TRENDING TAGS :
Weather Today: ओडिशा में आज भारी बारिश की चेतावनी, कई और राज्यों में बिगड़ेगा मौसम
Weather Today 20 September 2022: बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने का कारण झारखंड में आज झमाझम बारिश होने के आसार हैं।
भारी बारिश से दक्षिण भारत में जनजीवन अस्त-व्यस्त (photo: social media )
Weather Today 20 September 2022: देश के कई राज्यों में मानसून की सक्रियता के बीच ओडिशा में आज भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में अगले दो दिनों तक व्यापक तौर पर बारिश हो सकती है। भारी बारिश की आशंका से आज मछुआरों को समुद्री तटों की ओर न जाने की हिदायत दी गई है। ओडिशा के अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ और मराठवाड़ा में भी जोरदार बारिश होने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने का कारण झारखंड में आज झमाझम बारिश होने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न इलाकों में भी आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खास तौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां ज्यादा दिख सकती हैं। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी तेज बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।
इन राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम के जानकारों के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान देश के कई इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना है। ओडिशा, विदर्भ, मराठवाड़ा, सिक्किम, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है।
स्काईमेट वेदर के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, केरल, लक्षद्वीप, बाकी पूर्वोत्तर भारत, तटीय कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश और दक्षिण गुजरात में हल्की बारिश हो सकती है।
झारखंड में होगी झमाझम बारिश
बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने के कारण झारखंड में आज झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की ओर से जारी की गई चेतावनी के मुताबिक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण आज राज्य के पश्चिमी और मध्य इलाकों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।
राज्य मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को पलामू प्रमंडल के अलावा राजधानी और आसपास के इलाकों में जोरदार बारिश की संभावना दिख रही है। राज्य के विभिन्न इलाकों में बारिश का दौर 24 सितंबर तक जारी रह सकता है।
ओडिशा में दी दिनों तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक मंगलवार और बुधवार को ओडिशा और छत्तीसगढ़ के इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण ओडिशा का मौसम आने वाले दिनों में खराब रहेगा। राज्य में अगले दो दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। खास तौर पर मंगलवार को राज्य में भारी बारिश से लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।
बारिश के साथ तूफानी हवाएं चलने की भी आशंका है। इसी कारण मछुआरों को आज समुद्री तट पर न जाने की सलाह दी गई है। ओडिशा के विभिन्न इलाकों में सोमवार को भी भारी बारिश हुई थी।।
ओडिशा के साथ ही पूर्वी मध्य प्रदेश का मौसम भी अगले तीन दिनों तक खराब रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार से गुरुवार तक का इस इलाके में झमाझम बारिश होने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी आज गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
यूपी और बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में भी आज हल्की से मध्यम बारिश होगी। खास तौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश में ज्यादा बारिश होने की संभावना है। बिहार पर मानसून की मेहरबानी अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकती है। राज्य के विभिन्न इलाकों में आज व्यापक तौर पर बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर के राज्यों में होगी व्यापक बारिश
पूर्वोत्तर के राज्यों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ने की आशंका है। अरुणाचल प्रदेश में 20 से 23 सितंबर तक मौसम काफी खराब रहेगा और गरज-चमक के साथ कुछ इलाकों में भारी वर्षा होने की आशंका है।
मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में भी आज तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। असम में 23 सितंबर तक मौसम खराब रहने और कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है।