×

Ajay Mishra Teni: केंद्रीय मंत्री टेनी ने टिकैत को बताया दो कौड़ी का आदमी, वीडियो वायरल

Ajay Mishra Teni: वीडियो में भाजपा नेता टेनी ये कहते नजर आ रहे हैं, "जब हाथी चलता तो कुत्ते भौंकते रहते हैं। सड़क पर कई बार कुत्ते भौंकते हैं।

Ramkrishna Vajpei
Published on: 23 Aug 2022 3:59 AM GMT (Updated on: 23 Aug 2022 4:22 AM GMT)
Ajay Mishra Teni - rakesh tikait
X

मंत्री अजय मिश्रा- राकेश टिकैत (photo: social media ) 

Ajay Mishra Teni: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा एक बार फिर अपने बयान से विवाद में फंस गए हैं। इस बार उन्होंने किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत को दो कौड़ी का आदमी बताते हुए अपशब्द कहे हैं। इस बयान वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में भाजपा नेता टेनी ये कहते नजर आ रहे हैं, "जब हाथी चलता तो कुत्ते भौंकते रहते हैं। सड़क पर कई बार कुत्ते भौंकते हैं। कई बार गाड़ी के पीछे भी भागने लगते हैं। लेकिन वो उनका स्वभाव होता है, उसके लिए मैं कुछ नहीं कहूंगा। वो अपने स्वभाव के अनुरूप व्यवहार करता है। लेकिन हम लोगों का ऐसा स्वभाव नहीं है।

राकेश टिकैत दो कौड़ी का आदमी – केंद्रीय मंत्री टेनी

लखीमपुर खीरी से सांसद और केंद्र में मंत्री अजय मिश्र टेनी ने इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, मैं राकेश टिकैत को अच्छी तरह से जानता हू, वो दो कौड़ी का आदमी है। वो दो बार चुनाव लड़ा और दोनों बार जमानत जब्त हो गई। इस तरह का व्यक्ति किसी का विरोध करता है तो उसका कोई मतलब नहीं होता। इसलिए मैं ऐसे लोगों को जवाब नहीं देता हूं।

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, इस तरह के लोगों को जवाब देने का कोई औचित्य नहीं होता है। मगर इससे उनकी राजनीति चल रही है और इससे उनकी रोजी रोटी चल रही है तो वो अपना चलाएं। समय आने पर जवाब दिया जाएगा। मगर मैं इतना कह सकता हूं कि मैंने अपने जीवन में कोई गलत काम नहीं किया। मैं सही के लिए लड़ रहा हूं, मैंने कोई गलत काम नहीं किया है।

टेनी की मंत्री पद से बर्खास्तगी की हो रही है मांग

किसानों ने एकबार फिर से पिछले साल अक्टूबर में लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा को लेकर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा की बर्खास्तगी की मांग शुरू कर दी है। इस कांड के मुख्य आरोपी उनके बेटे आशीष मिश्रा हैं। संयुक्त किसान मोर्चे के बैनर तले लखीमपुर में तीन दिनों तक किसानों ने धरना दिया था। इसमें भाकियू नेता राकेश टिकैत भी शामिल हुए थे।

सोमवार को दिल्ली के जंतर – मंतर पर आयोजित किसान महापंचायत में सरकार के सामने किसानों ने जो नौ मांगे रखी हैं, उन्हें केंद्रीय गृह राज्य मंत्री की गिरफ्तारी भी शामिल है। साथ ही इस घटना में मारे गए किसान परिवारों को इंसाफ और जेल में बंद किए गए किसानों की रिहाई की मांग भी की गई है।

क्या है पूरा मामला

पिछले साल यानी 3 अक्टूबर 2021 को लखीमपुर खीरी में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का कार्यक्रम था। उन्हें रिसीव करने के लिए गाड़ियां जा रही थीं। ये गाड़ियां केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्रा की थीं। रास्ते में तिकुनिया इलाके में प्रदर्शन कर रहे किसानों ने विरोध करना शुरू कर दिया और काले झंडे दिखाए। इसी दौरान एक गाड़ी ने किसानों को कुचल दिया था। जिसमें चार किसानों की मौत हो गई। इसके बाद हिंसा भड़क गई थी। किसानों ने ड्राइवर समेत चार लोगों को पीट – पीटकर मार डाला। इसमें एक पत्रकार और बीजेपी कार्यकर्ता भी शामिल थे। इस पूरे घटना में 8 लोग मारे गए थे। जांच के लिए गठित एसआईटी ने 5 हजार पन्नों वाली चार्जशीट में केंद्रीय मंत्री के बेटे आशीष मिश्र को मुख्य अभियुक्त माना।

आशीष मिश्र तब से जेल में हैं। इस साल फरवरी में विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें इलाहाबाद उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई थी, जिसे लेकर बाद में काफी बवाल हुआ था। किसान संगठन इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट चले गए जहां उन्हें जीत मिली। शीर्ष अदालत ने आशीष मिश्र की जमानत को रद्द कर दिया था। इस बीच किसान संगठन और विपक्षी पार्टियां लगातार मोदी सरकार पर उनके पिता और केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं। किसानों ने अब इस पर कड़ा रूख अख्तियार कर लिया है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story