×

'नेहरू जी पीते थे सिगरेट..महात्मा गांधी का बेटा भी था नशे का आदी', केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर का बड़ा बयान

Kaushal Kishore Statement: केंद्रीय मंत्री मंत्री कौशल किशोर ने नशे के खिलाफ अभियान में जवाहर लाल नेहरू पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने महात्मा गांधी के पुत्र को भी नशे का आदी बताया।

aman
Written By aman
Published on: 15 Dec 2022 8:29 AM GMT
union minister kaushal kishore statement on jawahar lal nehru said he used to do drugs smoke cigarettes
X

केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर (Social Media) 

Kaushal Kishore Statement: केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर (Union Minister Kaushal Kishore) काफी वक्त से नशे के खिलाफ अभियान छेड़े हुए हैं। इस अभियान के तहत वो देश के अलग-अलग राज्यों में लोगों को जागरूक करते रहे हैं। इसी बीच नशे पर दिया उनका एक बयान सुर्खियों में है। नशे का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू (Jawahar Lal Nehru) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'नेहरू जी नशा करते थे, सिगरेट पीते थे।' कौशल किशोर यहीं नहीं रुके उन्होंने अपने बयानों में दावा किया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) का एक बेटा भी नशा करता था।

बता दें, कौशल किशोर केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री मंत्री हैं। उनकी एक अलग पहचान 'नशा मुक्ति जागरण अभियान' को लेकर भी रही है। कौशल किशोर बीते दिनों राजस्थान के भरतपुर में थे। यहीं उन्होंने नशा मुक्ति अभियान को लेकर आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत की। इसी कार्यक्रम के बाद वो मीडिया से बात करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री और राष्ट्र पिता महात्मा गांधी के बेटे पर बयान दिया। कौशल किशोर ने मीडिया से कहा, 'जवाहर लाल नेहरू जी नशा करते थे। वो सिगरेट पीते थे। महात्मा गांधी जी का एक लड़का भी नशा करता था। अगर आप पढ़ेंगे और देखेंगे तो पता चल जाएगा।'

'नशे का कब्ज़ा पूरी दुनिया में'

केंद्रीय राज्य मंत्री ने उदाहरण के तौर पर इन दोनों हस्तियों का नाम लिया। आगे कहा, 'नशे की दुनिया ने हमारे देश पर पूरी तरह से कब्जा जमा लिया है। हमारी सभी से अपील है, कि नशे से होने वाले हर तरह के नुकसान और मौतों के बारे में लोगों को बताएं। उन्हें जागरूक करें। उन्होंने कहा, नशे की दुकानें भी बंद हो जाएंगी।'

नशे की वजह से खो चुके हैं बेटा

आपको बता दें कि, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर नशे की वजह से अपने बेटे को खो चुके हैं। बेटे के निधन के बाद उन्होंने देश में नशे के खिलाफ अभियान चलाया। इस वजह से वो देश के कोने-कोने में जाते रहते हैं। लोगों को जागरूक भी करते हैं। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा था, 'मैं खुद सांसद और मेरी पत्नी विधायक होने के बाद भी अपने बेटे की जिंदगी नशे से नहीं बचा पाया।' उनके इस ट्वीट में उनका मलाल दीखता है।

'..ताकि कोई मां-बाप अपना बच्चा न खो दे'

केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'मैं चाहता हूं कि अब कोई भी मां-बाप अपने बच्चे को नशे के कारण ना खो दे। नशे के कारण कोई महिला विधवा ना हो। कोई बच्चा नशे की वजह से बिन बाप का ना रहे। नशे की वजह से कोई बहन अपने भाई को न खो दे। नशे के कारण किसी के भी पारिवारिक सदस्य की मौत न हो, इसलिए मैं 'नशा मुक्त समाज आंदोलन अभियान कौशल का' के माध्यम से पूरे देश को जागरूक कर नशामुक्त भारत बनाना चाहता हूं।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story