×

जन्मदिन विशेष: सियासत का सबसे चर्चित चेहरा, बड़े-बड़े नेताओं को कर दिया फेल

तेजस्वी यादव ने सोमवार को आधी रात अपना 31वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर तेजस्वी की मां और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। इस मौके पर केक काटा गया और परिवार के सभी सदस्यों ने तेजस्वी को जन्मदिन की बधाई दी।

Newstrack
Published on: 9 Nov 2020 4:32 AM GMT
जन्मदिन विशेष: सियासत का सबसे चर्चित चेहरा, बड़े-बड़े नेताओं को कर दिया फेल
X
तेजस्वी यादव ने सोमवार को आधी रात अपना 31वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर तेजस्वी की मां और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।

नई दिल्ली: देश की सियासत में इस समय जिस नेता की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है वह हैं तेजस्वी यादव। तेजस्वी यादव ने अपने पिता और राजद के मुखिया लालू प्रसाद यादव की नामौजूदगी के बावजूद बिहार की सियासत में महागठबंधन को एनडीए के मुकाबले एक मजबूत सियासी ताकत बनाकर खड़ा कर दिया। यह भी अजीब संयोग है कि तेजस्वी यादव सोमवार (9 नवंबर) को अपना जन्मदिन मना रहे हैं और मंगलवार को बिहार चुनाव के नतीजे आने वाले हैं। एग्जिट पोल के नतीजों से महागठबंधन में खुशी की लहर है और अधिकांश एग्जिट पोल यह बता रहे हैं कि बिहार में बड़ा बदलाव होने जा रहा है और इसका मतलब साफ है कि तेजस्वी यादव बिहार के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं।

तेजस्वी ने आधी रात में काटा बर्थडे केक

तेजस्वी यादव ने सोमवार को आधी रात अपना 31वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर तेजस्वी की मां और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। इस मौके पर केक काटा गया और परिवार के सभी सदस्यों ने तेजस्वी को जन्मदिन की बधाई दी। तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य ने भी ट्वीट कर तेजस्वी को जन्मदिन की बधाई दी है। रोहिणी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि बिहार के भावी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं।

विधानसभा चुनाव में दिखाया सियासी कौशल

महागठबंधन की ओर से इस बार के चुनाव में मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किए गए तेजस्वी यादव 31 साल के हैं मगर इस उम्र में ही उन्होंने देश की सियासत के बड़े बड़े तजुर्बेकार नेताओं को फेल कर दिया है। तेजस्वी यादव ने ऐसा सियासी कौशल दिखाया कि रालोसपा के मुखिया उपेंद्र कुशवाहा, वीआईपी के मुखिया मुकेश सहनी और हम के मुखिया जीतन राम मांझी के महागठबंधन छोड़ने के बावजूद उन्होंने महागठबंधन की ताकत कमजोर नहीं होने दी और उसे एनडीए के मुकाबले खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Tejashwi Yadav

ये भी पढ़ें...सबसे बड़ी अदालत का सबसे बड़ा फैसला, आज ही सुलझा था सदियों का विवाद

चुनावी सभाओं के मामले में लालू का रिकॉर्ड तोड़ा

इस बार के विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव ने कितनी मेहनत की है, इसे इसी बात से समझा जा सकता है कि चुनावी सभाओं के मामले में उन्होंने अपने पिता लालू यादव को भी पीछे छोड़ दिया। लालू ही नहीं बल्कि तेजस्वी ने इस मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोजपा के प्रमुख चिराग पासवान को भी पछाड़ दिया। एक दिन तो उन्होंने 19 जनसभाओं को संबोधित करके हर किसी को हैरत में डाल दिया।

21 दिनों में 251 चुनावी सभाएं

मौजूदा चुनाव के दौरान तेजस्विनी नया रिकॉर्ड बनाते हुए 251 जनसभाओं को संबोधित किया। तेजस्वी ने औसतन हर दिन लगभग एक दर्जन जनसभाओं को संबोधित किया और इसके साथ ही चुनाव प्रचार के दौरान चार रोड शो भी किए। तेजस्वी यादव ने चुनाव प्रचार की शुरुआत 16 अक्टूबर को की थी और 5 नवंबर तक यानी 21 दिनों के दौरान उनकी 251 चुनावी सभाएं हुई।

ये भी पढ़ें...दिलीप घोष का TMC कार्यकर्ताओं को चेतावनी, सुधर जाएं नहीं तो तोड़ देंगे हड्डी पसली

243 विधानसभा सीटों तक पहुंचे तेजस्वी

तेजस्वी यादव की जनसभाओं में उमड़ रही भीड़ के कारण महागठबंधन का हर प्रत्याशी यह चाहता था कि तेजस्वी उसके इलाके में जनसभा जरूर करें। इस बार के विधानसभा चुनाव में तेजस्वी दूसरे नेताओं की अपेक्षा सबसे ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचे। बिहार विधानसभा की 243 में से सिर्फ 12 सीटों को छोड़कर लगभग सभी विधानसभा क्षेत्रों में तेजस्वी ने इस बार चुनावी रैली को संबोधित किया। अपनी जनसभाओं के दौरान उन्होंने एनडीए पर जबर्दस्त हमला करने के साथ ही नीतीश कुमार के दावों पर सवाल भी खड़े किए।

Tejashwi Yadav

महागठबंधन के कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह

एग्जिट पोल के नतीजों से उत्साहित महागठबंधन के कार्यकर्ताओं में इस बार तेजस्वी के जन्मदिन को लेकर जबर्दस्त उत्साह नजर आ रहा है। खासकर राजद कार्यकर्ताओं में तो सबसे ज्यादा उत्साह दिख रहा है। पूरे बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में राजद कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी का जन्मदिन शानदार अंदाज में मनाने का फैसला किया है। तेजस्वी को एडवांस में ही बधाइयां देने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।

तेजस्वी के जन्मदिन पर राजद ने की यह अपील

इस बीच राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की गई है कि वे तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर पटना आकर उन्हें बधाई देने से बचें।

पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि तेजस्वी ने अपना जन्मदिन निजी स्तर पर मनाने का फैसला किया है। इसलिए पटना आकर उन्हें आवास पर बधाई देने से बचें। पार्टी कार्यकर्ताओं से यह अपील भी की गई है कि 10 नवंबर को मतगणना के दिन वे अपने क्षेत्रों में सजग उपस्थिति बनाए रखें।

ये भी पढ़ें...बिहार चुनाव: नतीजों से पहले इस बात से डरी कांग्रेस, दिग्गज नेताओं को भेजा पटना

पार्टी कार्यालय में धूमधाम से मनाया था जन्मदिन

पिछले साल राजद के सत्ता में आने की आहट नहीं थी मगर फिर भी नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया था। उनके 30 साल के होने पर 30 पाउंड का केक काटा गया था और इस मौके पर उनके बड़े भाई तेजप्रताप यादव और काफी संख्या में समर्थक भी जुटे थे। तेज प्रताप ने तेजस्वी को गीता भी भेंट की थी और समारोह में राजद के कई बड़े नेताओं ने भी हिस्सा लिया था।

Tejashwi Yadav

चार्टर्ड प्लेन की तस्वीरें वायरल होने पर हुआ था विवाद

हालांकि बाद में चार्टर्ड प्लेन में तेजस्वी यादव के जन्मदिन मनाने की फोटो वायरल होने के बाद इसे लेकर खासा विवाद भी पैदा हुआ था। दरअसल पटना में राजद के पार्टी दफ्तर में जन्मदिन मनाने के बाद तेजस्वी अपने पिता लालू यादव से मिलने के लिए रांची के रिम्स अस्पताल गए थे। इसी दौरान उन्होंने अपने करीबी संजय यादव और मणि यादव के साथ चार्टर्ड प्लेन में केक काटा था। तेजस्वी के शाही अंदाज में जन्मदिन मनाने पर कई सियासी दलों के नेताओं ने तंज भी कसा था।

ये भी पढ़ें...योगी सरकार की तैयारी: अयोध्या में मनेगा डिजिटल दीपोत्सव, घर बैठ ले सकेंगे आनंद

इस बार बिल्कुल अलग है माहौल

विधानसभा चुनाव में काफी मेहनत करने के बाद तेजस्वी यादव इस समय अपनी थकान मिटाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने इस बार अपना जन्मदिन निजी स्तर पर मनाने का फैसला किया है मगर पार्टी कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए लगता है कि निश्चित तौर पर उन्हें कार्यकर्ताओं के बीच आना पड़ेगा। इस बार उनके जन्मदिन पर बिल्कुल बदली हुई परिस्थितियां हैं क्योंकि एक दिन बाद ही बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने वाले हैं और अधिकांश एग्जिट पोल में तेजस्वी को ही अगला मुख्यमंत्री बताया जा रहा है।

दोस्तो देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें

Newstrack

Newstrack

Next Story