×

Tripura Assembly Election 2023: राजनाथ का सीपीएम-कांग्रेस पर बड़ा हमला, भाजपा राज में पूर्वोत्तर के विकास का किया दावा

Tripura Assembly Election 2023: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी आज त्रिपुरा में उनाकोटी और पश्चिमी त्रिपुरा में भाजपा की विजय संकल्प रैलियों को संबोधित किया।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 7 Feb 2023 1:39 PM GMT
Defence Minister Rajnath Singh
X

Defence Minister Rajnath Singh (Image: Social Media)

Tripura Assembly Election: त्रिपुरा के विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान काफी तेज हो गया है। 2018 के विधानसभा चुनाव में इस वामपंथी किले में सेंध लगाने वाली भाजपा ने प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है। गृह मंत्री अमित शाह के बाद आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अलग-अलग चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने सीपीएम और कांग्रेस पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि भाजपा राज में त्रिपुरा ही नहीं बल्कि समूचे पूर्वोत्तर का बड़ा विकास हुआ है।

राजनाथ बोले: भाजपा ने किया पूर्वोत्तर का विकास

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी आज त्रिपुरा में उनाकोटी और पश्चिमी त्रिपुरा में भाजपा की विजय संकल्प रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा के लोगों के लिए कनेक्टिविटी बहुत बड़ी समस्या रही है और 2018 में राज्य की सत्ता में आने के बाद भाजपा ने इस समस्या का काफी हद तक समाधान किया है।

सीपीएम पर निशाना साधते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि सीपीएम के राज में त्रिपुरा को कुछ भी हासिल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण त्रिपुरा के 12 लाख लोगों को आयुष्मान कार्ड हासिल हो चुका है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा ने सिर्फ त्रिपुरा ही नहीं बल्कि पूरे पूर्वोत्तर का विकास किया है और आगे भी सरकार की ओर से कई और बड़े काम किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि 2018 की तरह भाजपा को एक बार फिर त्रिपुरा के लोगों का विश्वास हासिल होगा।

कांग्रेस ने राम-कृष्ण के अस्तित्व पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस राम और कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाती रही है। कम्युनिस्ट पार्टी के लोग भी देश की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करते रहे हैं। इसीलिए देश की जनता ने इन दोनों दलों को सबक सिखाया है। उन्होंने कहा कि पिछले 5 वर्षों के दौरान डबल इंजन की सरकार ने त्रिपुरा में विकास के काफी काम किए हैं। इसलिए इस बार भी राज्य के लोगों का समर्थन भाजपा को ही हासिल होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खोवाई में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस और लेफ्ट पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी विकास के कामों के प्रति कभी गंभीर नहीं रही। कांग्रेस के लोग घुसपैठ कराने, देश की सुरक्षा में सेंध लगवाने और गरीबों की योजनाओं का पैसा लूटने में लगे हुए थे। इसके साथ ही कांग्रेस ने राम और कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाकर देश के लोगों की धार्मिक भावनाओं के साथ भी खिलवाड़ किया। कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी के लोगों ने गरीबों के लिए बनाई गई योजनाओं का लाभ उन तक कभी पहुंचने नहीं दिया।

लेफ्ट और कांग्रेस पर साधा निशाना

त्रिपुरा में पिछले 5 वर्षों के दौरान डबल इंजन की सरकार ने काफी काम किए हैं। ये सारे काम पहले भी हो सकते थे मगर गरीबों के कल्याण में कांग्रेस और सीपीएम की कभी कोई दिलचस्पी नहीं रही। कांग्रेस और लेफ्ट पार्टी के लोग एक ही थाली के चट्टे बट्टे हैं और इसी कारण देश की जनता ने इन दोनों दलों को सबक सिखाया है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पूरे देश के विकास में जुटी हुई है और इसी के तहत पूर्वोत्तर में भी विकास के ढेर सारे काम कराए गए हैं। उन्होंने त्रिपुरा में एक बार फिर भाजपा गठबंधन को जीत मिलने का भरोसा जताया।

त्रिपुरा में भाजपा ने झोंकी ताकत

गृह मंत्री अमित शाह ने भी सोमवार को त्रिपुरा में दो चुनावी सभाओं के साथ एक रोड शो किया था। इसके बाद आज भी भाजपा के दो दिग्गज नेताओं की ओर से जोरदार प्रचार अभियान चलाया गया। राज्य के विधानसभा चुनाव में सीपीएम और कांग्रेस ने हाथ मिला लिया है। इसलिए योगी और राजनाथ दोनों नेताओं ने सीपीएम और कांग्रेस दोनों पर जमकर निशाना साधा।

सियासी जानकारों का मानना है कि पूर्वोत्तर में त्रिपुरा का चुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की जंग बन गया है और इसीलिए पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है।

Anant kumar shukla

Anant kumar shukla

Content Writer

अनंत कुमार शुक्ल - मूल रूप से जौनपुर से हूं। लेकिन विगत 20 सालों से लखनऊ में रह रहा हूं। BBAU से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन (MJMC) की पढ़ाई। UNI (यूनिवार्ता) से शुरू हुआ सफर शुरू हुआ। राजनीति, शिक्षा, हेल्थ व समसामयिक घटनाओं से संबंधित ख़बरों में बेहद रुचि। लखनऊ में न्यूज़ एजेंसी, टीवी और पोर्टल में रिपोर्टिंग और डेस्क अनुभव है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काम किया। रिपोर्टिंग और नई चीजों को जानना और उजागर करने का शौक।

Next Story