×

Weather Today: बर्फबारी से पहाड़ी इलाकों में बढ़ी ठंड, कई राज्यों में आज भी बारिश होने की आशंका

Aaj Ka Mausam 7 November 2022: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आज भी हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 7 Nov 2022 4:28 AM GMT
weather today
X

बर्फबारी से पहाड़ी इलाकों में बढ़ी ठंड (photo: social media )

Weather Today Update 7 November 2022: नवंबर महीने के दौरान भी देश के कई राज्यों में बारिश का माहौल दिख रहा है। देश के पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी होने के कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। पहाड़ी इलाकों में आज भी बारिश के साथ बर्फबारी होने का अनुमान लगाया गया है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आज भी हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। रविवार को बर्फबारी के कारण पहाड़ी इलाकों में तापमान काफी गिर गया है।

तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक के कुछ इलाकों, लक्षद्वीप, रायलसीमा, पंजाब और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में आज बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। इस बीच दिल्ली-एनसीआर के वायु प्रदूषण के हालात में थोड़ी राहत जरूर मिली है मगर वायु गुणवत्ता सूचकांक अभी भी बहुत खराब श्रेणी में बना हुआ है। इस कारण प्रदूषण से लोगों की दिक्कतें अभी खत्म नहीं हुई हैं।

बारिश और बर्फबारी बढ़ाएगी मुसीबत

आईएमडी की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में मौसम का मिजाज आज भी बिगड़ा रहेगा। इस दौरान राज्य में बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया गया है। लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश के साथ बर्फबारी लोगों की दिक्कतें बढ़ाएगी। बर्फबारी के कारण इन पहाड़ी राज्यों में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है।

उधर दक्षिण भारत में अभी भी बारिश का दौर जारी है। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, पंजाब और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में आज भी मौसम खराब रहेगा। इस दौरान इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कल भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

कश्मीर में बर्फबारी से बढ़ी ठंड

कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के कारण रविवार को तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। पर्यटकों के पसंदीदा स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। गुलमर्ग के अलावा माछिल, साधना दर्रा और जोजिला दर्रा के आसपास के इलाकों में रविवार को सुबह नौ बजे तक करीब 3 इंच से अधिक बर्फबारी हुई।

लद्दाख के द्रास इलाके में भी जमकर बर्फबारी हुई। रविवार को श्रीनगर में सबसे ज्यादा 27 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बांदीपोरा, बारामूला, पुलवामा और बड़गाम में भी बारिश के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग की ओर से कश्मीर में 5 दिनों तक बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

इन इलाकों में बारिश की संभावना

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान केरल, तमिलनाडु और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी की तीव्रता बढ़ने की आशंका जताई गई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है।

तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप और रायलसीमा में हल्की बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में प्रदूषण के हालात सुधरने की उम्मीद नहीं है। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में बना रहेगा।

दिल्ली में प्रदूषण से लोग बेहाल

दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक बहुत खराब श्रेणी में होने के कारण लोग बेहाल नजर आ रहे हैं। सोमवार को सुबह के समय आईटीओ इलाके में वायु गुणवत्ता सूचकांक 336 जबकि आनंद विहार इलाके में 347 दर्ज किया गया। नेहरू नगर और वजीर नगर में एक्यूआई 377 दर्ज किया गया। नोएडा और गुरुग्राम की स्थिति में भी ज्यादा सुधार होता नहीं दिख रहा है। नोएडा में एक्यूआई 358 तो गुरुग्राम में 316 दर्ज किया गया।

राजधानी में पराली जलाने से प्रदूषण में रविवार को 18 फ़ीसदी हिस्सेदारी दर्ज की गई। शनिवार को पराली जलाने की प्रदूषण में हिस्सेदारी 21 फीसदी थी। जानकारों का कहना है कि अगर राजधानी में उत्तर-पश्चिम से हवा बहने लगे तो प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बहुत गंभीर श्रेणी में जा सकता है।

पंजाब में होगी हल्की बारिश

पंजाब में आज हल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पंजाब के मौसम में भी बदलाव दिख रहा है। पंजाब में बारिश से हवा की गुणवत्ता में सुधार हो सकता है। पराली जलाने की सबसे ज्यादा घटनाएं पंजाब में ही हो रही हैं।। इसे लेकर सियासी माहौल भी गरमाया हुआ है। बारिश होने की स्थिति में पराली के धुएं में राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। दिल्ली के प्रदूषण में पंजाब में पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं को बड़ा कारण माना जा रहा है। ऐसे में दिल्ली के लोग भी राहत की उम्मीद कर सकते हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story