×

Rahul Gandhi News: सोनीपत में दिखा राहुल गांधी का बदला हुआ अंदाज, किसानों के साथ की धान की रोपाई, ट्रैक्टर भी चलाया

Rahul Gandhi News: राहुल गांधी ने गांव के खेतों में काम कर रहे किसानों और मजदूरों से बातचीत की और खेतीबारी के बारे में जानकारी हासिल की। किसानों के साथ धान की रोपाई में भी हिस्सा लिया और ट्रैक्टर भी चलाया।

Anshuman Tiwari
Published on: 8 July 2023 4:04 AM GMT (Updated on: 8 July 2023 4:15 AM GMT)
Rahul Gandhi News: सोनीपत में दिखा राहुल गांधी का बदला हुआ अंदाज, किसानों के साथ की धान की रोपाई, ट्रैक्टर भी चलाया
X
Rahul Gandhi News (photo: social media )

Rahul Gandhi News: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को हरियाणा के सोनीपत जिले में किसानों के अंदाज में दिखे। हिमाचल प्रदेश जाते समय राहुल गांधी ने अचानक अपना कार्यक्रम बदला और सोनीपत के मदीना गांव पहुंच गए। उन्होंने गांव के खेतों में काम कर रहे किसानों और मजदूरों से बातचीत की और खेतीबारी के बारे में जानकारी हासिल की। इतना ही नहीं राहुल गांधी ने गांव के किसानों के साथ धान की रोपाई में भी हिस्सा लिया और ट्रैक्टर भी चलाया।

राहुल गांधी आजकल आम लोगों से जुड़ने की कोशिश में जुटे हुए हैं। सोनीपत में आज राहुल की ओर से उठाए गए इस कदम को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। पिछले दिनों वे दिल्ली में एक बाइक मैकेनिक की दुकान पर भी अचानक पहुंच गए थे। राहुल गांधी को कल ही गुजरात हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। गुजरात हाईकोर्ट में मोदी सरनेम केस में राहुल गांधी को सुनाई गई दो साल की सजा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था और दोष सिद्धि पर रोक लगाने की मांग वाली राहुल की याचिका खारिज कर दी थी।

राहुल गांधी ने अचानक बदला कार्यक्रम

दरअसल शनिवार की सुबह राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश के दौरे के लिए रवाना हुए मगर कुंडली बॉर्डर पर पहुंचने के बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम अचानक बदल दिया। उन्होंने अपना काफिला सोनीपत की ओर मोड़ लिया। वे सोनीपत के मदीना गांव पहुंच गए। रास्ते में उन्होंने कई जगह खेतों को देखकर जानकारी हासिल की। मदीना गांव पहुंचकर राहुल गांधी अपनी गाड़ी से उतर पड़े और उन्होंने किसानों से खेती के संबंध में चर्चा की।

राहुल गांधी को देखकर हैरान रह गए किसान

उन्होंने खेतों में की जा रही धान की रोपाई के संबंध में किसानों से बातचीत की और किसानों और मजदूरों के साथ खुद भी धान की रोपाई में जुट गए। राहुल गांधी के अचानक सुबह-सुबह गांव में पहुंचने पर मदीना गांव के किसान भी पूरी तरह हैरान रह गए।

राहुल गांधी का गांव में आने का कार्यक्रम पहले से तय नहीं था। इसलिए अचानक उनका गांव पहुंचना किसानों के लिए काफी अचरज भरा रहा। राहुल गांधी को अचानक अपने बीच पाकर किसान और मजदूर खुश हो गए।

राहुल गांधी ने ट्रैक्टर भी चलाया

इसी दौरान राहुल गांधी की नजर खेत में खड़े एक ट्रैक्टर पर पड़ी। फिर क्या था। राहुल गांधी ने ट्रैक्टर चलाने की भी इच्छा जाहिर की। राहुल गांधी ने ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट संभाल ली और उनके साथ गांव के कई किसान और मजदूर भी ट्रैक्टर पर सवार हो गए। राहुल गांधी ने किसानों के साथ कुछ देर तक खेतों में ट्रैक्टर भी चलाया। उन्होंने इस तरह धान की रोपाई से पहले खेत तैयार करने में किसानों की मदद की।

पिछले दिनों अचानक करोलबाग पहुंचे थे राहुल

राहुल गांधी हाल के दिनों में आम लोगों से जुड़ने की कोशिश में जुटे हुए हैं। पिछले दिनों वे दिल्ली के करोल बाग मार्केट में भी अचानक पहुंच गए थे। इस दौरान उन्होंने मार्केट में काम करने वाले मजदूरों और व्यापारियों से विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की थी। वे एक बाइक मैकेनिक की दुकान पर भी गए थे और इस दौरान बाइक ठीक करते हुए दिखे थे। कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी के करोलबाग दौरे की तस्वीरें भी शेयर की गई थीं।

राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी आम लोगों से जुड़ने का प्रयास किया था। 2024 की सियासी जंग से पहले राहुल गांधी का अंदाज काफी बदला हुआ नजर आ रहा है। वे देश के आम लोगों से जुड़ कर उनकी समस्याएं जानने की कोशिश में जुटे हुए हैं। अब यह देखने वाली बात होगी कि राहुल गांधी के इस कदम से कांग्रेस को कितना फायदा मिल पाता है

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story