Haryana Election 2024: हरियाणा में चुनाव नहीं लड़ेगी सपा! अखिलेश यादव के पोस्ट में छिपा संदेश

Haryana Election 2024: अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि हम हरियाणा के हित के लिए बड़े दिल से, हर त्याग-परित्याग के लिए तैयार हैं।

Sidheshwar Nath Pandey
Published on: 6 Sep 2024 8:15 AM GMT (Updated on: 6 Sep 2024 8:19 AM GMT)
Haryana Election 2024
X

Haryana Election 2024 (Pic: Social Media)

Haryana Election 2024: हरियाणा चुनाव के पहले समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान कर दिया है। पार्टी ने हरियाणा चुनाव से अपने कदम पीछे खींच लिए हैं। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर इस बारे में जानकारी दी। हालांकि सपा इंडिया गठबंधन से अलग नहीं हुई है। पार्टी अभी गठबंधन का हिस्सा है मगर हरियाणा के चुनाव नहीं लड़ेगी। अखिलेश यादव ने लिखा कि हम हरियाणा के हित के लिए बड़े दिल से, हर त्याग-परित्याग के लिए तैयार हैं।

‘बात सीट की नहीं जीत की है’

अपने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लिखा कि, हरियाणा चुनाव में ‘INDIA ALLIANCE’ की एकजुटता नया इतिहास लिखने में सक्षम है। हमने कई बार कहा है और एक बार फिर दोहरा रहे हैं व आगे भी दोहरायेंगे कि ‘बात सीट की नहीं जीत की है’। हरियाणा के विकास व सौहार्द की विरोधी ‘भाजपा की नकारात्मक, साम्प्रदायिक, विभाजनकारी राजनीति’ को हराने में ‘इंडिया एलायंस’ की जो भी पार्टी सक्षम होगी, हम उसके साथ अपने संगठन और समर्थकों की शक्ति को जोड़ देंगे। बात दो-चार सीटों पर प्रत्याशी उतारने की नहीं है, बात तो जनता के दुख-दर्द को समझते हुए उनको भाजपा की जोड़-तोड़ की भ्रष्टाचारी सियासत से मुक्ति दिलाने की है। साथ ही हरियाणा के सच्चे विकास और जनता के कल्याण की है।

'हरियाणा के हित के लिए बड़े दिल से, हर त्याग-परित्याग के लिए तैयार'

पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा कि, पिछले 10 सालों में भाजपा ने हरियाणा के विकास को बीसों साल पीछे ढकेल दिया है। हम मानते हैं कि हमारे या इंडिया एलायंस के किसी भी दल के लिए, ये समय अपनी राजनीतिक संभावना तलाशने का नहीं है बल्कि त्याग और बलिदान का है। जनहित के परमार्थ मार्ग पर स्वार्थ के लिए कोई जगह नहीं होती। कुटिल और स्वार्थी लोग कभी भी इतिहास में अपना नाम दर्ज नहीं करा सकते हैं। ऐसे लोगों की राजनीति को हराने के लिए ये क्षण, अपने से ऊपर उठने का ऐतिहासिक अवसर है। हम हरियाणा के हित के लिए बड़े दिल से, हर त्याग-परित्याग के लिए तैयार हैं।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story