×

Rajasthan Gangrape: राजस्थान में एक और महिला हैवानियत की शिकार, गैंगरेप के बाद निर्वस्त्र हालत में छोड़ भागे बदमाश, इलाके में तनाव

Rajasthan Gangrape Case: पुलिस का कहना है वारदात में शामिल तीनों बदमाश नशे में थे। महिला के बयान पर उनके खिलाफ बयान दर्ज कर लिया गया है। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठे किए हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 10 Sep 2023 5:28 AM GMT
Rajasthan News
X

सांकेतिक तस्वीर (सोशल मीडिया)

Rajasthan Gangrape Case: राजस्थान से लगातार महिला अपराध से जुड़ीं बर्बर घटनाएं सामने आ रही हैं। एक और घटना ने पूरे राज्य को हिला दिया है। भीलवाड़ा में कुछ बदमाशों ने एक महिला के साथ ऐसी हैवानियत की है, जिससे लोगों का दिल दहल उठा है। आरोपियों ने पीड़िता को पहले किडनैप किया और फिर उसे एक सुनसान जगह पर ले जाकर उसकी अस्मत लूट ली। इतना ही नहीं वे निर्वस्त्र हालत में महिला को छोड़ भाग खड़े हुए।

खबरों के मुताबिक, दुष्कर्म पीड़िता काफी समय तक सड़क पर निर्वस्त्र हालत में पड़ी रही। भीड़भाड़ वाले रास्ते पर महिला हर आने-जाने वाले शख्स से मदद की भीख मांगती रही। लेकिन किसी ने मुंह फेर लिया तो किसी ने उसकी ओर देखने तक की जरूरत नहीं समझी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को एक बैनर में लपेटकर पुलिस स्टेशन लाया। जहां उसके साथ हुई बर्बरता को दर्ज किया गया।

खाने के बाद टहलने के लिए निकली थी महिला

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना भीलवाड़ा के गंगापुर थाना क्षेत्र की कल यानी शनिवार रात की है। महिला रोजाना की तरह कल भी खाना खाकर बाहर टहलने निकली थी। इस दौरान कार सवार तीन बदमाश महिला के नजदीक आए और उसे किडनैप कर लिया। बदमाश महिला को एक सुनसान जगह पर ले गए और जहां उसका गैंगरेप किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने महिला को निर्वस्त्र कर भाग निकले। बताया जाता है कि महिला फिर वहां से किसी तरह मुख्य रास्ते पर आई और लोगों से मदद मांगी।

नशे में थे सभी बदमाश

पुलिस का कहना है वारदात में शामिल तीनों बदमाश नशे में थे। महिला के बयान पर उनके खिलाफ बयान दर्ज कर लिया गया है। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठे किए हैं। घटनास्थल से पुलिस को टूटी हुई चूड़ियां मिली हैं। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीम गठित कर दी गई है। जिस गाड़ी से भागे हैं, उसके बारे में भी पता लगाया जा रहा है। वहीं, घटना को लेकर इलाके में तनाव भी देखा जा रहा है, बड़ी संख्या में लोगों ने डीएसपी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया।

सदमे में है महिला

वहीं, पीड़िता को अस्पताल में मेडिकल के लिए ले जाया गया। बताया जा रहा है कि वह सदमे में है। बदमाशों ने उसके साथ बेरहमी की पराकाष्ठा को लांघ दी थी। किसी वहशी दरिंदे की तरह उसके शरीर को बुरी तरह नोंचा गया। कई जगहों पर जख्म के गहरे निशान हैं। डॉक्टर्स के मुताबिक, महिलाओं को हालात से उबरने में समय लग सकता है।

बता दें कि चुनावी राज्य राजस्थान में महिलाओं के साथ हुई बर्बरता की ये कोई पहली घटना नहीं है। हाल के दिनों में ऐसे एक से बढ़कर एक कई मामले सामने आ चुके हैं। जिसके कारण लॉ एंड ऑर्डर के मुद्दे पर अशोक गहलोत सरकार बैकफुट पर है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story