×

Weather Today: दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का कहर, मैदानी इलाकों में शीतलहर बनी मुसीबत

Weather Today Update: देश के मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ने लगा है तो दूसरी ओर दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों में बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 6 Dec 2022 3:10 AM GMT
weather today 6 December 2022 Rain in states of South India cold wave in plain Area
X

दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का कहर, मैदानी इलाकों में शीतलहर बनी मुसीबत: Photo- Social Media

Weather Today 6 December 2022: देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलता दिख रहा है। मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप (outbreak of cold wave) बढ़ने लगा है तो दूसरी ओर दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों में बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। मौसम विभाग की ओर से देश के पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी जारी रहने की आशंका जताई गई है। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग की ओर से जल्द ही न्यूनतम तापमान में और गिरावट (further drop in minimum temperature) की आशंका जताई गई है।

उधर दक्षिण भारत के राज्यों को अभी बारिश से निजात मिलने की उम्मीद नहीं है। दक्षिण अंडमान सागर और आसपास के इलाकों में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण तमिलनाडु, केरल, दक्षिण आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

दक्षिण भारत में इस कारण हो रही बारिश

दक्षिण अंडमान सागर और आसपास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके पश्चिम और उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ने की उम्मीद जताई गई है। जानकारों के मुताबिक कम दबाव का यह क्षेत्र 6 दिसंबर की शाम तक बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में एक डिप्रेशन में बदल सकता है। यह उत्तर तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश तट की ओर पश्चिम व उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ना जारी रखेगा। मौसम विभाग के मुताबिक तट पर पहुंचने से पहले यह एक चक्रवात में बदल सकता है। इसके 8 दिसंबर तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों पर पहुंचने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, दक्षिण आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश का दौर बना रहेगा। मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के मुताबिक तमिलनाडु व पुडुचेरी के कई जिलों में 8 दिसंबर को भारी बारिश होने की आशंका है। दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी 8 दिसंबर को जमकर बारिश होगी।

ठंड का बढ़ने लगा प्रकोप

देश के पहाड़ी इलाकों में कई दिनों से बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर और लद्दाख में आज भी बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। इन तीनों राज्यों के ऊंचाई वाले इलाकों में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। मैदानी इलाकों में भी पहाड़ों की सर्द हवाओं का असर दिख रहा है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों में ठंड बढ़ गई है।

आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने का पूर्वानुमान लगाया गया है। देश के कई इलाकों में कोहरा भी लोगों के लिए मुसीबत बनने लगा है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में आने वाले दिनों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने की आशंका जताई है। राजधानी दिल्ली के तापमान में जल्द ही और गिरावट आने के आसार हैं।

इन इलाकों में हो सकती है भारी बारिश

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु और केरल में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 7 दिसंबर की रात से तमिलनाडु व दक्षिण आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की आशंका है। बारिश का यह दौर 8 दिसंबर तक जारी रह सकता है।

आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालय तक 8 दिसंबर को एक ताजा विक्षोभ पहुंचने की संभावना है। पश्चिमी हिमालय पर 8 से 10 दिसंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी होने की आशंका है। कर्नाटक और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में 7 दिसंबर से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story