×

Bhajan Lal Sharma: राजस्थान के नए CM का यूपी से गहरा नाता, 2017 के चुनाव में किया था प्रचार, भाई के मुताबिक खाने में सत्तू सबसे अधिक पसंद

Bhajan Lal Sharma: फोटो सेशन के दौरान सबसे आखरी पंक्ति में दिखने वाले भजन लाल शर्मा के नाम का प्रस्ताव किए जाने के बाद ही बैठक में मौजूद सभी विधायक चौंक गए थे।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 13 Dec 2023 4:49 AM GMT (Updated on: 13 Dec 2023 4:59 AM GMT)
Rajasthan New CM Bhajan Lal Sharma
X

 Rajasthan New CM Bhajan Lal Sharma   (photo: social media )

Bhajan Lal Sharma: राजस्थान में मंगलवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में भजन लाल शर्मा को नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया है। भाजपा नेतृत्व का यह फैसला काफी चौंकाने वाला माना जा रहा है क्योंकि भजनलाल शर्मा पहली बार विधायक बने हैं। उनके नाम का अंदाजा कोई भी नहीं लगा पाया था मगर वे इस महत्वपूर्ण पद पर पहुंचने में कामयाब रहे हैं। फोटो सेशन के दौरान सबसे आखरी पंक्ति में दिखने वाले भजन लाल शर्मा के नाम का प्रस्ताव किए जाने के बाद ही बैठक में मौजूद सभी विधायक चौंक गए थे।

भजन लाल शर्मा के बारे में एक उल्लेखनीय बात यह है कि उनका उत्तर प्रदेश से भी गहरा नाता है। आगरा के मालपुरा में उनकी बुआ का घर है और यहां पर उनका आना-जाना लगा रहता है। भजन लाल शर्मा के रिश्ते में भाई लगने वाले सुनील का कहना है कि वे सादगी भरा जीवन जीते रहे हैं और उन्हें खाने में सत्तू सबसे ज्यादा पसंद है। उत्तर प्रदेश में 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने यहां भाजपा के पक्ष में प्रचार भी किया था।

भजन लाल शर्मा को कोई घमंड नहीं

आगरा के मलपुरा में रहने वाले सुनील उपाध्याय का कहना है कि उनके भैया भजनलाल शर्मा हमेशा इसी बात पर जोर देते रहे हैं कि जो भी कम करो,उसे पूरे मन से करो। लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक दो। सुनील राजस्थान के नए सीएम भजनलाल शर्मा के रिश्ते की बुआ के बेटे हैं। सुनील का कहना है कि उन्हें किसी भी प्रकार का कोई घमंड नहीं है और मौका मिलने पर हमेशा वह परिवार का हाल-चाल पूछते रहते हैं।

बहन की शादी में किया था हर काम

सुनील ने बताया कि 1990 में बहन गौरा की शादी के समय भजन लाल आगरा आए थे और इस दौरान वे एक से डेढ़ माह तक आगरा में ही रुके थे। विवाह के लिए हलवाई बुक करने से लेकर कार्ड बांटने तक उन्होंने परिवार की पूरी मदद की थी। विवाह से जुड़े कई कामों की जिम्मेदारी उन्होंने अपने कंधे पर ले ली थी।

वे कोई भी बात कहने में कभी भी झिझकते नहीं थे। उन्हें साइकिल की सवारी काफी पसंद थी और वे सादगी भरा जीवन जीने में यकीन करते हैं। इस दौरान वे खेरिया मोड़ से लेकर ईदगाह बस स्टैंड और कई अन्य इलाकों में प्राय: घूमने जाते थे। 2016 में परिवार में पूजा की शादी तय होने पर भी भजन लाल शर्मा आए थे।

2017 में किया था चुनाव प्रचार

सुनील के मुताबिक 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान भी भजन लाल शर्मा आए थे। उन्होंने प्रमुख रूप से फतेहपुर सीकरी और आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवारों का प्रचार किया था। उनके जीवन में किसी भी प्रकार का कोई घमंड नहीं दिखता है।

खाने में सत्तू सबसे अधिक पसंद

सुनील ने बताया कि भजन लाल शर्मा को खाने में सत्तू सबसे अधिक पसंद है। 1990 में आगरा में लंबे समय तक रुकने के दौरान वे प्राय: सत्तू की मांग किया करते थे। परिवार के लोग उन्हें सत्तू घोल कर दिया करते थे जिसे वे काफी चाव से पीते थे।

मंगलवार को जैसे ही भजन लाल शर्मा को राजस्थान का नया मुख्यमंत्री चुने जाने की खबर प्रसारित हुई तो मलपुरा में जमकर जश्न मनाया गया। रिश्तेदारों ने मिठाई खिलाकर लोगों का मुंह मीठा कराया।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story