TRENDING TAGS :
IAF First Woman Pilot Tanushka Singh: तनुष्का सिंह ने रचा इतिहास, भारतीय वायुसेना की बनीं पहली महिला पायलट, उड़ाएंगी फाइटर जेट जगुआर
IAF First Woman Pilot Tanushka Singh: फ्लाइंग ऑफिसर तनुष्का सिंह ने इतिहास रच दिया है। वह जगुआर फाइटर जेट स्क्वाड्रन में स्थायी तैनाती पाने वाली पहली महिला पायलट बन गयी हैं।
tanushka singh
IAF First Woman Pilot Tanushka Singh: भारतीय वायुसेना में आधी आबादी की बढ़ती भागीदारी का एक और संकेत मिला है। फ्लाइंग ऑफिसर तनुष्का सिंह ने इतिहास रच दिया है। वह जगुआर फाइटर जेट स्क्वाड्रन में स्थायी तैनाती पाने वाली पहली महिला पायलट बन गयी हैं। तनुष्का सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। लेकिन वह 2007 से मंगलुरू में रह रही हैं। उनका पूरा परिवार ही देश की सेवा से जुड़ा हुआ है।
तनुष्का सिंह के पिता और दादा भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। तनुष्का सिंह की शुरूआती शिक्षा दीक्षा डीपीएस एमआरपीएल स्कूल सुरतकल से हुई। इसके बाद उन्होंने मंगलुरू के शारदा पीयू कॉलेज से आगे की पढ़ाई की। मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से तनुष्का सिंह ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की।
भारतीय सेना में शामिल होना चाहती थीं तनुष्का सिंह
पढ़ाई पूरी हो जाने के बाद तनुष्का सिंह अपने परिवार के अन्य सदस्यों की ही तरह भारतीय सेना में शामिल होना चाहती थीं। लेकिन जब भारतीय वायुसेना में महिलाओं के लिए अवसरों की जानकारी उन्हें मिली तो तनुष्का ने अपना लक्ष्य बदल दिया। तनुष्का ने तमिलनाडु के डुंडीगल में स्थित एयरफोर्स अकादमी में ट्रेनिंग ली। फिर हॉक एमके 132 विमान पर विशेष प्रशिक्षण हासिल किया।
IAF के स्थायी स्क्वाड्रन असाइनमेंट में शामिल होने वाली पहली महिला
पहले भी कुछ महिला पायलटों ने प्रशिक्षण के दौरान फाइटर जेट जगुआर को उड़ाया है। लेकिन फ्लाइंग ऑफिसर तनुष्का पहली ऐसी महिला हैं, जिन्हें स्थायी रूप से भारतीय वायुसेना ने इस स्क्वाड्रन में शामिल किया है। फाइटर जेट जगुआर भारतीय वायुसेना के बेड़े में अपनी टैक्टिकल स्ट्राइक क्षमता और सटीक हमले की ताकत के लिए मशहूर है। जल्द ही तनुष्का सिंह स्क्वाड्रन में सक्रिय ड्यूटी पर तैनात होंगी। उनकी यह उपलब्धि भारतीय वायुसेना में शामिल होकर आसमान को छुने का सपना देख रही लड़कियों के लिए प्रेरणा हैं।