×

Lok Sabha Election 2024: यूपी कांग्रेस के नेताओं संग आज मंथन करेगा केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश की लोकसभा सीटों के लिए दिल्ली में बनेगी रणनीति

Lok Sabha Election 2024: दिल्ली में आज होने वाली बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे,सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी समेत पार्टी के आने वरिष्ठ नेता लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए प्रदेश के नेताओं के साथ मंथन करेंगे।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 18 Dec 2023 3:56 AM GMT
Lok Sabha Election 2024
X

Lok Sabha Election 2024  (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: पांच राज्यों का विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद अब कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी नेतृत्व विभिन्न राज्यों के कांग्रेस नेताओं के साथ लगातार मंथन करने में जुटा हुआ है। इसी कड़ी में आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ शीर्ष नेतृत्व की अहम बैठक होगी।

विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया की कल दिल्ली में बैठक होने वाली है और ऐसे में आज की बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं मगर कांग्रेस यूपी में लगातार कमजोर होती जा रही है। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सिर्फ रायबरेली की सीट जीतने में कामयाब हुई थी। इसलिए पार्टी ने लोकसभा चुनाव में ताकत दिखाने के लिए पहले ही तैयारी शुरू कर दी हैं।

यूपी को लेकर केंद्रीय नेतृत्व चिंतित

दिल्ली में आज होने वाली बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे,सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी समेत पार्टी के आने वरिष्ठ नेता लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए प्रदेश के नेताओं के साथ मंथन करेंगे। दरअसल कांग्रेस नेतृत्व उत्तर प्रदेश को लेकर काफी चिंतित है क्योंकि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी को अपने परंपरागत गढ़ अमेठी में भी हार का सामना करना पड़ा था।

कांग्रेस सिर्फ रायबरेली सीट जीतने में कामयाब हो सकी थी। अमेठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को हरा दिया था। कांग्रेस पर इस बार अमेठी में अपनी ताकत दिखाने का भारी दबाव भी है।

2022 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में सिर्फ दो विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब हुई थी। लोकसभा सीटों के लिहाज से उत्तर प्रदेश को सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है मगर इस प्रदेश में कांग्रेस का जनाधार लगातार कमजोर होता जा रहा है। यही कारण है कि पार्टी नेतृत्व उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए काफी गंभीर है।

यूपी जोड़ो समेत अन्य मुद्दों पर होगी चर्चा

दिल्ली में आज होने वाली इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय समेत प्रदेश के आने वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। अजय राय सहारनपुर से 20 दिसंबर को शुरू हो रही यूपी जोड़ाे यात्रा समेत अन्य गतिविधियों की जानकारी देंगे। यूपी में कांग्रेस और अन्य दलों के साथ गठबंधन करके चुनावी अखाड़े में उतरेगी और आज की बैठक के दौरान इस पर भी चर्चा की जाएगी।

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो चुका है कि कांग्रेस प्रदेश की किन-किन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रदेश की विभिन्न सीटों पर पार्टी की स्थिति तैयारी और समीकरणों पर भी आज की बैठक में चर्चा की जाएगी।

यूपी में सीट शेयरिंग सबसे बड़ा सवाल

बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू व बृजलाल खाबरी, वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद, डा.निर्मल खत्री, प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, जफर इकबाल नकवी, कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना समेत अन्य वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के लिए सबसे बड़ा सवाल सीट शेयरिंग का है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव बार-बार यह बयान देते रहे हैं कि उत्तर प्रदेश में सीटों का फैसला सपा की ओर से किया जाएगा। मध्य प्रदेश में कांग्रेस और सपा के बीच सीटों का तालमेल न हो पाने के बाद दोनों दलों के बीच तीखी बयानबाजी भी हुई थी।

यूपी में सपा मुख्य विपक्षी दल है और इस कारण कांग्रेस सपा पर दबाव बनाने की स्थिति में नहीं दिख रही है। आज की बैठक में गठबंधन के बाद मिलने वाली सीटों को लेकर भी चर्चा की जाएगी। इंडिया गठबंधन की कल प्रस्तावित बैठक से पूर्व कांग्रेस इस बाबत अपना होमवर्क कर लेना चाहती है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story