×

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ AIIMS में भर्ती, तबियत को लेकर डॉक्टरों ने दी जानकारी

Vice President Jagdeep Dhankhar: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (73) को रविवार को सुबह के समय AIIMS दिल्ली के कार्डियक विभाग में भर्ती कराया गया है।

Newstrack          -         Network
Published on: 9 March 2025 10:18 AM IST (Updated on: 9 March 2025 12:17 PM IST)
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ AIIMS में भर्ती, तबियत को लेकर डॉक्टरों ने दी जानकारी
X

Vice President Jagdeep Dhankhar: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को रविवार सुबह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), दिल्ली के कार्डियक विभाग में भर्ती कराया गया। उन्हें देर रात सीने में दर्द और बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी निगरानी कर रही है।

एम्स में उपराष्ट्रपति का इलाज कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. राजीव नारंग की देखरेख में किया जा रहा है। डॉक्टरों ने उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में रखा है, जहां उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा एम्स पहुंचे और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

पहले भी हो चुके हैं अस्पताल में भर्ती

यह पहली बार नहीं है जब उपराष्ट्रपति धनखड़ को अस्पताल में भर्ती कराया गया हो। इससे पहले, अक्टूबर 2021 में, जब वे पश्चिम बंगाल के राज्यपाल थे, तब भी उनकी तबीयत खराब हुई थी। उस समय उन्हें मलेरिया होने के कारण एम्स के मेडिसिन विभाग में भर्ती किया गया था और उनका इलाज डॉ. नीरज निश्चल की निगरानी में हुआ था।

फिलहाल, डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर है और वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कई राजनीतिक नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने शुभकामनाएं दी हैं।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का जन्म 18 मई 1951 को राजस्थान के झुंझुनू जिले में हुआ था। ये एक प्रख्यात वकील और राजनीतिज्ञ रहे हैं। उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की और बाद में राजस्थान हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में वकालत की। 1989 में पहली बार लोकसभा सांसद बने और विभिन्न संसदीय समितियों में कार्य किया। 2019 में वे पश्चिम बंगाल के राज्यपाल नियुक्त हुए और 2022 में भारत के 14वें उपराष्ट्रपति बने। अपनी सख्त प्रशासनिक शैली और स्पष्ट विचारधारा के लिए वे जाने जाते हैं।

Sonali kesarwani

Sonali kesarwani

Content Writer

Content Writer

Next Story