Ram Mandir: पूरे प्रदेश में प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव, बाबा विश्वनाथ के धाम में सजा राम दरबार, बांके बिहारी आज बांसुरी छोड़ धनुष-बाण धारण करेंगे, मंदिरों में सुंदरकांड पाठ

Ram Mandir : प्रदेश के लगभग सभी मंदिरों में भव्य सजावट की गई है और जगह-जगह अखंड रामायण और सुंदरकांड का पाठ किया जा रहा है। लोगों के घरों में दिवाली जैसी भव्य सजावट की गई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 22 Jan 2024 4:29 AM GMT (Updated on: 22 Jan 2024 5:12 AM GMT)
Ram Mandir Pran Pratishtha Celebration
X

Ram Mandir Pran Pratishtha Celebration (Photo: social media )

Ram Mandir: कई शताब्दियों की प्रतिष्ठा के बाद आज करोड़ों लोगों की अभिलाषा आज पूरी होने जा रही है। देश-दुनिया में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव मनाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भी उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल दिख रहा है। प्रदेश के लगभग सभी मंदिरों में भव्य सजावट की गई है और जगह-जगह अखंड रामायण और सुंदरकांड का पाठ किया जा रहा है। लोगों के घरों में दिवाली जैसी भव्य सजावट की गई है।

बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में भी भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की जबर्दस्त धूम दिख रही है। काशी विश्वनाथ धाम में आज भव्य राम दरबार सजाया गया है। मथुरा-वृंदावन के मंदिरों में भी भव्य सजावट की गई है। बांके बिहारी सरकार आज भगवान राम की तरह दर्शन देंगे। वे बांसुरी छोड़कर धनुष-बाण धारण करेंगे।

विश्वनाथ धाम में सजा राम दरबार

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की महाबेला में प्रदेश के सारे मंदिरों में भव्य सजावट का नजारा दिख रहा है। पूरे प्रदेश में राम नाम की धूम दिख रही है। काशी विश्वनाथ धाम में सुबह से ही 51 ब्राह्मणों ने वेद पाठ शुरू कर दिया है। काशी विश्वनाथ धाम में भव्य राम दरबार सजाया गया है। भगवान राम के साथ ही माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान भी दरबार में विराजमान हैं।

विश्वनाथ धाम में वेद पाठ समाप्त होने के बाद सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। प्राण प्रतिष्ठा के समय डमरू और शंख वादन के बाद प्रसाद वितरण का कार्यक्रम है। इसके साथ ही अयोध्या में भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का एलईडी टीवी के जरिए लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। विश्वनाथ धाम की मुंडेरों पर रामपताका की भव्य सजावट की गई है। रात के समय 21 लाख दीप जलाकर भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का जश्न मनाया जाएगा।

बांके बिहारी सरकार आज धनुष-बाण धारण करेंगे

मथुरा और वृंदावन के मंदिरों में भी भव्य सजावट की गई है। बांके बिहारी मंदिर में भी भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का असर दिखाई देगा। बांके बिहारी सरकार आज बांसुरी छोड़कर धनुष-बाण धारण करेंगे और वे प्रभु राम की तरह भक्तों को दर्शन देंगे।

मथुरा-वृंदावन के सैकड़ो मंदिरों में भव्य सजावट के साथ अखंड रामायण और सुंदरकांड का पाठ किया जा रहा है। यमुना के घाटों पर सजावट के साथ ही विभिन्न मंदिरों में भंडारे की व्यवस्था भी की गई है।

कुंभनगरी में प्राण प्रतिष्ठा का जश्न

कुंभनगरी प्रयागराज में भी भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर जगह-जगह भव्य सजावट का नजारा दिख रहा है। प्रयागराज के विभिन्न चौराहों और मंदिरों में भव्य सजावट की गई है। शहर की ऐतिहासिक इमारतों, मंदिरों और घरों को बिजली की झालरों से भव्य तरीके से सजाया गया है। विभिन्न मठों,मंदिरों के साथ ही लोगों ने घरों में भी सुंदरकांड के पाठ का आयोजन किया है। भगवान राम के आगमन का जश्न मनाने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में शोभायात्राओं का भी आयोजन किया गया है।

औघड़नाथ मंदिर में विशेष पूजा

मेरठ के प्रसिद्ध औघड़नाथ मंदिर में भी आज खास पूजा की जा रही है। राम मंदिर के उद्घाटन के सिलसिले में मंदिर में भव्य सजावट भी की गई है। गाजियाबाद के सैकड़ो मंदिरों में भी भव्य सजावट का नजारा दिख रहा है। विभिन्न सोसाइटी,घरों, दुकानों, दफ्तरों और चौराहों को रंगबिरंगी झालरों से सजाया गया है।

गाजियाबाद के सौ से अधिक मंदिरों में आज विभिन्न प्रकार के धार्मिक का आयोजन किया जा रहे हैं। शहर में जगह-जगह विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई गई है जिसके जरिए प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा।

कानपुर में दीपोत्सव का आयोजन

कानपुर के विभिन्न मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई है। शाम को अफीम कोठी में मुस्लिम समुदाय की ओर से दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। शहर के प्रसिद्ध जेके मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया है। बिरहाना रोड पर 40 फीट की एलईडी स्क्रीन लगाई गई है जिस पर प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story