×

Weather Today: साइक्लोन सितरंग बरपाएगा कहर, देश के कई राज्यों में आज भारी बारिश की चेतावनी

Weather Today Update: चक्रवाती तूफान के चलते भारी बारिश और काफी तेज गति से हवाएं चलने की आशंका के कारण काफी सतर्कता बरती जा रही है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 25 Oct 2022 3:52 AM GMT
Weather today
X

Weather today

Weather Today 25 October 2022: साइक्लोन सितरंग ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। दीपावली की रात सितरंग चक्रवात की चपेट में आने के कारण बांग्लादेश में सात लोगों की मौत हो गई। भारत के कई राज्यों में भी आज इस चक्रवात के कहर बरपाने की आशंका जताई गई है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के चक्रवात में तब्दील होने से देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ता दिख रहा है। मौसम विभाग की ओर से आज देश के नौ राज्यों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम बंगाल,ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड, मणिपुर और झारखंड में इसका असर दिखना भी शुरू हो गया है। कई इलाकों में सोमवार से ही बारिश का दौर जारी है। तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में भी आज बारिश होने की संभावना है।

कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी

चक्रवाती तूफान के मद्देनजर कई राज्य सरकारों की ओर से एहतियाती कदम उठाए गए हैं। भारी बारिश और काफी तेज गति से हवाएं चलने की आशंका के कारण काफी सतर्कता बरती जा रही है। चक्रवाती तूफान का पूर्वोत्तर के राज्य में काफी असर पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से असम, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर और नागालैंड के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। त्रिपुरा सरकार ने राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थान 26 अक्टूबर तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। मेघालय के 4 जिलों में भी आज सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण पूर्वोत्तर के राज्यों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की भी आशंका जताई गई है।

पश्चिम बंगाल और ओडिशा में सतर्कता

पूर्वोत्तर के राज्यों में एनडीआरएफ को भी एहतियात के तौर पर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों सहित ओडिशा के तटीय इलाकों में भी चक्रवाती तूफान का बड़ा असर दिखेगा। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी बारिश हो सकती है।

पश्चिम बंगाल और ओडिशा में इसी कारण मछुआरों को भी सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। पश्चिम बंगाल के निचले इलाकों से काफी संख्या में लोगों को बाहर निकाला गया है। तूफान प्रभावित लोगों के लिए सौ से अधिक राहत केंद्र भी बनाए गए हैं।

इन राज्यों में होगी बारिश

मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक ओडिशा के उत्तर तटीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दोनों राज्यों के अलावा असम, मेघालय, नागालैंड,अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है।

मिजोरम और त्रिपुरा में भी मौसम खराब रहेगा। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम तो कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। तमिलनाडु के दक्षिणी हिस्सों,केरल और लक्षद्वीप में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

बांग्लादेश में सात लोगों की मौत

सितरंग का असर सिर्फ भारतीय राज्यों में ही नहीं बल्कि बांग्लादेश में भी दिख रहा है। चक्रवाती तूफान की तबाही के कारण बांग्लादेश में सोमवार की रात सात लोगों की मौत हो गई। बांग्लादेश के कॉक्स बाजार तट से हजारों लोगों और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। बांग्लादेश प्रशासन का कहना है कि जरूरत पड़ने पर आसपास के इलाकों के शैक्षणिक संस्थानों को भी आश्रय स्थल के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story