×

सिंगर विशाल डडलानी ने छोड़ी राजनीति, केजरीवाल ने झाड़ लिया था पल्ला

By
Published on: 28 Aug 2016 12:57 AM GMT
सिंगर विशाल डडलानी ने छोड़ी राजनीति, केजरीवाल ने झाड़ लिया था पल्ला
X

मुंबईः सिंगर और म्यूजिक डायरेक्टर विशाल डडलानी ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का साथ छोड़ दिया है। डडलानी ने इसके साथ ही राजनीति से भी तौबा करने का ऐलान किया है। जैन मुनि तरुण सागर के खिलाफ टिप्पणी कर वह जैन समुदाय का निशाना बने थे। इस मामले में केजरीवाल ने भी उनका साथ नहीं दिया था। जिसके बाद विशाल ने राजनीति से तौबा कर लिया।

डडलानी जैन मुनि के इसी प्रवचन पर विशाल ने सवाल उठाया था



क्या है मामला?

जैन मुनि तरुण सागर ने हरियाणा विधानसभा में विधायकों को संबोधित किया था। उन्होंने नेताओं को सादगी और शुचिता रखने का उपदेश दिया था। इस पर विशाल ने कहा था कि धर्म और राजनीति को अलग रखना चाहिए। ऐसा कहते ही जैन समुदाय ने विशाल डडलानी को निशाने पर ले लिया था। इसके बाद विशाल ने ट्वीट कर माफी भी मांगी थी।



अरविंद ने झाड़ लिया था पल्ला

इस मामले में शायद विशाल को अरविंद केजरीवाल के पल्ला झाड़ने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन केजरीवाल ने ट्वीट कर जैन मुनि के लिए श्रद्धा जताई और लिखा था कि उनका परिवार जैन मुनि को मानता है और उनके प्रवचन सुनता है। बता दें कि गुजरात में जैन समुदाय के लोगों की तादाद काफी है और अरविंद ने शायद इसी वजह से विशाल से पल्ला झाड़ लिया।



अरविंद के पल्ला झाड़ने के बाद छोड़ी 'आप'

विशाल डडलानी ने अरविंद केजरीवाल का ट्वीट आते ही एक और ट्वीट किया और आम आदमी पार्टी के साथ ही हर तरह से सक्रिय राजनीति से तौबा करने का ऐलान कर दिया। उन्होंने अपने इस ट्वीट से अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन को भी टैग किया। बता दें कि दिल्ली विधानसभा के पिछले चुनाव से पहले डडलानी ने 'पांच साल केजरीवाल' शीर्षक से गीत भी लिखा और गाया था।



Next Story