×

'देश एक और कार्यकाल का आशीर्वाद देने जा रहा है', भाजपा के स्थापना दिवस पर बोले प्रधानमंत्री

BJP Sthapana Diwas: पीएम ने कहा कि देशभर के मेरे परिवारजन हमें एक और कार्यकाल का आशीर्वाद देने जा रहे हैं, ताकि बीते एक दशक में विकसित भारत के लिए जो नींव तैयार की गई है, उसे नई मजबूती दी जा सके।

Viren Singh
Published on: 6 April 2024 4:15 AM GMT (Updated on: 6 April 2024 5:08 AM GMT)
BJP Sthapana Diwas
X

BJP Sthapana Diwas (सोशल मीडिया) 

BJP Sthapana Diwas: आज 06 अप्रैल है, मौजूदा वक्त की दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी (BJP) का स्थापना दिवस है। भाजपा के स्थापना दिवस पर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सरकार के केंद्रीय मंत्री और पार्टी के तमाम बड़े नेताओं ने बधाइयां और पार्टी निर्माण के संघर्ष को याद किया है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा ने हमेशा राष्ट्र प्रथम के आर्दश वाक्यों को आगे रखा और इस पर काम किया है।

महान विभूतियों को याद करने का दिन

भाजपा के स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया साइट एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक के बाद एक कई सारे पोस्ट किया और पार्टी के संघर्षों को याद किया। पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी के स्थापान दिवस पर देशभर के मेरे कर्मठ और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। यह दिन भाजपा के उन सभी महान विभूतियों को नमन करने का दिन है, जिन्होंने वर्षों की अपनी कड़ी मेहनत, संघर्ष और त्याग से पार्टी को सींचकर इस ऊंचाई तक पहुंचाया है। इसलिए मैं आज पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि भाजपा देश की सबसे पसंदीदा पार्टी है, जो ‘राष्ट्र प्रथम’ के आदर्श वाक्यों को अपनाते हुए, आगे रखते हुए देश में जन-जन की सेवा में जुटी हुई है।

देशभर के मेरे परिवारजन हमें एक और कार्यकाल का आशीर्वाद देने जा रहे

उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता-जनार्दन एक नई लोकसभा चुनने को पूरी तरह से तैयार है। मैं आश्वस्त हूं कि देशभर के मेरे परिवारजन हमें एक और कार्यकाल का आशीर्वाद देने जा रहे हैं, ताकि बीते एक दशक में विकसित भारत के लिए जो नींव तैयार की गई है, उसे नई मजबूती दी जा सके। सरकार और जनता के बीच विकास की सबसे मजबूत कड़ी हैं। भाजपा ने केंद्र हो या राज्य सुशासन को नए सिरे से परिभाषित किया है। हमारी योजनाओं और नीतियों ने देश के गरीब और वंचित भाई-बहनों को एक नई ताकत दी है। जो दशकों तक लोग हाशिए पर थे, उन्हें अपने लिए भाजपा में उम्मीद की बड़ी किरण दिखी। भाजपा उनकी सशक्त आवाज बनकर सामने आई। हमने हमेशा समग्र विकास के लिए काम किया है, जिससे हर देशवासी का जीवन आसान बना है।

भारत को आगे ले जाने में रखता NDA विश्वास

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी पार्टी देश को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, जातिवाद, सांप्रदायिकता और वोट बैंक की राजनीति से मुक्त करने के लिए संकल्पबद्ध है। दशकों तक शासन करने वाली पार्टियों ने इसी राजनीतिक संस्कृति को देश की पहचान बना दी थी। नए भारत में स्वच्छ और पारदर्शी शासन होने से विकास का लाभ आज बिना किसी भेदभाव के अंतिम पायदान पर खड़े गरीबों तक पहुंच रहा है। हमें NDA का अभिन्न अंग होने पर भी गर्व है, क्योंकि यह गठबंधन देश की प्रगति और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को साथ लेकर भारत को आगे ले जाने में विश्वास रखता है।

गठबंधन में दिखाता देश की विविधता का रंग

उन्होंने कहा कि NDA एक ऐसा गठबंधन है, जो देश की विविधता के खूबसूरत रंगों से सजा है। हमारी यह साझेदारी बहुत महत्वपूर्ण है और मुझे पक्का विश्वास है कि आने वाले समय में हमारा यह गठबंधन और भी मजबूत होगा।

नड्डा, शाह, राजनाथ ने भी दी बधाई

भाजपा के स्थापना दिवस पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि बीते 10 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों ने जन-जन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाए हैं। माँ भारती के सर्वविद उत्कर्ष के लिए हमारे प्रत्येक कार्यकर्ता से अपने कर्तव्यों की आहुति प्रदान करने का आह्वान करता हूँ। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर अपने सभी वरिष्ठ नेताओं को सादर नमन करता हूँ, जिन्होंने अपने त्याग, समर्पण और परिश्रम से संगठन को राष्ट्रव्यापी विस्तार प्रदान किया। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समस्त भाजपा कार्यकर्ता 'विकसित भारत निर्माण' का संकल्प लेकर आसन्न आम-चुनाव में अभूतपूर्व विजय के पथ पर अग्रसर हैं। केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह भी इस मौके पर बधाई दी है।

Viren Singh

Viren Singh

पत्रकारिता क्षेत्र में काम करते हुए 4 साल से अधिक समय हो गया है। इस दौरान टीवी व एजेंसी की पत्रकारिता का अनुभव लेते हुए अब डिजिटल मीडिया में काम कर रहा हूँ। वैसे तो सुई से लेकर हवाई जहाज की खबरें लिख सकता हूं। लेकिन राजनीति, खेल और बिजनेस को कवर करना अच्छा लगता है। वर्तमान में Newstrack.com से जुड़ा हूं और यहां पर व्यापार जगत की खबरें कवर करता हूं। मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई मध्य प्रदेश के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्विविद्यालय से की है, यहां से मास्टर किया है।

Next Story