×

C-VOTER का सर्वेः यूपी में SP-BJP में कांटे की टक्कर, BSP पीछे, कांग्रेस ढेर

By
Published on: 3 Sep 2016 6:37 PM GMT
C-VOTER का सर्वेः यूपी में SP-BJP में कांटे की टक्कर, BSP पीछे, कांग्रेस ढेर
X

नई दिल्लीः यूपी विधानसभा के चुनाव करीब आने के साथ ही चुनाव पूर्व सर्वे भी लगातार हो रहे हैं। ताजा सर्वे 'सी-वोटर' ने किया है। इस सर्वे के मुताबिक चुनाव में सत्तारूढ़ सपा और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर होती दिख रही है। मायावती को भले ही उम्मीद हो कि इस बार उनकी पार्टी फिर यूपी में सत्ता हासिल करेगी, लेकिन उन्हें दोनों प्रतिद्वंद्वियों से काफी पीछे रहना पड़ सकता है। वहीं, कांग्रेस बड़ा गोता लगा सकती है।

क्या कहता है सर्वे?

-सी-वोटर के सर्वे के मुताबिक 2012 में 47 सीटें पाने वाली बीजेपी को 134 से 150 तक सीटें मिल सकती हैं।

-2012 में बीएसपी को 80 सीटें मिली थीं। इस बार उसे 95 से 111 तक सीटें मिल सकती हैं।

-सपा ने 2012 में 224 सीटें हासिल की थीं। इस बार वह गोता लगाकर 133 से 149 तक सीटें ला सकती है।

-कांग्रेस को 2012 में 28 सीटें मिली थीं। इस बार उसका आंकड़ा 5 से 13 सीटों तक ही पहुंच सकता है।

-अन्य दलों को पिछले चुनाव में 27 सीटें मिली थीं। इस बार वे भी 4 से 12 सीटों तक सिमट सकते हैं।

यह भी पढ़ें...ABP न्यूज का सर्वेः UP में त्रिशंकु विधानसभा के आसार, कांग्रेस की दुर्गति

त्रिशंकु विधानसभा के आसार

सीटों को जो आकलन सी-वोटर ने किया है, उसके मुताबिक यूपी विधानसभा में फिलहाल किसी भी दल को बहुमत हासिल होते नहीं दिख रहा है। बता दें कि यूपी विधानसभा में 403 सीटें हैं और साधारण बहुमत के लिए 202 सीटें किसी पार्टी या गठबंधन के पास होनी जरूरी हैं। सी-वोटर के मुताबिक उसने ये सर्वे 1 से 31 अगस्त के बीच किया और सभी 403 विधानसभा सीटों पर 20 हजार 642 लोगों से बात की।

यह भी पढ़ें...मोदी को दोबारा PM देखना चाहते हैं 70% लोग, ऑनलाइन पोल का नतीजा

61 फीसदी लोग अखिलेश से खुश

सर्वे के नतीजों के मुताबिक 61 फीसदी लोग बतौर सीएम अखिलेश यादव के कामकाज से खुश हैं। हालांकि, सपा को इससे ज्यादा फायदा होता नहीं दिख रहा है। उसे और बीजेपी को 27 से 28 फीसदी वोट मिलने की बात सर्वे से सामने आ रही है। खास बात ये भी है कि 59 फीसदी लोग ये कह रहे हैं कि सूबे में सरकार बदलनी चाहिए। 33 फीसदी लोग ही मौजूदा सपा सरकार को दोबारा सत्ता में देखना चाहते हैं।

किसके पक्ष में खड़े हैं ब्राह्मण?

कांग्रेस के लिए सर्वे के नतीजे बड़े झटके की भविष्यवाणी कर रहे हैं। शीला दीक्षित को यूपी में सीएम कैंडिडेट बनाकर ब्राह्मण वोटों पर काबिज होने का कांग्रेस का प्लान ध्वस्त होता दिख रहा है। सर्वे के मुताबिक करीब 14 फीसदी ब्राह्मण सपा को वोट देना चाहते हैं। जबकि, बीएसपी के पाले में 10 और कांग्रेस के पाले में 10 फीसदी ब्राह्मण वोटर जा सकते हैं। बीजेपी के पक्ष में सूबे के 54 फीसदी ब्राह्मण वोटर हैं।

Next Story