×

Weather Today: कई राज्यों में आज भारी बारिश का दिखेगा कहर, जनजीवन पर असर पड़ने की संभावना

Weather Today: कर्नाटक में सोमवार को राजधानी बेंगलुरु समेत कई इलाकों में जोरदार बारिश के कारण सड़कें तालाब बन गईं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 6 Sept 2022 8:44 AM IST
Weather Today
X

Weather Today (photo: social media )

Weather Today: देश के कई राज्यों में मानसून की सक्रियता का व्यापक असर दिख रहा है। कई राज्यों में मध्यम तो कई राज्यों में भारी बारिश का कहर दिख रहा है। मौसम विभाग की ओर से आज भी देश के कई राज्यों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया है कि केरल, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, कर्नाटक और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश आज लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

कर्नाटक में सोमवार को राजधानी बेंगलुरु समेत कई इलाकों में जोरदार बारिश के कारण सड़कें तालाब बन गईं। भारी बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। कर्नाटक में आज भी भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज भी भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना गई है।

भारी बारिश बनेगी लोगों के लिए मुसीबत

मौसम के जानकारों ने पूर्वानुमान लगाया है कि अगले 24 घंटे के दौरान देश के कई राज्यों में काफी ज्यादा बारिश हो सकती है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक केरल,ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, पूर्वोत्तर भारत, रायलसीमा, कर्नाटक के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।

झारखंड, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, महाराष्ट्र, पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों,उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मध्यम के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल और पश्चिमी मध्य प्रदेश में छिटपुट बारिश होने की संभावना है।

बिहार में जोरदार बारिश की संभावना

हाल के दिनों में बिहार के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है। राजधानी पटना समेत राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश ने लोगों को तरबतर किया है। जोरदार बारिश होने के कारण राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों की नदियां उफान पर दिख रही हैं। इस कारण कई इलाकों में बाढ़ की समस्या गंभीर दिख रही है। मौसम विभाग की ओर से आज भी राज्य के विभिन्न जिलों में जोरदार बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार के बाद बुधवार और गुरुवार को राज्य में छिटपुट बारिश के आसार हैं। अगस्त के अंतिम सप्ताह के बाद से राज्य में अभी तक अच्छी बारिश हुई है। हालांकि इस बार मानसून सीजन के दौरान राज्य में औसत से कम बारिश होने के कारण खेतीबारी के कामों पर बुरा असर पड़ा है। अब अच्छी बारिश होने के कारण किसानों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं।

झारखंड में भी बरसेंगे बादल

बिहार के अलावा झारखंड में भी हाल के दिनों में अच्छी बरसात हुई है। झारखंड में बारिश का यह अदा हो रहा है आज भी जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आज कुछ इलाकों में भारी बारिश का कहर दिख सकता है।

मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में 10 सितंबर तक बादल छाए रहेंगे और इस दौरान राज्य में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

बेंगलुरु की सड़कें बन गईं तालाब

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु और राज्य के कई इलाकों में सोमवार को भारी बारिश हुई। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण बेंगलुरु शहर की अधिकांश सड़कें तालाब बन गई। इस कारण लोगों का आवागमन तक मुश्किल हो गया। भारी बारिश के बाद जलभराव के कारण शहर के कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम भी लग गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले चार-पांच दिनों तक शहर में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान में बताया गया है कि कर्नाटक के कुछ जिलों में आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। बेंगलुरु और राज्य के अन्य इलाकों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

केरल और ओडिशा में भी मौसम रहेगा खराब

केरल और ओडिशा में भी भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। केरल में कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति दिख रही है। बाढ़ से जुड़े हादसों में दो लोगों की मौत होने की खबर है। पूर्वोत्तर के मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा के कई इलाकों में भी आज तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

हिमाचल और उत्तराखंड में भी होगी बारिश

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड दोनों पहाड़ी राज्यों में आज बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि इन दोनों ही राज्यों में भारी बारिश होने की आशंका नहीं है। मौसम विभाग की ओर से हिमाचल प्रदेश में 9 सितंबर तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली एनसीआर के इलाके में आज और कल बारिश होने की संभावना है। राजधानी में सोमवार को सुबह अच्छी धूप खिली हुई थी और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुग्राम और नोएडा में भी मंगलवार और बुधवार को बारिश का दौर जारी रहेगा।



Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story