×

Aaj ka Mausam: फिर लौटी भीषण हीटवेव, उत्तर से दक्षिण तक बुरा हाल

Weather Update Today: यूपी, एमपी, झारखंड, ओडिशा के हिस्सों में 7 जून तक लू चलने की चेतावनी।

Neel Mani Lal
Written By Neel Mani Lal
Published on: 6 Jun 2022 5:38 AM GMT
Heatwave weather
X

फिर लौटी भीषण हीटवेव (Social media)

Weather Today 6 June: देश के कई हिस्से फिर भीषण हीटवेव की चपेट में हैं और तापमान 47 डिग्री के पार चला गया है। आफत की बात ये है कि अभी हालात और भी खराब होने के आसार हैं। ऐसे में सावधानी बरतें और हीटस्ट्रोक व डिहाइड्रेशन से बच कर रहें।

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, तेलंगाना, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और दक्षिण पंजाब के अलग - अलग हिस्सों में 6 जून को लू की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही दक्षिण उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड और आंतरिक ओडिशा के कुछ हिस्सों में 7 जून तक लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों के दौरान पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

पारा 45 के पार

मध्य और उत्तर पश्चिम भारत के कम से कम सोलह शहरों और शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और उससे अधिक दर्ज किया गया। लेकिन सबसे बुरा हाल मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगोंग में हुआ जहां पारा 47 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। विदर्भ के कुछ हिस्सों और हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। तेलंगाना के लिए तो हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य में कुछ स्थानों पर तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हालांकि, राज्य में अगले पांच दिनों के लिए अलग-अलग बारिश की भी भविष्यवाणी की गई है। उत्तर प्रदेश के बांदा और राजस्थान के गंगानगर में अधिकतम तापमान क्रमश: 46.8 डिग्री सेल्सियस और 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में सफदरजंग में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उत्तर पश्चिमी दिल्ली में मुंगेशपुर में 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अभी गर्मी कम होने वाली नहीं

मौसम कार्यालय ने कहा है कि अगले चार से पांच दिनों में मध्य भारत और उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।

नार्थ ईस्ट में भारी वर्षा से आफत

देश में एक तरफ जबर्दस्त गर्मी पड़ रही है, वहीं उत्तर पूर्व में भारी बारिश का प्रकोप है। असम और मेघालय समेत पूरा नार्थ ईस्ट इस समय दक्षिण-पश्चिम मानसून से कवर हो गया है। और अब इन राज्यों को भारी वर्षा का सामना करना पड़ रहा है। असम, मणिपुर, अरुणाचल पहले ही प्री मॉनसून बारिश के चलते भारी भूस्खलन और बाढ़ झेल चुके हैं। नार्थ ईस्ट के अलावा दक्षिण के कुछ राज्यों में भी भारी बारिश का अनुमान है।

मौसम विभाग ने कहा है कि कर्नाटक, केरल और माहे और लक्षद्वीप में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है और अगले पांच दिनों के बारिश व्यापक क्षेत्र में फैल जाएगी। अगले तीन दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में 40-50 किमी प्रति घंटे से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है और मछुआरों को इन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है।

आईएमडी के अनुसार, पूरे देश में मई महीने में 83.4 मिमी बारिश हुई, जो 1961-2010 के आंकड़ों के आधार पर 62 मिमी के दीर्घावधि औसत से 34 प्रतिशत अधिक थी। मई 2022 के दौरान, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक (232.3 मिमी) में वर्षा 1901 के बाद से सबसे अधिक थी।

सावधानी बरतें

लू लगने या हीटस्ट्रोक से काफी समस्याएं हो सकती हैं और जान पर भी बन सकती है। ऐसे में सावधानी जरूर बरतें।

  • - पानी खूब पियें।
  • - बाहर निकलना हो तो सर और गर्दन ढके रहें, धूप का चश्मा जरूर लगाएं।
  • - ताजे कटे फल खाएं।
  • - आम का पना पियें।
  • - सीनियर सिटीजन विशेष सावधानी बरतें क्योंकि इनमें हीटस्ट्रोक की आशंका ज्यादा होती है।
  • - ध्यान रखें कि सीनियर सिटीजन को घर के भीतर भी पंखे की हवा से डिहाइड्रेशन हो सकता है।
Ragini Sinha

Ragini Sinha

Next Story