×

TRENDING TAGS :

Election Result 2024

Survey: UP की महिलाओं में बढ़ रही धूम्रपान की लत, आंकड़े चौंकाने वाले

aman
By aman
Published on: 7 Jan 2018 9:07 AM GMT
Survey: UP की महिलाओं में बढ़ रही धूम्रपान की लत, आंकड़े चौंकाने वाले
X
Survey: UP की महिलाओं में बढ़ रही धूम्रपान की लत, आंकड़े चौंकाने वाले

विद्या शंकर राय

लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में भी चकाचौंध भरा परिवेश युवतियों व महिलाओं के जीवन पर बुरा प्रभाव डाल रहा है। शौकिया धूम्रपान का शुरू हुआ सिलसिला अब लत में तब्दील हो रहा है। 'ग्लोबल एडल्ट टोबैको' सर्वे में 15 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों पर हुए सर्वे में इस बात का खुलासा हुआ है कि यूपी की हर छठी महिला धूम्रपान कर रही है।

लखनऊ के एक होटल में पिछले दिनों ग्लोबल एडल्ट टोबैको सर्वे (गेट्स) 2016-17 की फैक्ट शीट प्रस्तुत की गई थी। इस रिपोर्ट में जो आंकड़े दिए गए थे, वह बेहद ही चौंकाने वाले थे। इस रिपोर्ट ने यह सोचने को मजबूर कर दिया है कि बदलती जीवनशैली में धूम्रपान की लत को महिलाएं कैसे छोड़ें। मुंबई से आईं कंसल्टेंट सुलभा परशुरामन ने इस रिपोर्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

15 वर्ष से अधिक के लोगों को शामिल किया था सर्वे में

सुलभा ने बताया, 'गेट्स-2 सर्वे की रिपोर्ट में 15 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को शामिल किया गया था। केंद्रीय परिवार कल्याण विभाग, डब्लूएचओ व टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ़ सोशल साइंसेज, मुंबई द्वारा मल्टी स्टेज सैंपल डिजाइन तैयार किया गया। इसमें देशभर से कुल 74,037 लोगों को व यूपी से 1,685 पुरुष व 1,779 महिलाओं को शामिल किया गया था।'

महिलाओं में बढ़ा तंबाकू उत्पादों का प्रयोग

परशुरामन की मानें, तो इस रिपोर्ट में यह पाया गया कि वर्ष 2009-10 में हुए सर्वे से धूम्रपान करने वालों की संख्या उत्तर प्रदेश में बढ़ी है। इसमें तंबाकू जनित उत्पादों का प्रयोग करने वाले पुरुषों का औसत 5.21 फीसद रहा। वहीं महिलाओं का औसत 17.7 फीसदी रहा।

हर छठी महिला तंबाकू का सेवन कर रही

रिपोर्ट के मुताबिक, हर छठी महिला तंबाकू का किसी न किसी स्वरूप में सेवन कर रही है। कई महिलाएं जहां मजदूरी करने वाली गुटखा, खैनी, बीड़ी का सेवन कर रही हैं, वहीं कई शौकिया सिगरेट पीने व गुटखा खाना शुरू करने के बाद इसकी लत की शिकार हो गई हैं।

तंबाकू उत्पाद सेवन बढ़ा

परशुरामन ने बताया, 'वर्ष 2009-10 में वयस्कों में जहां तंबाकू उत्पाद सेवन का औसत 33.9 था। वहीं, 2016-17 में बढ़कर 35.5 फीसद हो गया। हालांकि, इसमें धुआं वाले उत्पादों का औसत 14.9 फीसदी से घटकर 13.5 फीसद रह गया। गुटखा, खैनी, पान-मसला का सेवन करने वाले वयस्क 25.3 फीसदी से बढ़कर 29.4 फीसद हो गए।"

खासा बढ़ा है उत्पादों का प्रचार-प्रसार

धूमपान उत्पादों के प्रचार-प्रसार में भी काफी वृद्धि हुई है। इसमें वर्ष 2009-10 में जहां उत्पादों के प्रचार का औसत 10.3 रहा, वहीं अब बढ़कर 16.3 हो गया। तंबाकू की लत ऐसी है कि 20 फीसदी लोग सुबह आंख खोलते ही पांच मिनट में सेवन करते हैं। वह तंबाकू उत्पादों को सेवन करने के बाद ही फ्रेश होने जाते हैं।

त्रिपुरा में सबसे ज्यादा होता है तंबाकू उत्पादों का सेवन

तंबाकू उत्पादों के सेवन करने वालों में यूपी 12वें नंबर पर है। कुल औसत की बात करें तो त्रिपुरा में 64.5 फीसदी लोग तंबाकू उत्पादों का सेवन करते हैं। वहीं मिजोरम में 58.7 व यूपी 12वें नंबर पर हैं, यहां कुल 35.5 फीसदी लोग तंबाकू उत्पादों का सेवन करते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने जताई चिंता

इस बारे में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने तंबाकू सेवन के आंकड़े पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, 'इस पर अंकुश लगाने के लिए फिर से प्लान बनाना होगा। शिक्षा व नगर निगम विभाग को भी शामिल करना होगा। वहीं, स्कूल के आस-पास तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधों पर कड़ाई से लागू करना होगा।'

आईएएनएस

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story