandhi
X

राहुल गांधी  (फोटो: सोशल मीडिया ) 

Rahul Gandhi News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में चक्रव्यूह वाले भाषण के बाद उनके खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) रेड की योजना बना रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि वे खुली बांहों के साथ ईडी के अधिकारियों का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने अभी दावा किया कि ईडी के अंदरूनी सूत्रों ने उन्हें छापे की तैयारी के बारे में जानकारी दी है।

राहुल गांधी ने हाल में लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान चक्रव्यूह वाला भाषण दिया था जिसकी मीडिया में खूब चर्चा हुई थी। बाद में भाजपा की ओर से अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी को तीखा जवाब दिया था। अब राहुल गांधी ने ईडी की ओर से रेड डालने की तैयारी किए जाने का सनसनीखेज दावा किया है।

ईडी की ओर से छापेमारी की तैयारी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आम बजट पर चर्चा के दौरान लोकसभा में कमल के चिह्न का जिक्र किया था और कहा था कि 21वीं सदी में नया चक्रव्यूह बनाया जा रहा है। अब उन्होंने अपने इसी भाषण को लेकर बड़ा दावा किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में राहुल गांधी ने दावा किया कि ईडी की ओर से उनके खिलाफ छापेमारी की तैयारी की जा रही है।

राहुल गांधी ने पोस्ट में लिखा है कि जाहिर है, 2 में से 1 को मेरा चक्रव्यूह वाला भाषण अच्छा नहीं लगा। ईडी के अंदरूनी सूत्रों ने मुझे बताया है कि छापेमारी की तैयारी हो रही है। मैं ईडी का खुली बांहों से इंतजार कर रहा हूं। चाय और बिस्कुट मैं खिलाऊंगा। कांग्रेस सांसद ने अपनी इस पोस्ट में प्रवर्तन निदेशालय के आधिकारिक एक्स हैंडल को टैग भी किया है।

लोकसभा में दिया था चक्रव्यूह वाला भाषण

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बजट पर चर्चा के दौरान चक्रव्यूह वाला ऐसा बयान दिया था जिसकी मीडिया में खूब चर्चा हुई थी। अपने भाषण में उन्होंने कहा था कि आज पूरे देश में डर का माहौल बना हुआ है। देश का माहौल ऐसा बन गया है जिसमें मंत्री, किसान, वर्कर, वोटर सभी डरे हुए हैं। इसके बारे में मैंने काफी सोचा है और इसका एक जवाब मैं प्रस्तावित करता हूं। हजारों साल पहले हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक युवा अभिमन्यु को छह लोगों ने चक्रव्यूह में फंसाकर मारा था। चक्रव्यूह के अंदर डर होता है, हिंसा होती है और अभिमन्यु को चक्रव्यूह में फंसाकर मारा गया।

मैंने चक्रव्यूह के बारे में रिसर्च की तो पता लगा कि इसका एक दूसरा नाम होता है पद्मव्यू,जो कमल के फूल के आकार का होता है। 21वीं सदी में भी एक नया चक्रव्यूह तैयार हुआ है और वह भी लोटस की शेप में है उसका चिह्न प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी छाती पर लगाकर चलते हैं।

आज भी छह लोग सबकुछ कंट्रोल कर रहे

राहुल गांधी ने कहा कि जिस चक्रव्यूह में अभिमन्यु को फंसाया गया था,वही आज हिंदुस्तान की जनता के साथ हो रहा है। वैसा ही आज हिंदुस्तान के युवाओं, किसानों, माताओं-बहनों, स्मॉल और मीडियम बिजनेस के साथ किया जा रहा है।

महाभारत वाले चक्रव्यूह को छह लोग द्रोणाचार्य, कर्ण, कृतवर्मा, शकुनी, कृपाचार्य, अश्वस्थामा कंट्रोल कर रहे थे और आज भी छह लोग कंट्रोल कर रहे हैं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, अजीत डोभाल, अंबानी और अडानी शामिल हैं।

अनुराग ठाकुर ने दिया था तीखा जवाब

बाद में भाजपा की ओर से सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी को तीखा जवाब दिया था। उन्होंने सात चक्रव्यूह गिनाते हुए कांग्रेस पर हमला बोला था। उनका कहना था कि पहला चक्रव्यूह कांग्रेस खुद है जिसने देश का बंटवारा किया। अनुराग ठाकुर का कहना था कि कुछ लोग एक्सीडेंटल हिंदू हैं और उनकी महाभारत की जानकारी भी एक्सीडेंटल है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अनुराग ठाकुर के भाषण की तारीफ की थी। उन्होंने इस भाषण को तथ्यों और हास्य का बेहतरीन मिश्रण बताया था। प्रधानमंत्री की ओर से भाषण की तारीफ किए जाने पर भी विपक्ष ने काफी नाराजगी जताई थी।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story