×

Madhya Pradesh News: शिवराज सिंह चौहान को जल्द मिलेगी नई जिम्मेदारी, नड्डा से मुलाकात में भावी भूमिका पर होगी चर्चा, पार्टी नेतृत्व ने पहले ही दिया था संकेत

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत में बड़ी भूमिका निभाने वाले शिवराज सिंह चौहान को नई जिम्मेदारी सौंपे जाने के संकेत हैं। हाल में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी से मुक्त हुए शिवराज सिंह चौहान कल राजधानी दिल्ली पहुंचने वाले हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 18 Dec 2023 12:40 PM GMT
Shivraj Singh Chauhan will soon get new responsibility, future role will be discussed in the meeting with Nadda, party leadership had already given the indication
X

शिवराज सिंह चौहान को जल्द मिलेगी नई जिम्मेदारी, नड्डा से मुलाकात में भावी भूमिका पर होगी चर्चा, पार्टी नेतृत्व ने पहले ही दिया था संकेत: Photo- Social Media

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत में बड़ी भूमिका निभाने वाले शिवराज सिंह चौहान को नई जिम्मेदारी सौंपे जाने के संकेत हैं। हाल में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी से मुक्त हुए शिवराज सिंह चौहान कल राजधानी दिल्ली पहुंचने वाले हैं। यहां उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ मुलाकात प्रस्तावित है।

विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद शिवराज सिंह चौहान का यह पहला दिल्ली दौरा होगा। नड्डा ने पहले ही शिवराज को पार्टी या सरकार में कोई जिम्मेदारी सौंपे जाने का संकेत दिया था। ऐसे में शिवराज की दिल्ली यात्रा को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कल होगी नड्डा से शिवराज की मुलाकात

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शिवराज और नड्डा की मुलाकात में किन मुद्दों पर चर्चा होगी। पार्टी की ओर से इस बाबत कुछ भी स्पष्ट नहीं किया गया है मगर माना जा रहा है कि दोनों नेताओं की इस मुलाकात में शिवराज की भावी भूमिका पर चर्चा की जाएगी। भाजपा सूत्रों का कहना है कि दोनों नेताओं के बीच कल दोपहर भाजपा मुख्यालय में मुलाकात होगी।

शिवराज के अलावा नड्डा पार्टी के कुछ अन्य नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से भी नड्डा की मुलाकात होने की चर्चाएं हैं। मध्य प्रदेश की तरह राजस्थान में भी भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है मगर यहां भी शिवराज की तरह वसुंधरा को मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया है।

मोदी कैबिनेट या संगठन में मिलेगी जिम्मेदारी

शिवराज सिंह चौहान लंबे समय तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी सरकार या संगठन में उनके अनुभवों का लाभ उठाना चाहती है। जानकारों का कहना है कि शिवराज को मोदी कैबिनेट में अहम मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। उन्हें नरेंद्र सिंह तोमर की जगह कृषि मंत्रालय सौंपा जा सकता है। तोमर को हाल में मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया गया था। मंत्री न बनाने की स्थिति में शिवराज को पार्टी संगठन में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

दरअसल भाजपा नेतृत्व 2024 की सियासी जंग के मद्देनजर जल्द से जल्द शिवराज सिंह चौहान का पुनर्वास करना चाहता है। मध्य प्रदेश की जीत में शिवराज सिंह चौहान की बड़ी भूमिका मानी जाती है। उनकी लाडली बहन योजना के कारण भाजपा को महिलाओं का बंपर समर्थन मिला था।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान: Photo- Social Media

शिवराज सिंह जिम्मेदारी निभाने को तैयार

मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद से वंचित किए जाने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि वे पार्टी के कार्यकर्ता हैं और उन्हें पार्टी नेतृत्व की ओर से जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, वे उस जिम्मेदारी को निभाने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने यह भी कहा था कि वे अपनी पार्टी से अपने लिए कुछ मांगने के बजाय ‘मर जाना’ पसंद करेंगे। मध्य प्रदेश में शिवराज को मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के कारण काफी लोग नाराज भी हैं और माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व भी इस कारण दबाव महसूस कर रहा है।

पार्टी अध्यक्ष ने पहले ही दिया था संकेत

मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने कुल 230 सीटों में से 163 जीतकर शानदार विजय हासिल की थी। इसके बाद भाजपा ने मंदिरों के शहर उज्जैन से तीन बार विधायक रहे मोहन यादव को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुना था। पार्टी नेतृत्व के इस फैसले पर सियासी हल्कों में काफी हैरानी भी जताई गई थी।

मध्य प्रदेश में लोगों की नाराजगी के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पिछले दिनों बड़ा बयान दिया था। नड्डा ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान जैसे जनाधार वाले नेता को घर में नहीं बैठाया जा सकता है। उन्हें जल्द ही नई जिम्मेदारी दी जाएगी।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story