×

Weather Today: यूपी और उत्तराखंड में आज भारी बारिश की चेतावनी, कई और राज्यों में भी अलर्ट

Weather Update Today: मानसून की सक्रियता की वजह से देश के कई राज्यों में इन दिनों झमाझम बारिश हो रही है। आज भी देश के कई राज्यों में जोरदार बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Anshuman Tiwari
Published on: 17 Sep 2022 2:59 AM GMT
Weather Update Today
X

Weather Update Today (image social media)

Weather Update Today: मानसून की सक्रियता की वजह से देश के कई राज्यों में इन दिनों झमाझम बारिश हो रही है। आज भी देश के कई राज्यों में जोरदार बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम के जानकारों के मुताबिक आज उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो सकता है।

खास तौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश में ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई गई है। उत्तरी बिहार, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कई इलाकों में तेज बारिश होने की आशंका है। मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी आज भारी बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में में गुरुवार और शुक्रवार को भी जोरदार बारिश हुई थी।

मानसून कई राज्यों में सक्रिय

मौसम विभाग की ओर से आज उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में जोरदार बारिश होने की बात कही गई है। दोनों ही प्रदेशों के कुछ इलाकों में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी बिहार, दक्षिण गुजरात, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इन राज्यों के अलावा मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भी मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। ग॔गीय पश्चिम बंगाल तटीय कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, बिहार के शेष हिस्सों और तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों,झारखंड, छत्तीसगढ़,शेष पूर्वोत्तर भारत, तेलंगाना के कुछ हिस्सों,जम्मू-कश्मीर, केरल और लक्षद्वीप में हल्की बारिश होने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश में शनिवार और रविवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में तूफानी गति से हवाएं चलने की भी आशंका है। खास तौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में ज्यादा बारिश की संभावना जताई गई है। कृषि के जानकारों का मानना है कि इस समय हो रही बारिश धान और खरीफ की फसलों के लिए काफी फायदेमंद है। इस वक्त धान की फसल में फूल आने लगे हैं और अब बालियां बनेंगी। इस कारण यह बारिश धान के लिए फायदेमंद मानी जा रही है। दलहन व तिलहन की फसलों के लिए भी यह बारिश फायदा पहुंचाने वाली साबित होगी।

बिहार में भी होगी झमाझम बारिश

मानसून की ट्रफ लाइन के कारण बिहार में अगले कुछ दिनों के दौरान झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि राज्य में अगले सात दिनों तक मानसून सक्रिय रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान उत्तरी और दक्षिणी बिहार के कई जिलों में जोरदार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तरी बिहार के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड में रेड अलर्ट जारी

उत्तराखंड में इन दिनों मानसून काफी मेहरबान दिख रहा है। राज्य के कई जिलों में मानसून की सक्रियता की वजह से जोरदार बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आज राज्य के कई जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। इसके लिए मौसम विभाग की ओर से रेड अलर्ट जारी किया गया है। दूसरे पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी आज भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान तूफानी हवाएं चलने की भी आशंका है। मौसम विभाग की ओर से इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कई दिनों से बारिश का दौर चल रहा है। राजधानी दिल्ली में भी आज कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में कमजोर पड़ेगा मानसून

राजस्थान में आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने की संभावना है। हालांकि पिछले कुछ दिनों के दौरान पूर्वी राजस्थान के अधिकांश जिलों में जोरदार बारिश हुई है। भरतपुर और झालावाड़ जिले में लोगों को भारी बारिश का सामना करना पड़ा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन-चार दिनों में राजस्थान के विभिन्न इलाकों में छिटपुट बारिश की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क होने की उम्मीद जताई गई है। राजस्थान में इस बार मानसून काफी मेहरबान रहा है और जुलाई महीने से ही जोरदार बरसात हुई है।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story