×

Weather Today: पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, अन्य इलाकों में भी बदलेगा मौसम

Weather Today: मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी आज मौसम खराब रहेगा। इन दोनों ही राज्यों में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 4 Sept 2022 8:50 AM IST
Weather Today
X

Weather Today (photo: social media )

Weather Today: मानसून की सक्रियता ने पूर्वोत्तर के राज्यों में कहर बरपा रखा है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण लोगों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने आज भी इन राज्यों में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। उत्तरी बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश से लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में भी जोरदार बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी आज मौसम खराब रहेगा। इन दोनों ही राज्यों में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। पहाड़ी राज्य होने के कारण भूस्खलन और चट्टान खिसकने की घटनाएं भी लोगों के लिए मुसीबतें पैदा कर सकती हैं।

इन राज्यों में होगी भारी बारिश

मौसम के जानकारों ने अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश होने की आशंका जताई है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में आज भारी बारिश होने की आशंका है। इस दौरान इन राज्यों के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। उत्तरी बिहार, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश होने की आशंका है।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। दक्षिणी प्रायद्वीप के कई हिस्सों में भी व्यापक बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और ओडिशा के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर के तीन राज्यों असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में मानसून ने कहर बरपा रखा है। इन तीनों राज्यों में आज भी मौसम काफी खराब रहेगा। तीनों ही राज्यों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। इस दौरान कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए राज्य के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक असम सहित पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अगले चार दिनों तक मौसम काफी खराब रहने की आशंका है। भारी बारिश के दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है जिससे लोगों की मुसीबतें और बढ़ेंगी। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी जोरदार बारिश हो सकती है। बारिश का यह दौर तीन दिनों तक जारी रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। जानकारों का मानना है कि भारी बारिश के कारण अगले कुछ दिनों तक पूर्वोत्तर के राज्यों में जनजीवन अस्त-व्यस्त रहेगा।

बिहार में होगी जोरदार बारिश

बिहार में राजधानी पटना सहित प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को झमाझम बारिश हुई है। पटना में सुबह करीब तीन घंटे तक मूसलाधार बारिश होने के कारण शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। बारिश के कारण राजधानी का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। निगम कर्मियों की हड़ताल के चलते सफाई व्यवस्था ठप रहने के कारण लोगों को काफी दिक्कत उठानी पड़ी।

मौसम विभाग का कहना है कि बिहार में आज भी जोरदार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान कुछ इलाकों में मध्यम तो कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। खास तौर पर उत्तरी बिहार के जिलों में ज्यादा बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

हिमाचल और उत्तराखंड में बरसेंगे बादल

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हाल के दिनों में मध्यम बारिश ही दर्ज की गई है मगर अब तेज बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश में 4 और 5 सितंबर को झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश में 9 सितंबर तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है। उत्तराखंड में भी रविवार और सोमवार को बारिश होगी। राज्य के कई जिलों में आज भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

कैसा रहेगा यूपी का मौसम

मौसम विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के 20 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इसके लिए विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में मानसून का सिस्टम कमजोर पड़ने के बाद लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल थे अगर शनिवार को लोगों को राहत मिली। शनिवार को राजधानी के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। हैं। इससे पहले राजधानी में कई दिनों से आकाश में बादल तो छा रहे थे मगर बारिश नहीं हो रही थी।

मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार से दिल्ली-एनसीआर मानसून की सक्रियता का असर दिख सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली में 5 से 7 सितंबर तक बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग का कहना है कि नोएडा और गुरुग्राम में भी इस दौरान बारिश होने की संभावना है।



Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story