Weather Today : कई राज्यों में आज भी जारी रहेगा बारिश का दौर, यूपी में भी बरसेंगे बादल

Weather Today : यूपी, बिहार, झारखंड में बारिश का पूर्वानुमान है। यूपी के पूर्वी इलाकों में बारिश की ज्यादा गतिविधियां दिख सकती हैं। ओडिशा, मध्य प्रदेश में भी बारिश की संभावना है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 19 Sep 2022 2:50 AM GMT (Updated on: 19 Sep 2022 2:50 AM GMT)
Weather Today : कई राज्यों में आज भी जारी रहेगा बारिश का दौर, यूपी में भी बरसेंगे बादल
X

Weather Today : उत्तर भारत के कई इलाकों में हाल के दिनों में जोरदार बारिश हुई है। मौसम विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश (UP Weather), बिहार (Bihar Weather) और झारखंड में आज (19 सितंबर 2022) भी बारिश होने का पूर्वानुमान है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी इलाकों में बारिश की ज्यादा गतिविधियां दिख सकती हैं, जबकि बिहार में बारिश का दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा।

पूर्वोत्तर के तीन राज्यों मणिपुर, मेघालय और मिजोरम में आज कुछ स्थानों पर झमाझम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि ओडिशा के विभिन्न इलाकों में अगले तीन-चार दिनों तक जोरदार बारिश होने की संभावना है।

इन राज्यों में बारिश का पूर्वानुमान

मौसम के जानकारों ने अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर पश्चिम, मध्य और दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियों में कमी आने का पूर्वानुमान लगाया है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक पूर्वोत्तर के राज्यों मणिपुर, मेघालय और मिजोरम में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा, छत्तीसगढ़ और उत्तरी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। उत्तराखंड, दक्षिण गुजरात, शेष पूर्वोत्तर भारत, तेलंगाना के कुछ हिस्सों और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, लक्षद्वीप और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में हल्की बारिश होने की संभावना है।

यूपी, बिहार और झारखंड का मौसम

उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर आज भी जारी रहेगा। मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक आज प्रदेश के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। प्रदेश में कई दिनों से बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम के जानकारों के मुताबिक प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां ज्यादा दिख सकती हैं। बिहार पर भी मानसून की मेहरबानी बनी रहेगी। मानसून की ट्रफ लाइन के कारण राज्य में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। राज्य में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

झारखंड में भी हो सकती है हल्की बारिश

झारखंड के विभिन्न इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने का असर झारखंड में दिखाई देगा। राज्य के विभिन्न इलाकों में पिछले कुछ दिनों के दौरान व्यापक तौर पर बारिश हुई है।

ओडिशा में तेज बारिश की आशंका

बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के कारण ओडिशा का मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों तक ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में जोरदार बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार की सुबह बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है। इसके प्रभाव से मंगलवार को तटबंध के उत्तरी पश्चिमी हिस्से में एक कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। इसका असर ओडिशा में आने वाले दिनों में भारी बारिश के रूप में लिख सकता है। मंगलवार को ज्यादा बारिश होने की आशंका जताई गई है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी आशंका है और मछुआरों को मंगलवार को समुद्री तटों की और न जाने की हिदायत दी गई है।

हिमाचल और उत्तराखंड में भी होगी बारिश

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 20 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि इन दोनों ही राज्यों में भारी बारिश की आशंका नहीं है। इन दोनों पहाड़ी राज्यों में पिछले 24 घंटे के दौरान भी अच्छी बारिश हुई है।

मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों में अगले दो-तीन दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 व 21 सितंबर को अच्छी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में भी 21 सितंबर तक बारिश होने की संभावना है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story