×

Weather Today: दक्षिण भारत में चक्रवाती तूफान मैंडूस का असर बरकरार,कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका

Weather Today Update 11 December 2022: मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी तमिलनाडु, दक्षिण आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, लक्षद्वीप, केरल और माहे में आज कई स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है।

Anshuman Tiwari
Published on: 11 Dec 2022 3:13 AM GMT (Updated on: 11 Dec 2022 4:28 AM GMT)
Weather Today
X

Weather Today (Pic: Social Media)

Weather Today Update 11 December 2022: दक्षिण भारत में चक्रवाती तूफान मैंडूस का असर अभी बना रहेगा। हालांकि यह तूफान अब कमजोर पड़ चुका है मगर अभी भी इसका असर दिख रहा है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में आज भी भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी तमिलनाडु, दक्षिण आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, लक्षद्वीप, केरल और माहे में आज कई स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और दक्षिणी ओडिशा में भी आज बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका है।

इस बीच उत्तर भारत के विभिन्न इलाकों में सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। देश के पहाड़ी राज्यों में आज भी बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है। इस कारण मैदानी इलाकों में भी ठंड और बढ़ने की आशंका है। पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाया सकता है।

इन इलाकों में होगी भारी बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवाती तूफान मैंडूस दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़ने के साथ अब कमजोर पड़ चुका है मगर अगले कुछ दिनों तक इसका असर बना रहेगा। इस कारण दक्षिण भारत के राज्यों में अभी बारिश का दौर थमने की संभावना नहीं है। इसी कारण दक्षिण भारत के राज्यों में आज भी भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी तमिलनाडु, दक्षिण आंध्र प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप के इलाकों में अगले दो-तीन दिनों तक बारिश का दौर बना रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है।

मछुआरों को मौसम विभाग की हिदायत

मौसम विभाग की ओर से मछुआरों को दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी,पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के आसपास के इलाकों और तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के समुद्री तटों की ओर न जाने की हिदायत दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण अंडमान सागर में 13 दिसंबर को चक्रवाती हवाओं का एक क्षेत्र उभरने की संभावना है। इस कारण अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 13 और 14 दिसंबर को भारी बारिश होने की आशंका है।

मैंडूस ने मचाई तमिलनाडु में तबाही

इस बीच चक्रवाती तूफान मैंडूस ने तमिलनाडु में व्यापक तौर पर तबाही मचाई है। राजधानी चेन्नई समेत तमिलनाडु के कई इलाकों में व्यापक तौर पर बारिश हुई है। काफी तेज गति से हवाएं चलने के कारण तमाम घरों की छत उड़ गई और चार लोगों की मौत होने की खबर है। हालांकि अब यह तूफान कमजोर पड़ चुका है मगर इसका असर तटीय जिलों में भारी बारिश के रूप में दिख रहा है। चक्रवाती तूफान की वजह से भारी बारिश के कारण तमिलनाडु के कई इलाकों में जलभराव होने की खबर है। समुद्र के किनारे बनी दुकानों को चक्रवाती तूफान से काफी नुकसान पहुंचा है। तमिलनाडु सरकार की ओर से प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है। काफी संख्या में लोगों को राहत शिविरों में पहुंचा कर उन्हें हर सहायता मुहैया कराने की कोशिश की जा रही है।

पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड

उधर देश के पहाड़ी राज्यों में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी और हल्की बारिश को इसका कारण माना जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में आज भी बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की भी आशंका है। मैदानी इलाकों में भी लगातार ठंड बढ़ती जा रही है।

मौसम के जानकारों का कहना है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा आदि राज्यों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम सर्द होने का कारण मैदानी इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। कई इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाए रहने से लोगों को आवागमन में भी काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।

महाराष्ट्र और ओडिशा में भी होगी बारिश

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर आंतरिक तमिलनाडु, दक्षिण आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। केरल, लक्षद्वीप और कर्नाटक के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तेलंगाना में हल्की बारिश होने की आशंका है मगर कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है।

विदर्भ, मराठवाड़ा, दक्षिण ओडिशा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में हल्की बारिश होने की संभावना है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की आशंका है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story