Republic Day 2023: परेड में शामिल हुए 'अग्निवीर', स्वदेशी तोपों ने दी सलामी, शक्ति और संस्कृति के संगम ने लोगों को किया विस्मित

Republic Day 2023: 74वां गणतंत्र दिवस कई मायने में खास रहा। 'कर्तव्य पथ' पर निकली परेड में कई ऐसी घटनाएं हुई जो पहली बार देखने को मिली। आप भी जानें क्या रहा खास।

aman
Written By aman
Published on: 26 Jan 2023 11:48 AM GMT
Republic Day 2023:
X

गणतंत्र दिवस परेड 2023 (Social Media)

Republic Day 2023: देश आज अपना 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस मौके राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के 'कर्तव्य पथ' पर परेड निकली। सैन्य प्रदर्शन भी देखने को मिला। नारी शक्ति से लेकर सैन्य शक्ति का प्रदर्शन भी हुआ। इस साल पहली बार 'अग्निपथ योजना' के तहत अग्निवीरों (Agniveers) ने गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लिया। इस वर्ष कई ऐसी चीजें हुई जो पहली बार गणतंत्र दिवस के मौके पर देखने को मिली।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तिरंगा फहराया। इस साल मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्य पथ पर एक तरफ सैनिकों की हुंकार थी, तो दूसरी तरफ राफेल की गर्जना। भारत का शौर्य प्रदर्शन था, तो स्वदेशी तोपों की सलामी। इस परेड में 'आत्मनिर्भरता भारत' का खूबसूरती से प्रदर्शन हुआ। इस दौरान भारतीय वायु सेना के 45 विमानों, भारतीय नौसेना का एक और भारतीय सेना के चार हेलीकॉप्टरों ने आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाए। जिसे देख लोग मंत्रमुग्ध नजर आए। आज देश ही नहीं दुनिया ने भी राफेल विमानों की ताकत देखी।


गणतंत्र दिवस 2023 में क्या रहा खास, जो हुआ पहली बार:

- राजपथ का नाम बदलकर 'कर्तव्य पथ' होने के बाद इस साल गणतंत्र दिवस की परेड पहली बार इस रास्ते गुजरी।

- गणतंत्र दिवस 2023 में पहली बार देश में निर्मित तोपों से सलामी दी गई।

- 'आत्मनिर्भर भारत' को ध्यान में रखते हुए इस बार 105 मिमी लाइट फील्ड (105mm Light Field) भारत निर्मित 21 तोपों की सलामी दी गई।- पहली बार मिस्र के किसी राष्ट्राध्यक्ष को मुख्य अतिथि के तौर पर गणतंत्र दिवस पर आमंत्रित किया गया। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सिसी इस बार मुख्य अतिथि थे।

- मिस्र की सेना ने गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

- अग्निपथ योजना के तहत पहली बार अग्निवीर गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बने।

- राष्ट्रपति पद का पदभार ग्रहण करने के बाद द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) का ये बतौर प्रेसिडेंट पहला गणतंत्र दिवस था।

- इस साल पहली बार सीमा सुरक्षा बलों (Border Security Force) की ऊंट टुकड़ी में महिला सवारों ने हिस्सा लिया। जिसमें सोनल, निशा, भगवती, अंबिका, कुसुम, प्रियंका, कौशल्या, काजल, भावना और हिना सहित 12 महिला सवार शामिल थीं।

- नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार नशे के खिलाफ झांकी निकाली। झांकी का नाम दिया 'नशा मुक्त भारत'।

- गणतंत्र दिवस के मौके पर 35 महिला कांस्टेबलों के दिल्ली पुलिस महिला पाइप बैंड ने परेड में भाग लिया।

डेयरडेविल्स ने भरा रोमांच

गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्य पथ पर डेयरडेविल्स ने अपने प्रदर्शन से रोमांच पैदा किया। बाइक पर डेयरडेविल्स ने गजब के करामात दिखाए। इस दौरान बाइक पर योग की मुद्राएं करते हुए भी दिखाई दिए।


परेड में शामिल हुए 'अग्निवीर'

गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार अग्निवीर शामिल हुए। लेफ्टिनेंट कमांडर दिशा अमृत (Lieutenant Commander Disha Amrit) के नेतृत्व में 144 युवा नाविकों की नौसेना टुकड़ी ने कर्तव्य पथ पर मार्च किया। इस दौरान टुकड़ी में 3 महिलाएं तथा 6 पुरुष अग्निवीर शामिल रहे।


कर्तव्य पथ पर शामिल हुआ ऊंटों का दस्ता

गणतंत्र दिवस परेड में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के शाही ऊंटों ने दर्शकों का मन मोहा। आपको बता दें दुनिया में यह एकमात्र ऊंटों का दस्ता भारत के पास ही है।

एयरफोर्स और नेवी ने दिखाई ताकत

गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर भारतीय नौसेना (Indian Navy) और भारतीय वायु सेना (Indian Air Force) की भी झांकी शामिल हुई।


ले. चेतना शर्मा ने दिखाई 'आकाश' मिसाइल की ताकत

कैप्टन सुनील दशरथ (Captain Sunil Dashrath) के नेतृत्व में 27 एयर डिफेंस मिसाइल रेजिमेंट की आकाश मिसाइल सिस्टम (Missile System) भी परेड में शामिल हुआ। 512 लाइट एडी मिसाइल रेजिमेंट (एसपी) की लेफ्टिनेंट चेतना शर्मा (Lt. Chetna Sharma) भी मौजूद रहीं।

'ब्रह्मोस मिसाइल' ने दिखाई ताकत

गणतंत्र दिवस परेड में 861 मिसाइल रेजीमेंट की ब्रह्मोस भी शामिल रही। लेफ्टिनेंट प्रज्वल कला (Lt. Prajwal Kala) के नेतृत्व में दुनिया ने भारत के इस मिसाइल सिस्टम की ताकत देखी।

गरजा 'वज्र गन' सिस्टम

कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड में K9-वज्र-टी (स्वचालित) गन सिस्टम ने भी अपनी ताकत दिखाई।

'नाग मिसाइल' की ताकत

गणतंत्र दिवस परेड में 17 मैकेनाइज्ड इन्फेंट्री रेजिमेंट के नाग मिसाइल सिस्टम (Nag Missile) का प्रदर्शन किया गया। 17 मैकेनाइज्ड इन्फेंट्री रेजिमेंट का नेतृत्व करने वाले लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ त्यागी ने राष्ट्रपति मुर्मू को सलामी दी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story