×

Valmiki Jayanti 2023: आज रामायण के रचियता महर्षि वाल्मीकी की जयंती, पीएम मोदी, राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं ने दी देशवासियों को बधाई

Valmiki Jayanti 2023: पौराणिक कथाओं के मुताबिक, वाल्मीकी का असली नाम रत्नाकर था, जो पहले लुटेरे हुआ करते थे और उन्होंने नारद मुनि को लूटने की कोशिश की थी।

Krishna Chaudhary
Published on: 28 Oct 2023 7:17 AM GMT
PM Modi  greetings to people on Valmiki Jayanti
X

PM Modi greetings to people on Valmiki Jayanti (photo: social media )

Valmiki Jayanti 2023: महाकाव्य रामायण के रचियता महर्षि वाल्मीकी की जयंती आज देशभर में मनाई जा रही है। हर साल शरद पूर्णिमा यानी अश्विन मास की पूर्णिमा तिथि के दिन महर्षि वाल्मीकी का जन्मदिन मनाया जाता है। इस साल यह शुभ दिन आज यानी शनिवार 28 अक्टूबर को पड़ा है। वाल्मीकी जयंती को प्रगट दिवस के रूप में भी जाना जाता है। पौराणिक कथाओं के मुताबिक, वाल्मीकी का असली नाम रत्नाकर था, जो पहले लुटेरे हुआ करते थे और उन्होंने नारद मुनि को लूटने की कोशिश की थी।

नारद मुनि ने रत्नाकर से प्रश्न किया क्या परिवार भी तुम्हारे साथ पाप का फल भोगने को तैयार होंगे ? रत्नाकर ने जब यही सवाल अपने परिवार से पूछा तो कोई सदस्य इसके लिए राजी नहीं हुआ। तब रत्नाकर ने नारद मुनि से माफी मांगी। नारद मुनि ने उन्हें राम का नाम जपने की सलाह दी। राम का नाम जपते ही रत्नाकर डाकू से वाल्मीकी बन गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के तमाम बड़े नेताओं ने देश वासियों को वाल्मीकी जयंती की शुभकामनाएं दी हैं।

पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर देशवासियों को वाल्मीकी जयंती की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लिखा, देशवासियों को वाल्मीकि जयंती की अनंत शुभकामनाएं। सामाजिक समानता और सद्भावना से जुड़े उनके अनमोल विचार आज भी भारतीय समाज को सिंचित कर रहे हैं। मानवता के अपने संदेशों के माध्यम से वे युगों-युगों तक हमारी सभ्यता और संस्कृति की अमूल्य धरोहर बने रहेंगे।

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, रामायण के रचनाकार, महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती पर समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं। सियाराम की अमर कथा प्रदान कर उन्होंने मानवता को सत्य और प्रेम पर अडिग रहने का संदेश दिया।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोगों को बधाई देते हुए लिखा, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जीवन चरित्र को समग्र विश्व में प्रसारित करने वाले, 'रामायण महाकाव्य' के रचयिता महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन करता हूँ। भारतीय संस्कृति को आपसे मिला उपहार अनमोल है। यह युग-युगान्तर तक समस्त विश्व को सत्य, धर्म व न्याय की शिक्षा प्रदान करता रहेगा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर लिखा, महान धर्मग्रंथ रामायण के रचनाकार आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। सामाजिक न्याय की शिक्षा देने वाले एवं दीनहीन के पक्ष में खड़े होने के लिए प्रेरित करने वाले महर्षि बाल्मीकि जी के जीवन एवं उनकी रचनाओं से हमें सत्य, प्रेम एवं कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर लिखा, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की कथा से भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को समृद्ध बनाने वाले और रामायण जैसे महाकाव्य के रचयिता, महर्षि वाल्मीकि को मैं उनकी जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन करता हूँ। उन्होंने धर्म, न्याय और सामाजिक समरसता का संदेश दिया है। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ।

वहीं, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेशवासियों को वाल्मीकी जयंती की हार्दिक बधाई है।



Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story