TRENDING TAGS :
Stock Market: गिरावट जारी, सेंसेक्स 400 अंक फिसला, 25100 से नीचे पहुंचा निफ्टी
Stock Market: गुरुवार को सेंसेक्स में 1769.19 अंक तो निफ्टी में भारी गिरावट दर्ज की गई। बाजार में इस गिरावट से सेंसेक्स में इस साल की तीसरी सबसे बड़ी गिरावट देखी गई।
Stock Market Update (Pic:Social Media)
Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी है। शुक्रवार को बाजार खुलते ही सेंसेक्स में 400 अंक की भारी गिरावट देखी गई तो वहीं निफ्टी 25100 से नीचे अपना कारोबार कर रहा है। गुरुवार को भी बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। गुरुवार को सेंसेक्स में 1769.19 अंक तो निफ्टी में भारी गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को बाजार में गिरावट से सेंसेक्स में इस साल की तीसरी सबसे बड़ी गिरावट देखी गई। इससे पहले चार जून 2024 को 4389.73 अंक और 5 अगस्त को 2222.55 अंक की सेंसेक्स में गिरावट देखी गई थी।
शुक्रवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज, बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दिखी। सुबह 9ः32 बजे तक बीएसई सेंसेक्स 410 अंक की गिरावट के साथ 82,086 पर, जबकि निफ्टी 50140 अंक की गिरावट के साथ 25,094 पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के शेयरों में गिरावट के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी और एशियन पेंट्स इंडेक्स सबसे अधिक जिम्मेदार रहे। दूसरी ओर, टीसीएस, एचसीएल टेक, इंडसइंड बैंक, टाटा मोटर्स और टेक महिंद्रा ने शुक्रवार को बढ़त के साथ शुरुआत की।
इस कारण से बाजार में गिरावट
बाजार में गिरावट का कारण इजरायल और ईरान के बीच बढ़ता तनाव और लेबनान पर इजरायल का लगातार हमला बताया जा रहा है। पश्चिम एशिया में आगे और तनाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए वैश्विक स्तर पर निवेशक सावधानी बरतते दिखे। इसी के चलते घरेलू इक्विटी शेयरों में विदेशी निवेशकों की बिकवाली लगातार जारी है।
इस सप्ताह के शुरुआत में ईरान ने इजरायल पर ताबड़तोड़ 200 बैलेस्टिक मिसालें दागीं थीं। इस हमले के बाद दोनों के बीच तनाव नए स्तर पर जाने की आशंका बढ़ गई है औ इसी को देखते हुए वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का खतरा पैदा हो गया है। ऐसा माना जा रहा है कि इसी आशंका को देखते हुए निवेशक नई खरीदारी से बच रहे हैं और जिन्होंने निवेश कर रखा है वे बिकवाली कर रहे हैं।