×

Serial Killer in India : निठारी कांड से बिकनी किलर तक भारत में सीरियल किलिंग की खौफनाक वारदातें

Serial Killer in India: मध्य प्रदेश के सागर का रहने वाला शिव गोंड उर्फ हल्कू की उम्र महज 19 साल है। लेकिन अब तक वो चार लोगों को मौत के घाट उतार चुका है। ये चारों चौकीदार थे। इनमें से तीन सागर के और एक भोपाल के थे।

Krishna Chaudhary
Published on: 3 Sep 2022 8:04 AM GMT
Serial Killer News
X

नोएडा का निठारी कांड  का दोषी (न्यूज नेटवर्क)

Serial Killer In India : मध्य प्रदेश के सागर का रहने वाला शिव गोंड उर्फ हल्कू की उम्र महज 19 साल है। लेकिन अब तक वो चार लोगों को मौत के घाट उतार चुका है। ये चारों चौकीदार थे। इनमें से तीन सागर के और एक भोपाल के थे। शिव ने ये सारी हत्याएं तब की, जब चौकीदार सोए रहते थे। इन हत्याओं ने प्रदेश में हड़कंप मचा दिया था। पिछले दिनों भोपाल में पुलिस के हत्थे चढ़ा शिव देश के सिरियल किलरों की फेहरिस्त में एक नए नाम के तौर पर शामिल हो गया।

पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वो इन हत्याओं को इसलिए अंजाम दे रहा था, ताकि वो प्रसिद्ध हो सके। देश में इस तरह के कई सनकी सिलियर किलर हुए हैं, जिन्होंने इससे पहले भी दहशत फैलाई है। इतिहास में झांके तो ऐसे कई सायको किलर हुए हैं, जिन्होंने खूब दहशत फैलाई है। नोएडा के निठारी कांड से लेकर बिकनी किलर के नाम से कुख्यात हुए चार्ल्स शोभराज तक देश में सीरियल किलिंग की कई खौफनाक वारदातें हो चुकी हैं। ऐसे ही कुछ साइको किलिंग की घटनाओं के बारे में हम आपको आज बताने जा रहे हैं।

नोएडा का निठारी कांड

नोएडा के निठारी गांव में साल 2006 में मोनिंदर सिंह पंढ़ेर की कोठी के पीछे के नाले में 19 बच्चों और महिलाओं के कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस जांच में पता चला कि मोनिंदर सिंह पंढ़ेर अपने नौकर सुरेंद्र कोली के साथ बच्चों और महिलाओं को बहला-फुसलाकर अपने कोठी में लाता था। फिर दोनों उनके साथ गलत काम करते थे और फिर उनकी हत्या कर देते थे। मारने के बाद लाश को टुकड़े-टुकड़े कर नाले में बहा देते थे। जांच में ये भी पता चला कि दोनों इंसानी मांस का सेवन भी करते थे। सुरेंद्र कोली को पहले फांसी की सजा सुनाई गई थी, जिसे बाद में उम्रकैद की सजा में बदल दिया गया था। सुरेंद्र कोली और मोनिंदर सिंह पंढ़ेर दोनों कई सालों से डासना जेल में बंद हैं।

लुधियाना का सिलियर किलर

पंजाब के लुधियाना शहर में साल 2016 में पुलिस ने एक सीरियल किलर बलविंदर सिंह नाम के एक सिरियल किलर को अरेस्ट किया था। पूछताछ में उसने 8 लोगों की हत्या की बात कबूली थी। उसने बताया कि वो सभी हत्याएं लूटपाट की नियत से करता था। बलविंदर सिंह ने लुधियाना में तीन, अमृतसर में एक, आगरा में दो और मथुरा में दो मर्डर किए थे।

मथुरा का रेपिस्ट और किलर

मथुरा के एक शख्स ने चार नाबालिग लड़कियों के साथ पहले रेप किया, फिर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस कांड का खुलासा जुलाई 2015 में तब हुआ था, जब सिलियर किलर लालुआ वाल्मिकी को भीड़ ने एक 12 साल की बच्ची के साथ रेप और हत्या के आरोप में पीट-पीटकर मार डाला था। इस दौरान उसका दोस्त सोनू भी साथ था, जिसे भीड़ पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। आगरा के एसएन अस्तपताल में इलाज के दौरान उसने पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किए थे। उसने बताया कि दोस्त लालुआ वाल्मिकी की पत्नी की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। उसने एक तांत्रिक के इशारे पर इन घटनाओं को अंजाम दिया था। उसके टारगेट पर सात नाबालिग लड़कियां थी।

दिल्ली का वहशी रविंद्र

15 जुलाई 2015 को दिल्ली पुलिस ने एक सिरियल किलर रविंद्र को गिरफ्तार किया था। इसके खुलासे ने तब निठारी कांड को लेकर कुख्यात सुरेंद्र कोली को भी हैवानियत के मामले में पीछे छोड़ दिया था। साल 2008 में पहले अपराध को अंजाम देने वाले सुरेंद्र ने सात सालों में 28 बच्चों का कत्ल कर दिया था। उसके निशाने पर 3-4 साल से लेकर 12-13 साल तक के बच्चे होते थे। वो लाशों के साथ भी दरिंदगी करता था।

दिन में दर्जी रात में हत्यारा

साल 2018 में एमपी पुलिस ने राजधानी भोपाल से देश के सबसे बड़े सिरियल किलर को गिरफ्तार किया था। जिसने एक या दो नहीं बल्कि 33 हत्याओं को अंजाम दिया था। शख्स का नाम आदेश खामरा है जो कि पेशे से दर्जी था। आदेश दिन में लोगों के कपड़े सिलता था औऱ रात में लोगों के लिए कफन तैयार करता था। उसके निशाने पर केवल ट्रक ड्राइवर और क्लिनर होते थे। उसने एमपी, यूपी, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, बिहार और ओडिशा में वारदातों को अंजाम दिया था। इसके लिए उसने एक गैंग खड़ी की थी। हाईवे के किनारे होने वाली इन हत्याओं के बारे में सबूत जुटाना मुश्किल होता था क्योंकि वहां कोई सीसीटीवी कैमरे नहीं होते थे।

साल 2010 में पहली हत्या को अंजाम देने वाला आदेश 2018 में भोपाल के नज़दीक बिलखिरिया इलाके में एक ट्रक ड्राइवर की लाश मिलने के बाद पुलिस के निशाने पर आता है। पुलिस घटनास्थल से एक संदिग्ध को गिरफ्तार करती है, जो पूछताछ में आदेश समेत पूरे गैंग के बारे में खुलासा करता है। इसके बाद पुलिस आरोपी सिरियल किलर आदेश खामरा को गिरफ्तार कर लेती है। पूछताछ में वह 33 लोगों की हत्या की बात कबूल करता है। उसने पुलिस को बताया कि वो केवल ट्रक ड्राइवरों और क्लिनरों की इसलिए हत्या करता था, क्योंकि उनका जीवन बहुत तकलीफदेह होता था। उन्हें कष्ट से निजात दिलाने और मोक्ष दिलाने के लिए उनका कत्ल कर देता था।

बिकनी किलर चार्ल्स शोभराज

बिकनी किलर के नाम से कुख्यात चार्ल्स शोभराज का पूरा नाम हतचंद भाओनानी गुरुमुख चार्ल्स शोभराज है। जरायम की दुनिया का ये इकलौता किरदार है जिसकी जिंदगी तिलिस्म,रोमांच और ग्लैमेर से सरोबार रही। हिंदुस्तानी पिता और वियतनामी मां के बेटे चार्ल्स ने अपने चंगुल में फंसीं अधिकतर महिलाओं को मौत के नींद सुला दिया। कहते हैं कि वह जिस भी महिला को फंसाने की ठान लेता था, उसे अपना दिवाना बना लेता था। उसके निशाने पर अधिकतर विदेशी महिलाएं रहती थी।

कहा जाता है कि उसने 70 से 80 के दशक में 12 से 24 हत्याएं लेकिन असल में उसने कितने लोगों को मारा ये राज आज भी शोभराज के दिल में दफ्न है। शोभराज की तलाश दुनिया के नौ देशों की पुलिस को थी। उसने चार देशों की जेल में समय में बिताए थे। 72 वर्षीय चार्ल्स फिलहाल नेपाल के काठमांडू जेल में बंद है। बॉलीवुड ने उसकी जिंदगी पर फिल्म 'मैं और चार्ल्स' भी बनी है, जिसमें चार्ल्स का किरदार अभिनेता रणदीप हुड्डा ने निभाया था। हुड्डा इस रोल की तैयारी के लिए नेपाल जाकर जेल में चार्ल्स शोभराज से भी मिले थे। बताया जाता है कि चार्ल्स को जब पता चला कि उसके जीवन पर फिल्म बन रही है तो वह काफी खुश हुआ था।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story