Vinesh Phogat: हरियाणा में विनेश फोगाट को लेकर गरमाई सियासत, भाजपा, कांग्रेस और आप की सियासी लाभ पाने की कोशिश

Vinesh Phogat: पेरिस ओलंपिक के फाइनल मुकाबले से पूर्व विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित किए जाने के मुद्दे की गूंज पूरे देश में सुनाई पड़ रही है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 9 Aug 2024 6:33 AM GMT
Vinesh Phogat
X

Vinesh Phogat   (photo: social media )

Vinesh Phogat: हरियाणा में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों की ओर से तैयारी की जा रही हैं। इस बीच पेरिस ओलंपिक में विनेश फोगाट के प्रकरण को लेकर राज्य की सियासत गरमा गई है। राजनीतिक दलों की ओर से विनिवेश फोगाट के प्रकरण को लेकर सियासी लाभ उठाने की कोशिश की जा रही है। इसी के मद्देनजर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विनेश फोगाट का मेडल विजेता की तरह सम्मान करने का ऐलान किया है।

उन्होंने फोगाट को मेडल विजेता की तरह सभी सुविधाएं और इनाम देने की भी घोषणा की है। दूसरी ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने फोगाट को स्वर्ण पदक विजेता की तरह सम्मान देने की मांग की है। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि हमारे पास पर्याप्त संख्या बल होता तो हम विनेश फोगाट को राज्यसभा भेज देते।

मुख्यमंत्री के बड़े ऐलान का मकसद

पेरिस ओलंपिक के फाइनल मुकाबले से पूर्व विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित किए जाने के मुद्दे की गूंज पूरे देश में सुनाई पड़ रही है। हरियाणा भी इसका अपवाद नहीं है। उल्लेखनीय है की विनेश फोगाट हरियाणा के चरखी दादरी की रहने वाली है। इस कारण भी विनेश फोगाट प्रकरण की गूंज हरियाणा में ज्यादा ही सुनी जा रही है। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों की ओर से फोगाट मुद्दे को भुनाने की कोशिश शुरू कर दी गई हैं।

इसीलिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फोगाट का पदक विजेता की तरह सम्मान किए जाने का ऐलान किया है। उन्होंने विनेश फोगाट को हरियाणा की बहादुर बेटी बताया है। उन्होंने कहा कि विनेश फोगाट भले ही फाइनल मुकाबला न लड़ पाई हों मगर वे हमारे लिए चैंपियन हैं। इसी के साथ सैनी ने फोगाट को सम्मान और सभी सुविधाएं देने का भी ऐलान किया है।


हुड्डा ने कर डाली बड़ी मांग

भाजपा की इस तरह सक्रियता को देखते हुए कांग्रेस भी सक्रिय हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मांग की है कि फोगाट का स्वागत स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी की तरह किया जाना चाहिए। उन्हें उसी के अनुरूप पुरस्कार भी दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हमारे पास हरियाणा विधानसभा में पर्याप्त संख्या बल नहीं है। यदि हमारे पास पर्याप्त संख्या बल होता तो हम निश्चित रूप से विनेश फोगाट को राज्यसभा भेज देते। सियासी जानकारों का मानना है कि हुड्डा ने भाजपा को सियासी लाभ पाने से रोकने के लिए विनेश फोगाट के संबंध में यह बयान दिया है।


आम आदमी पार्टी भी हुई सक्रिय

हरियाणा के विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा और कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी पर भी सबकी निगाहें लगी हुई हैं। आम आदमी पार्टी के नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फोगाट को अयोग्य घोषित किए जाने के पीछे साजिश की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को हस्तक्षेप करना चाहिए ताकि विनेश फोगाट के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय न हो सके।

हरियाणा विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी भी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरने की कोशिश में लगी हुई है। यही कारण है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के तिहाड़ जेल में बंद होने के कारण भगवंत मान ने आप की ओर से मोर्चा संभाल लिया है। फोगाट को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद वे विनेश के गांव भी पहुंचे थे और विनेश फोगाट के परिजनों से मुलाकात और चर्चा की थी।


आखिर क्यों सभी दलों की बढ़ गई बेचैनी

दरअसल फोगाट को लेकर हरियाणा के राजनीतिक दलों की बेचैनी यूं ही नहीं है। विनेश फोगाट का ताल्लुक जाट बिरादरी से है। हरियाणा में जाट बिरादरी के हिस्सेदारी करीब 25 फ़ीसदी है और हरियाणा के विधानसभा चुनाव में जाट बिरादरी की भूमिका काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। प्रदेश में विधानसभा की कई सीटों पर जाट मतदाता प्रत्याशियों की हार-जीत का फैसला करते रहे हैं। यही कारण है कि भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी तीनों दलों की ओर से फोगाट प्रकरण को लेकर जुबानी जंग शुरू हो गई है।

कांग्रेस ने पहले भी दिया था फोगाट का साथ

भाजपा नेता और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली विनेश फोगाट का पहले भी कांग्रेस समर्थन कर चुकी है। बृजभूषण के खिलाफ आंदोलन के दिनों में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने खुलकर विनेश फोगाट का साथ दिया था। प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और रणदीप सुरजेवाला भी खुलकर विनेश के समर्थन में उतरे थे। अब विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस इस मुद्दे को गरमा कर सियासी लाभ पाने की कोशिश में जुट गई है।

कांग्रेस की ओर से विनेश फोगाट प्रकरण को संसद में भी उठाया गया। विनेश प्रकरण को लेकर खुद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में मोर्चा संभाला और विनेश को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को इसके लिए पहल करनी चाहिए।


चुनाव के दौरान और गरमा सकता है मुद्दा

विनेश फोगाट के समर्थन में राजनीतिक दलों का खुलकर सामने आना इस बात का संकेत है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान इस प्रकरण को उठाकर दूसरे दल को घेरने की कोशिश की जाएगी।। बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक जैसे पहलवान पहले ही विनेश फोगाट के प्रकरण में खुलकर बैटिंग कर रहे हैं। दोनों पहलवानों ने इशारों में भाजपा को घेरने का प्रयास भी किया है। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के दौरान यह प्रकरण सियासी रूप से और गरमा सकता है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story