TRENDING TAGS :
Weather Today: सितंबर में जोरदार बारिश के आसार, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
Weather Today: मौसम के जानकारों का कहना है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, सिक्किम, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में आज झमाझम बारिश होने की संभावना है।
Weather Today (photo: Newstrack )
Weather Today: मानसून आज भी देश के कई राज्यों में तेवर दिखा सकता है। मौसम विभाग का मानना है कि आज देश के कई राज्यों में हल्की से मध्यम तो कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम के जानकारों का कहना है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, सिक्किम, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में आज झमाझम बारिश होने की संभावना है।
इस बीच मौसम विभाग के ताजा अपडेट में बताया गया है कि मानसून की सितंबर में जल्द वापसी नहीं होगी। पिछले सप्ताह मानसून की जल्द वापसी का पूर्वानुमान लगाया गया था मगर अब भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र इस पूर्वानुमान को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि इस महीने बारिश अधिक समय तक बनी रहेगी। उनका कहना है कि सितंबर महीने के दौरान कई राज्यों में झमाझम बारिश होने की संभावना है।
इन राज्यों में सक्रिय रहेगा मानसून
देश के कई राज्यों में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में आज भी मौसम खराब रहेगा। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य महाराष्ट्र, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, कर्नाटक के कुछ हिस्सों, केरल, तमिलनाडु, सिक्किम और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश, कोंकण व गोवा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और शेष पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गुजरात, तेलंगाना, ओडिशा और उत्तरी पंजाब में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
उत्तर पूर्वी राज्यों में होगी जोरदार बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि आज उत्तर पूर्वी राज्यों मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा में बारिश होने की संभावना है। असम में अगले चार-पांच दिनों तक गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में आज भारी बारिश लोगों की मुसीबत बढ़ा सकती है। इन सभी राज्यों में हाल के दिनों में जोरदार बारिश हुई है।
यूपी और बिहार में भी बरसेंगे बादल
औसत से कम बारिश की मार झेल रहे हो उत्तर प्रदेश और बिहार में आज व्यापक वर्षा का अनुमान लगाया गया है। मौसम के जानकारों का कहना है कि इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। बिहार के कई जिलों में हाल के दिनों में अच्छी बारिश हुई है और बारिश का यह दौर आज भी जारी रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में आज मौसम खराब रहने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि आज प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके लिए मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। मध्य महाराष्ट्र और कर्नाटक के कई इलाकों में भी आज व्यापक का बारिश हो सकती है।
राजस्थान में कमजोर पड़ा मानसून
अगस्त महीने के दौरान राजस्थान में जोरदार बारिश के बाद अब मानसून कमजोर पड़ गया है। इसी कारण अगले कुछ दिनों के दौरान राज्य में हल्की से मध्यम बारिश होने का ही अनुमान है। राज्य के मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा समय में राज्य में पश्चिमी हवाएं प्रभावी दिख रही हैं। इसके साथ ही मानसून की ट्रफ लाइन सुदूर उत्तर में स्थित है। इस कारण राज्य में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ती दिख रही हैं। इस कारण माना जा रहा है कि अगले 5 दिनों के दौरान राज्य में मानसून का तेवर कमजोर रहेगा।
राजधानी दिल्ली के मौसम के बारे में बताया गया है कि अगले कुछ दिनों के दौरान राजधानी में बादल तो छाए रहेंगे मगर बारिश की संभावना नहीं दिख रही है।
केरल में होगी व्यापक वर्षा
दक्षिण भारत के राज्य केरल में इन दिनों जोरदार बारिश हो रही है। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केरल दौरे के समय भी जोरदार बारिश हो रही थी। मौसम विभाग का कहना है कि केरल के कुछ इलाकों में आज भी भारी बारिश हो सकती है।
तमिलनाडु में हल्की झमाझम बारिश का अनुमान लगाया गया है और एक या दो स्थानों पर भारी बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। झारखंड और छत्तीसगढ़ में आज हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।