×

Sonia Gandhi Nomination: सोनिया गांधी ने राज्यसभा के लिए भरा नामांकन, कांग्रेस के अन्य उम्मीदवारों की लिस्ट भी जारी

Rajyasabha Election: कांग्रेस ने चार राज्यों के राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। जिनमें राजस्थान से सोनिया गांधी को उम्मीदवार बनाया गया है।

Krishna Chaudhary
Published on: 14 Feb 2024 7:06 AM GMT (Updated on: 14 Feb 2024 8:35 AM GMT)
Sonia Gandhi Nomination (Photo:Social Media)
X

Sonia Gandhi Nomination (Photo:Social Media)

Sonia Gandhi Nomination. कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी अब राज्यसभा के रास्ते संसद पहुंचेंगी। लंबे समय तक लोकसभा में यूपी की रायबरेली सीट का प्रतिनिधित्व करने वाली सोनिया राजस्थान के रास्ते संसद के उच्च सदन पहुचेंगी। उन्होंने विधानसभा में नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान उनके साथ उनकी बेटी प्रियंका गांधी, बेटे राहुल गांधी और पूर्व सीएम अशोक गहलोत भी मौजूद रहे।

कांग्रेस की ओर से आधिकारिक ऐलान होने से पहले ही सोनिया आज सुबह नामांकन दाखिल करने जयपुर पहुंच गई थीं। मां के नामांकन में शामिल होने के लिए राहुल मंगलवार रात को ही छत्तीसगढ़ में जारी भारत जोड़ो न्याय यात्रा को छोड़कर दिल्ली पहुंचे थे। बुधवार सुबह से जयपुर एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता गांधी परिवार के सदस्यों का इंतजार कर रहे थे।

सोनिया गांधी के एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए। एयरपोर्ट से लेकर विधानसभा तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। नामांकन दाखिल करने के बाद सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने हाथ हिलाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।

एनडीए सरकार भी अब सतर्क हो जाएगी – अशोक गहलोत

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि वह (सोनिया गांधी) किसी भी राज्य में जा सकती थीं और राज्यसभा सदस्य बन सकती थीं, लेकिन अगर उन्होंने राजस्थान को चुना है, तो यह खबर दुनिया भर में जाएगी कि सोनिया गांधी ने राजस्थान चुना है। राजस्थान की चर्चा पूरे देश और दुनिया भर में होगी। इतना अनुभवी कोई व्यक्ति यहां अपना नामांकन दाखिल करने आ रहा है। आप कल्पना कर सकते हैं कि हम सब कितने गौरवान्वित हैं। एनडीए सरकार भी अब सतर्क हो जायेगी।

इससे पहले गहलोत ने एक्स पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट डालकर सोनिया गांधी को राजस्थान से कांग्रेस पार्टी का राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने के फैसला का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी का राजस्थान से दिल से जुड़ाव का रिश्ता है। यूपीए सरकार के समय राजस्थान में रिफाइनरी, मेट्रो जैसे बड़े प्रोजेक्ट लाने एवं केन्द्र से सहयोग दिलवाने में उन्होंने NAC चैयरपर्सन के रूप में हमेशा राजस्थान के हितों की रक्षा कर मजबूती से पैरवी की।

मनमोहन सिंह की सीट से राज्यसभा जा रहीं सोनिया

देश में राज्यसभा की 56 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव हो रहे हैं। इनमें 10 सीटें कांग्रेस को मिलनी हैं। इसमें से तीन कर्नाटक, दो तेलंगाना और एमपी, राजस्थान, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और बिहार की एक-एक सीट शामिल है। राजस्थान की इकलौती सीट से मौजूदा राज्यसभा सांसद और देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह रिटायर हो रहे हैं। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण उनका अब राजनीति में सक्रिय रहना मुश्किल है। इसलिए उनकी जगह अब सोनिया गांधी ने ली है और वो अब राज्यसभा में कांग्रेस की आवाज बुलंद करती नजर आएंगी।

कांग्रेस ने उम्मीदवारों की नई सूची जारी की

कांग्रेस ने बुधवार को राज्यसभा उम्मीदवारों की नई सूची जारी की है, जिसमें चार सीटों पर कैंडिडेट्स फाइनल किए गए है। लिस्ट में राजस्थान, बिहार, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश की सीट से राज्यसभा पहुंचने वाले नेताओं के नाम हैं। जिनमें सबसे प्रमुख हैं, पार्टी की पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी, जिन्हें राजस्थान से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, बिहार से पार्टी के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह को एकबार फिर मौका दिया गया है। हिमाचल प्रदेश से पार्टी के तेजतर्रार प्रवक्ता और सीनियर वकील अभिषेक मनु सिंघवी और महाराष्ट्र से चंद्रकांत हंडोरे को प्रत्याशी बनाया गया है।



Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Content Writer

Krishna Chaudhary having four year experience of working in different positions during his Journalism. Having Expertise to create content in Politics, Crime, National and International Affiars.

Next Story