×

Jammu Kashmir Terror Attack: कश्मीर में आतंकियों का फिर निशाना बने प्रवासी, हमले में यूपी के दो मजदूर जख्मी

Jammu Kashmir News: साउथ कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकियों ने उत्तर प्रदेश के 2 प्रवासी मजदूरों को अपना निशाना बनाया है। हमले में दोनों मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

Krishna Chaudhary
Published on: 13 Nov 2022 5:48 AM GMT
Terrorist Attack
X

Terrorist Attack (Image Credit : Social Media)

Terrorist Attack In Jammu Kashmir : जम्मू कश्मीर में टारगेटेड हमले जारी है। घाटी में सक्रिय आतंकवादियों के निशाने पर प्रवासी मजदूर बने हुए हैं। साउथ कश्मीर के अनंतनाग जिले में दहशतगर्दों ने यूपी से आए दो प्रवासी मजदूरों पर गोलियां चलाईं। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। हमले में दोनों मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें बिजबेहड़ा अस्पताल में भर्ती किया गया है।

जम्मू कश्मीर पुलिस के मुताबिक, दोनों घायल मजदूर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के रहने वाले हैं। इनके नाम छोटा प्रसाद और गोविंद हैं। पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने योजना बनाकर इस घटना को अंजाम दिया। इलाके की घेराबंदी कर, सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

कश्मीर में निशाने पर यूपी-बिहार के मजदूर

देश के अन्य हिस्सों की तरह जम्मू कश्मीर में भी यूपी – बिहार के काफी लोग रोजगार के लिए जाते हैं। लिहाजा आतंकी हमलों के शिकार भी सबसे अधिक वो ही होते हैं। नवंबर – अक्टूबर में ही अब तक कई बड़े हमले हो चुके हैं। अनंतनाग में ही 3 नवंबर को बिहार और नेपाल के रहने वाले दो लोगों पर हमला हुआ था। इससे पहले 18 अक्टूबर को शोपियां जिले में यूपी के दो मजदूरों पर ग्रेनेड से हमला हुआ था, बाद में दोनों की अस्पताल में मौत हो गई थी। दोनों कन्नौज के रहने वाले थे।

हालांकि, आतंकी गैर – कश्मीरियों को निशाने बनाने के दौरान धर्म या राज्य का भेदभाव नहीं करते। उनके निशाने पर हर वो शख्स है, जो अन्य राज्यों से यहां आकर काम कर रहा है। आंकड़े इसके गवाह हैं। इस साल अब तक 21 टारगेट किलिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें कश्मीरी पंडित, राज्य के बाहर से आए मजदूर और सरकारी कर्मचारी शामिल हैं।

इस साल मारे गए 176 आतंकी

जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों का आतंकियों को खत्म करने का अभियान जारी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के आंकड़े के मुताबिक, इस साल अब तक केंद्र शासित प्रदेश में 176 दहशतगर्दों को ढ़ेर किया जा चुका है। इनमें 126 स्थानीय आतंकी थे। सरकार के मुताबिक, घाटी में अब भी 134 आतंकी सक्रिय हैं, जिनमें 83 विदेशी और 51 लोकल आतंकी हैं।

Bishwajeet Kumar

Bishwajeet Kumar

Next Story