×

Sitrang Cyclone: चक्रवाती तूफान सितरंग पड़ा कमजोर, देश के कई राज्यों में जारी रहेगा बारिश का दौर

Sitrang Cyclone: चक्रवाती तूफान सितरंग की रफ्तार जरूर कमजोर पड़ गई है मगर चक्रवाती हवाओं के रूप में अभी भी इसका असर असम और आसपास के क्षेत्रों में दिख रहा है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 27 Oct 2022 4:10 AM GMT
Sitrang Cyclone
X

Sitrang Cyclone (photo: social media )

Sitrang Cyclone: बांग्लादेश के साथ देश के कई इलाकों में कहर बरपाने के बाद चक्रवाती तूफान सितरंग कमजोर पड़ गया है। इस तूफान ने विशेष रूप से बांग्लादेश में कहर बरपाया है। सितरंग का असर देश के कई राज्यों के मौसम पर भी दिखा है। पिछले 24 घंटे के दौरान विशेष रूप से पूर्वोत्तर के कई राज्यों में व्यापक तौर पर बारिश हुई है। अगले 40 घंटे के दौरान भी अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में बारिश की संभावना जताई गई है।

चक्रवाती तूफान सितरंग की रफ्तार जरूर कमजोर पड़ गई है मगर चक्रवाती हवाओं के रूप में अभी भी इसका असर असम और आसपास के क्षेत्रों में दिख रहा है। पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में भी चक्रवाती हवाओं का असर दिख रहा है। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश क्षेत्रों में उत्तर पश्चिमी हवाओं के जारी रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक केरल, तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में आज छिटपुट तौर पर बारिश हो सकती है।

इन इलाकों में बारिश होने की संभावना

मौसम के जानकारों के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में उत्तर-पश्चिमी हवाओं के जारी रहने की संभावना है। मौसम के जानकारों के मुताबिक देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

आगे भी जारी रहेगा बारिश का दौर

आईएमडी के मुताबिक 29 और 30 अक्टूबर को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। केरल, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और रायलसीमा में 30 अक्टूबर को बारिश होने की चेतावनी दी गई है। असम, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज और कल हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। चक्रवाती तूफान सितरंग की वजह से असम में किसी के हताहत होने की खबर तो नहीं है मगर फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई इलाकों में पेड़ गिरने और बिजली के खंभे गिरने की भी खबरें हैं।

वायु गुणवत्ता में सुधार

दीपावली के मौके पर जमकर आतिशबाजी के कारण दिल्ली और देश के कई अन्य बड़े शहरों में हवा काफी प्रदूषित हो गई। वैसे राजधानी दिल्ली में बुधवार की सुबह वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया। मंगलवार की शाम दिल्ली का एक्यूआई 303 था जबकि बुधवार की सुबह 262 दर्ज किया गया। देश के कई अन्य शहरों की वायु गुणवत्ता में भी काफी सुधार दर्ज किया गया है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story