×

Keshari Nath Tripathi News: पूर्व राज्यपाल और भाजपा के दिग्गज नेता कीर्तिशेष, पीएम समेत सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि

Keshari Nath Tripathi Death: पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल पंडित केशरी नाथ त्रिपाठी का रविवार सुबह निधन हो गया है।

Jugul Kishor
Published on: 8 Jan 2023 2:29 AM GMT (Updated on: 8 Jan 2023 11:25 AM GMT)
Keshari Nath Tripathi Death
X

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यपाल पं. केशरीनाथ त्रिपाठी का निधन (Pic: Social Media)

Keshari Nath Tripathi Death: पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल पंडित केशरी नाथ त्रिपाठी का रविवार 8 जनवरी 2023 की सुबह निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका घर पर ही इलाज चल रहा था। शनिवार को उनकी तबियत अचानक बिगड़ गई थी जिसके बाद उनका ऑक्सीजन का स्तर घटने की वजह से उनके परिजनों ने पीजीआई लखनऊ ले जाने की तैयारी शुरू की थी। लेकिन, सुबह 5 बजे पूर्व राज्यपाल केएन त्रिपाठी का प्रयागराज में निधन हो गया। आज शाम 4 बजे प्रयागराज के रसूलाबाद घाट पर पंडित केशरी नाथ का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

दो दिन पूर्व ही अस्पताल से हुए थे डिस्चार्ज

दो दिन पूर्व ही पूर्व राज्यपाल केएन त्रिपाठी को अस्पताल से घर लाया गया था। वहां चिकित्सक उन पर नजर रखे हुए थे। उन्हें ऑक्सीजन के साथ ही पेय पदार्थ भी नली की मदद से दिया जा रहा था। शनिवार को दिक्कत बढ़ती देख चिकित्सकों को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद चिकित्सक उनकेे घर पहुंचे। परिजन केएन त्रिपाठी को आज रविवार को पीजीआई लखनऊ लाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उनका निधन हो गया। बता दें कि पंडित केशऱीनाथ त्रिपाठी बीते साल 8 दिसंबर को बाथरूम में फिसल गए थे। इस वजह से उनके बांए कंधे में फैक्चर हो गया था, इसके बाद उन्होने खाना पीना छोड़ दिया था। जिसके बाद लगातार केएन त्रिपाठी की हालत बिगड़ती गई।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व राज्यपाल पंडित केशरी नाथ त्रिपाठी के निधन शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ राजनेता, भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, प. बंगाल के पूर्व राज्यपाल आदरणीय केशरी नाथ त्रिपाठी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।

कौन हैं पंडित केशरी नाथ त्रिपाठी

पंडित केशरी नाथ त्रिपाठी का 10 नवंबर 1934 को उनका जन्म हुआ था। केएन त्रिपाठी अपने पिता की सात संतानों में चार बेटियों और तीन बेटों में सबसे छोटे थे। केशरीनाथ त्रिपाठी ने सेंट्रल हिंदू स्कूल से अपनी शुरुआती शिक्षा पूरी की थी। उन्होंने कक्षा दो से 8वीं तक की पढ़ाई सरयूपारीण स्कूल से पूरी की थी। उन्होंने 1949 में अग्रवाल इंटर कालेज से हाईस्कूल और 1951 में इंटरमीडिएट की पढ़ाई की थी। इसके बाद उन्होंने 1953 में इलाहाबाद विश्व विद्यालय से बीए की पढ़ाई की फिर यहीं से एलएलबी किया। एक वर्ष की वकालत करके 1956 में इलाहाबाद हाई कोर्ट के अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए थे।

केशरी नाथ त्रिपाठी इलाहाबाद हाई कोर्ट के सीनियर एडवोकेट और संविधान विशेषज्ञ थे। केशरी नाथ त्रिपाठी ने 2004 में जौनपुर सीट से लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था। पश्चिम बंगाल के गवर्नर रहते हुए उनके पास बिहार और त्रिपुरा का अतिरिक्त प्रभार भी था। इसके अलावा तीन बार विधानसभा अध्य्क्ष भी रहे हैं।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story