×

Rajasthan Election 2023: प्रियंका गांधी ने मंच से गायत्री मंत्र का किया जाप, जनता को बीजेपी से सतर्क रहने की अपील की

Rajasthan Election 2023: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को राजस्थान में दो चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सागवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया।

Krishna Chaudhary
Published on: 17 Nov 2023 11:36 AM GMT
Priyanka Gandhi (Photo : Social Media)
X

Priyanka Gandhi (Photo : Social Media)

Rajasthan Election 2023. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनाव अभियान की समाप्ति के बाद अब राजनीतिक पार्टियों के स्टार प्रचारकों का पूरा फोकस राजस्थान और तेलंगाना पर है। राजस्थान में शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार के लिए पहुंची। उन्होंने उदयपुर संभाग के सागवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की नीतियों और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर जमकर निशाना साधा।

प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए जनता से सतर्क रहने को कहा। उन्होंने मंच से भाषण देने के क्रम में गायत्री मंत्र का जाप किया और कहा कि ये उन्हें उनकी दादी (इंदिरा गांधी) ने सिखाया। जिसे मैंने अपने बच्चों को सिखाया। इंदिरा गांधी और कांग्रेस पार्टी के लिए देश की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म माना जाता है। मगर सरकार बदलने के साथ जब-जब बीजेपी सत्ता आई है, तो धर्म के नाम पर राजनीति हुई है। आज फिर वही हो रहा है। धर्म के नाम पर लोगों को उकसाया जा रहा है। आपको सावधान होना पड़ेगा।

महंगाई को लेकर मोदी सरकार को घेरा

कांग्रेस महासचिव ने महंगाई को लेकर मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि आज पूरा देश इससे त्रस्त है। अगर प्रदेश की सरकार ने महंगाई राहत के कैंप नहीं लगाए होते तो आज आप महंगाई का कैसे सामना करते? आप सोचिए कि केंद्र सरकार इतनी महंगाई बढ़ा रही है कि प्रदेश की सरकार को महंगाई राहत कैंप लगाने पड़ रहे हैं। मैं मध्य प्रदेश गई, वहां महिलाओं ने मुझे कहा कि हमें महंगाई से घबराहट होती है। भाजपा की सरकारें बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए चल रही हैं।

गहलोत सरकार के कामकाज की तारीफ की

प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन के दौरान राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार के कामकाज की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ाने का काम केंद्र सरकार की तरफ से किया जा रहा है, जबकि प्रदेश सरकार 500 रूपये में गैस सिलेंडर, 25 लाख रूपये तक स्वास्थ्य बीमा, फ्री बिजली आदि देकर लोगों को राहत देन का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, इसके लिए अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोले जा रहे हैं।

गायत्री पीठ में किया हवन-पूजन

अपने राजस्थान दौरे के क्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सागवाड़ा स्थित गायत्री पीठ भी पहुंची। यहां उन्होंने हवन - पूजन में शामिल होकर देश-प्रदेश, प्रकृति-संस्कृति के कल्याण की कामना की। इस दौरान सीएम अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

सागवाड़ा के बाद चित्तौड़गढ़ पहुंची प्रियंका गांधी

सांगवाड़ में रैली करने के बाद प्रियंका गांधी चित्तौड़गढ़ रैली करने पहुंची। यहां उन्होंने देश में कांग्रेस शासित राज्यों में किए गए विकास कार्यों को गिनाते हुए जनता से समर्थन मांगा। प्रियंका ने कहा कि पीएम मोदी को राजस्थान में मुख्यमंत्री का चेहरा ही नहीं मिल रहा, इसलिए वो लाल डायरी – पीली डायरी की बात कर रहे हैं।

सीएम गहलोत ने पीएम मोदी पर कसा तंज

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी का बजरंगबली कर्नाटक में नहीं चल पाया। भगवान ने उनकी बात को मंजूर नहीं किया, भगवान समझ गए कि वे खोखली बातें कह रहे हैं और चुनाव हार रहे हैं तो बजरंगबली की याद आ रही है। दरअसल, बीजेपी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ बजरंगबली के अपमान को बड़ा मुद्दा बना दिया था। पीएम मोदी भी अपने भाषणों में लगातार इसका जिक्र किया करते थे। लेकिन जब नतीजे आए तो बीजेपी का दांव उल्टा पड़ गया और कांग्रेस को बड़ी जीत हासिल हुई।

बता दें कि राजस्थान में 25 नवंबर को 199 सीटों पर एक चरण में मतदान होगा। बची एक सीट पर बाद में उपचुनाव कराया जाएगा। नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Content Writer

Krishna Chaudhary having four year experience of working in different positions during his Journalism. Having Expertise to create content in Politics, Crime, National and International Affiars.

Next Story