×

मुंबई के पास नेवी बेस के करीब दिखे संदिग्ध, सुरक्षा कड़ी, एक का स्केच जारी

By
Published on: 22 Sep 2016 8:29 PM GMT
मुंबई के पास नेवी बेस के करीब दिखे संदिग्ध, सुरक्षा कड़ी, एक का स्केच जारी
X

मुंबईः इंडियन नेवी के उरण बेस के पास गुरुवार को कुछ स्कूली बच्चों ने पांच संदिग्ध लोगों को देखा। ये सभी सेना जैसी यूनिफॉर्म में थे और विदेशी भाषा में बोल रहे थे। बच्चों के मुताबिक उनके पास हथियार भी थे। मुंबई पुलिस ने इनमें से एक का स्केच जारी किया है। मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। नेवी और कोस्टगार्ड के पोत समुद्र में गश्त लगा रहे हैं। एनएसजी कमांडो को भी तैनात किया गया है।

नेवी अलर्ट पर

नेवी की ओर से कहा गया है कि वह हाई अलर्ट पर है। मुंबई में तीन जगह एनएसजी कमांडो तैनात किए गए हैं। जिन बच्चों ने संदिग्ध लोगों को देखा था, पुलिस ने उनसे बातचीत कर सबका हुलिया जाना है। उरण नौसेना बेस मुंबई से करीब 50 किलोमीटर पर है। बच्चों ने अपने स्कूल में सबसे पहले जानकारी दी थी। जहां से पुलिस को बताया गया। इसके बाद गुरुवार को सारे स्कूल बंद करा दिए गए थे।

और कहां है सुरक्षा?

मुंबई के समुद्री तटों, गेटवे ऑफ इंडिया, राजभवन, बॉम्बे हाई के तेल क्षेत्रों और भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। नवी मुंबई के अलावा शहर में जगह-जगह नाकेबंदी की गई है। गाड़ियों की चेकिंग की जा रही थी। इसके अलावा मुंबई पुलिस ने टोल फ्री नंबर- 022-852885 भी जारी किया है। इस पर भी संदिग्धों की जानकारी दी जा सकती है।

समुद्र के रास्ते दो बार हुए हैं हमले

मुंबई पर समुद्र के रास्ते दो बार हमले हो चुके हैं। 12 मार्च 1993 को मुंबई में सिलसिलेवार धमाके हुए थे। इसके लिए विस्फोटक समुद्र के रास्ते ही लाया गया था। दूसरी बार 26 नवंबर 2008 को कसाब और उसके 9 साथियों ने होटल ताज, चबाद हाउस और सीएसटी रेलवे स्टेशन समेत कई जगह चार दिन तक आतंक बरपाया था। कसाब को बाद में जिंदा पकड़ा गया और मुकदमे के बाद उसे फांसी पर चढ़ाया गया था।

Next Story