×

BJP New President: ‘दक्षिण भारत की सुषमा स्वराज’ कही जाने वालीं ये तेज तर्रार महिला बन सकती हैं भाजपा अध्यक्ष

BJP New President: भाजपा इस बार राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी किसी महिला को सौंप सकती हैं। हालांकि नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पार्टी की आंतरिक सहमति से किया जाएगा।

Shishumanjali kharwar
Published on: 2 March 2025 1:48 PM IST
bjp president news
X
bjp president news

BJP New President: भारतीय जनता पार्टी को जल्द ही नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। मार्च के मध्य में पार्टी संगठन नये राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर देगी। वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल खत्म हो चुका है। 2019 में पार्टी ने जेपी नड्डा को कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी सौंपी थी। जनवरी 2020 में सर्वसम्मति से जेपी नड्डा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए थे। लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर उनका कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ा दिया गया था।

ऐसे में पार्टी का शीर्ष नेतृत्व नये राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश में जुटा हुआ है। पार्टी के संगठनात्मक चुनाव हो जाने के बाद संगठन राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कराएगी। 13 से ज्यादा राज्यों में भाजपा के संगठनात्मक चुनाव चल रहे हैं। अध्यक्ष के चयन में जातिगत समीकरण, भाषा और उत्तर-दक्षिण राज्यों जैसे फैक्टर्स भी अहम भूमिका निभाएंगे।

सूत्रों के मुताबिक भाजपा इस बार राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी किसी महिला को सौंप सकती हैं। हालांकि नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पार्टी की आंतरिक सहमति से किया जाएगा। लेकिन सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा तेजी से चल रही है कि भाजपा इस इतिहास बनाने का मन बना चुकी है और किसी महिला को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का दारोमदार सौंपा जाएगा।

यह भी चर्चा तेज है कि दक्षिण भारत में भाजपा का मजबूत करने के लिए पार्टी नेतृत्व वहीं से किसी को राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठा सकती है। यहां यह भी बताते चले कि दक्षिण भारत के तीन दिग्गज नेता बंगारू लक्ष्मण, जन कृष्णमूर्ति और वेंकैया नायडू भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का दायित्व संभाल चुके है। बंगारू लक्ष्मण तेलंगाना, जन कृष्णमूर्ति तमिलनाडु और वेंकैया नायडू आंध्र प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं।

रेस में दक्षिण भारत की ये महिला नेता सबसे आगे

सूत्रों का कहना है कि अगर भाजपा इतिहास रचते हुए पहली बार किसी महिला को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपती हैं। तो उस रेस में आंध्र प्रदेष की भाजपा अध्यक्ष दग्गुबाती पुरंदेश्वरी का नाम संभावित उम्मीदवारों में सबसे आगे है। 66वर्षीय दग्गुबाती पुरंदेश्वरी को संगठन का काफी अनुभव है। साथ ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की बेहद करीबी मानी जाती हैं। पुरंदेश्वरी साल 2014 में कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई थीं।

वर्तमान में वह आंध्र प्रदेश में भाजपा अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल रही है। दग्गुबाती पुरंदेश्वरी की पहचान तेज तर्रार महिला नेता के रूप में होती है। यहीं नहीं दग्गुबाती पुरंदेश्वरी को ‘दक्षिण भारत की सुषमा स्ववराज’ भी कहा जाता है। उनकी शानदार भाषण देने की क्षमता और पांच भाषाओं में प्रवीणता उन्हें कार्यकर्ताओं और जनता के बीच काफी चर्चित है। इसके साथ ही दग्गुबाती पुरंदेश्वरी को गृह मंत्री अमित शाह का बेहद करीबी माना जाता है।

इसके साथ ही यदि भाजपा दक्षिण भारत से किसी महिला को राष्ट्रीय बनाती है तो उस रेस में महिला मोर्चा की राष्टीय अध्यक्ष और कोयंबटूर से विधायक वनथी श्रीनिवासन का नाम भी काफी चर्चा में है। उन्होंने महिला मोर्चा के कई सफल आयोजन किये हैं। साथ ही वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की भी बेहद करीबी मानी जाती हैं।

यह भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के संभावित दावेदार

भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व यदि किसी महिला को राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चयनित नहीं करता है तो फिर ऐसी स्थिति में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार हो सकते हैं। इसेक साथ ही विनोद तावड़े और भूपेंद्र यादव का नाम सभी भाजपा अध्यक्ष के संभावित उम्मीदवारों में सबसे आगे चल रहा है।



Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story