Wayanad Bypoll: प्रियंका का वायनाड में नामांकन आज, कांग्रेस की बड़े शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

Wayanad Bypoll 2024: नामांकन से पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि प्रियंका गांधी वायनाड के लोगों की मजबूत आवाज बनकर उभरेंगी।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 23 Oct 2024 1:42 AM GMT
Priyanka Gandhi
X

Priyanka Gandhi  (photo: social media )

Wayanad Bypoll 2024: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद खाली हुई केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर प्रियंका गांधी आज नामांकन दाखिल करेंगी। प्रियंका गांधी के नामांकन को कांग्रेस की ओर से बिग शो बनाने की तैयारी है। इस मौके पर कांग्रेस सीपीपी की अध्यक्ष सोनिया गांधी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के अन्य दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।

नामांकन से पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि प्रियंका गांधी वायनाड के लोगों की मजबूत आवाज बनकर उभरेंगी। प्रियंका गांधी के खिलाफ भाजपा ने वायनाड में महिला मोर्चा की राज्य महासचिव नव्या हरिदास को उतारने का ऐलान किया है। सीपीआई ने इस सीट पर सत्यम मोकेरी को अपना प्रत्याशी बनाया है। हालांकि कांग्रेस के इस गढ़ में प्रियंका गांधी की स्थिति मजबूत मानी जा रही है।

चुनावी जंग में प्रियंका का पहला कदम

सक्रिय राजनीति में उतरने से पहले प्रियंका गांधी रायबरेली और अमेठी में गांधी परिवार के गढ़ की देखभाल करती रही हैं। बाद में उन्होंने प्रदेश प्रभारी के रूप में भी काम किया मगर चुनावी जंग वे पहली बार उतर रही हैं। पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान उनके चुनाव मैदान में उतरने की अटकलें लगाई जा रही थीं मगर उन्होंने चुनाव मैदान से दूरी बनाए रखी थी।

पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली और वायनाड दोनों लोकसभा सीटों से जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने अपनी मां की विरासत रायबरेली सीट को बरकरार रखने का फैसला किया था जबकि वायनाड से इस्तीफा दे दिया था। उसी समय यह साफ हो गया था कि राहुल गांधी के बाद प्रियंका गांधी को वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।

बड़े रोड शो के बाद नामांकन करेंगी प्रियंका

कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी को उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा के बाद से ही उनके नामांकन को भव्य बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई थी। नामांकन और चुनाव अभियान की रणनीति पर चर्चा के लिए प्रियंका ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की थी। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से प्रियंका गांधी के नामांकन के मौके पर बड़े शक्ति प्रदर्शन की तैयारी है।

वायनाड से नामांकन दाखिल करने से पूर्व प्रियंका राहुल गांधी के साथ वायनाड के कलपेट्टा न्यू बस स्टैंड से एक रोड शो निकालेंगी। कांग्रेस की ओर से इस रोड शो में भारी भीड़ जुटाने की तैयारी की गई है। जानकारों का कहना है कि इस रोड शो में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे। जिलाधिकारी के समक्ष प्रियंका गांधी के नामांकन दाखिल करने के समय सोनिया गांधी, राहुल गांधी और खड़गे के अलावा पार्टी के अन्य शीर्ष नेता भी मौजूद रहेंगे।

वायनाड के लोगों की बनेंगी आवाज

प्रियंका गांधी के नामांकन से पूर्व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बयान में कहा कि वायनाड का मेरे दिल में एक विशेष स्थान है। यहां के लोगों ने हमेशा मुझे और हमारी पार्टी को भरपूर समर्थन दिया है। मैं अपनी बहन प्रियंका से बेहतर उनके लिए किसी और प्रतिनिधि की कल्पना नहीं कर सकता।

उन्होंने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि वे वायनाड के लोगों की जरूरतों को पूरा करने में कामयाब होंगी और यहां के लोगों की मजबूत आवाज बनकर संसद में उभरेंगी। वायनाड में 13 नवंबर को मतदान होने वाला है। प्रियंका गांधी के चुनावी मैदान में उतरने का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था और यह इंतजार अब वायनाड में पूरा होने जा रहा है।

भाजपा की नव्या से होगा मुकाबला

वायनाड में प्रियंका गांधी का सीधा मुकाबला भाजपा प्रत्याशी नव्या हरिदास से माना जा रहा है। प्रियंका के खिलाफ भाजपा प्रत्याशी पर सबकी निगाहें लगी हुई थीं और भाजपा ने सीट पर प्रियंका से दो-दो हाथ करने के लिए नव्या हरिदास पर भरोसा जताया है।

शनिवार को पार्टी की ओर से उनके टिकट का ऐलान किया गया। दो बार पार्षद रह चुकीं नव्या भाजपा के महिला मोर्चा की राज्य महासचिव हैं। टिकट के ऐलान के बाद नव्या ने कहा कि मुझे टिकट मिलना काफी आश्चर्यजनक था और मैं पार्टी की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगी।

गांधी परिवार पर नव्या का हमला

टिकट मिलने के बाद नव्या ने गांधी परिवार पर हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार संसद में वायनाड की आवाज उठाने में विफल साबित हुआ है। वायनाड की जनता गांधी परिवार की सच्चाई समझ चुकी है क्योंकि गांधी परिवार वायनाड को विकल्प या दूसरी सीट के रूप में देखता रहा है। कोझिकोड की दो बार पार्षद रह चुकीं नव्या ने कहा कि वायनाड के लोग अब ऐसा सांसद चाहते हैं जो उनके साथ खड़ा रह सके और उनकी समस्याओं का समाधान कर सके।

भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि वायनाड के लोगों ने इस विश्वास के साथ राहुल गांधी को जनादेश दिया था कि वे अगले पांच साल तक क्षेत्र के लोगों का साथ देंगे मगर राहुल गांधी ने यहां के लोगों को विश्वास को तोड़ा है। जब राहुल गांधी को रायबरेली और वायनाड में से किसी एक को चुनना था तो उन्होंने वायनाड को छोड़ दिया।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story