×

Telangana Exit Poll 2023: तेलंगाना में केसीआर को लग सकता है बड़ा झटका, कांग्रेस बना सकती है सरकार

Telangana Exit Poll 2023: भाजपा ने इस बार अपनी स्थिति सुधारने के लिए काफी मेहनत की है मगर राज्य में किए गए एग्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस सबसे मजबूत स्थिति में दिख रही है। इस बार के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस केसीआर को बड़ा झटका दे सकती है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 30 Nov 2023 5:46 PM GMT
Telangana Exit Poll 2023: KCR may face a big blow in Telangana, Congress may form government
X

Telangana Exit Poll 2023: तेलंगाना में केसीआर को लग सकता है बड़ा झटका, कांग्रेस बना सकती है सरकार: Photo- Social Media

Telangana Exit Poll 2023: तेलंगाना के विधानसभा चुनाव में आज वोटिंग का काम पूरा हो गया। राज्य के 119 विधानसभा सीटों पर इस बार 2290 उम्मीदवार चुनावी अखाड़े में उतरे हैं और इन सभी की किस्मत आज ईवीएम में कैद हो गई। राज्य में विधानसभा की 19 सीटें अनुसूचित जाति और 12 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। तेलंगाना के विधानसभा चुनाव में इस बार कांग्रेस नेताओं ने काफी मेहनत की है और उनकी मेहनत रंग लाती हुई दिख रही है।

तेलंगाना को बीआरएस के मुखिया के चंद्रशेखर राव (केसीआर) का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। इसी कारण वे पिछले दो चुनावों में बहुमत हासिल करने में कामयाब रहे। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने 88 सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि कांग्रेस सिर्फ 19 सीटों पर सिमट गई थी। भाजपा को सिर्फ एक सीट हासिल हो सकी थी।

अधिकांश एग्जिट पोल में कांग्रेस आगे

भाजपा ने इस बार अपनी स्थिति सुधारने के लिए काफी मेहनत की है मगर राज्य में किए गए एग्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस सबसे मजबूत स्थिति में दिख रही है। इस बार के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस केसीआर को बड़ा झटका दे सकती है।

अधिकांश एग्जिट पोल में कांग्रेस को बढ़त की स्थिति में दिखाया गया है। कांग्रेस बहुमत के लिए जरूरी 60 से अधिक सीटें हासिल करती हुई दिख रही है। भाजपा की ओर से इस बार मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश की गई थी मगर एग्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस और बीआरएस के बीच आमने-सामने का मुकाबला दिख रहा है।

एग्जिट पोल के नतीजे

-न्यूज 24- टुडेज चाणक्या ने अपने एग्जिट पोल में बीआरएस को 33 सीटें, कांग्रेस को 71 सीटें, भाजपा को 7 सीटें और अन्य को 8 सीटें दी हैं। इस एग्जिट पोल के मुताबिक इस बार राज्य के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव को बड़ा झटका लग सकता है।

-टाइम्स नाऊ- ईटीजी के एग्जिट पोल में बीआरएस को 37-45 सीटें, कांग्रेस को 60-70 सीटें, भाजपा को 6-8 सीटें और अन्य को 5-7 सीटें मिलने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

-इंडिया टीवी-सीएनएक्स के अनुसार तेलंगाना में इस बार कांग्रेस को 63-79 सीटें मिल सकती हैं। वहीं बीआरएस को 31-47 सीटें मिल सकती हैं। भाजपा को 2-4 और अन्य को 5-7 सीटें मिल सकती हैं।

-जन की बात के एग्जिट पोल के मुताबिक राज्य में कांग्रेस बीआरएस की सत्ता को चुनौती देगी। यहां कांग्रेस को 48-64 सीटें मिल सकती हैं। वहीं केसीआर की पार्टी को 40-45 सीटें मिल सकती हैं। भाजपा को 7-13 और अन्य को 4-7 सीटें मिलने का अनुमान है।

-रिपब्लिक- मैट्रिज के अनुसार, यहां कांग्रेस को 58-68 सीटें मिल सकती हैं। वहीं बीआरएस को 46-56 सीटें मिलने का अनुमान है। भाजपा को 4-9 और अन्य को 5-8 सीटें मिल सकती हैं।

-टीवी-9 भारतवर्ष-पोलस्टार्ट के एग्जिट पोल में कांग्रेस और बीआरएस में कड़ी टक्कर होने की उम्मीद जताई गई है। पोल के मुताबिक कांग्रेस को 49 से 59 सीटें तो बीआरएस को 48 से 58 सीटें मिलने की उम्मीद है। बीजेपी 5 से 10 सीटें जीत सकती है। इसके अलावा एआईएमआईएम को 6 से 8 सीटें मिलने की संभावना है।

-रिपब्लिक- पी मार्क ने एग्जिट पोल में बीआरएस को 37-51 सीटें, कांग्रेस को 58-71 सीटें, भाजपा को 2-6 सीटें और अन्य को 6-9 सीटें दी हैं।

-एबीपी-सी वोटर ने अपने एग्जिट पोल में बीआरएस को 38-54 सीटें, कांग्रेस को 49-65 सीटें, भाजपा को 5-13 सीटें और अन्य को 5-9 सीटें दी हैं।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story