×

Weather Today: बिहार व झारखंड समेत कई राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Weather Today: मौसम विभाग का कहना है कि बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी आज जोरदार बारिश होगी।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 5 Sept 2022 8:34 AM IST
Weather Today
X

Weather Today 

Weather Today: असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के लोगों को हाल के दिनों में भारी बारिश का सामना करना पड़ा है। मौसम विभाग का कहना है कि इन तीनों राज्यों में आज भी मौसम खराब रहेगा। इस दौरान इन तीनों राज्यों के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी जोरदार बारिश होने की संभावना जताई गई है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए इन राज्यों के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी आज जोरदार बारिश होगी। देश के दो पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी आज मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना है। इन दोनों राज्यों के कई इलाकों में भारी बारिश लोगों की मुसीबत बढ़ा सकती है।

कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम के जानकारों का मानना है कि असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में आज भी जोरदार बारिश का दौर जारी रहेगा। स्काईमेट वेदर के मुताबिक इन तीनों राज्यों के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इन तीनों राज्यों के अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मध्यम के साथ भारी बारिश लोगों की मुसीबतें बढ़ा सकती है।

दक्षिणी प्रायद्वीप के कई हिस्सों में भी व्यापक स्तर पर बारिश होने की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के कुछ क्षेत्रों में भी मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और ओडिशा के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश होने के आसार हैं।

पूर्वोत्तर में बढ़ेगी लोगों की मुसीबत

असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कई दिनों से भारी बारिश का कहर दिख रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी तीनों राज्यों में जोरदार बारिश होने की संभावना है। इस दौरान इन राज्यों के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम के इस तेवर को देखते हुए तीनों राज्यों में लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है। भारी बारिश के दौरान तूफानी हवाएं लोगों की मुसीबतें बढ़ा सकती है।

इन तीनों राज्यों के अलावा मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा में भी झमाझम बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों में बारिश का यह दौर मंगलवार तक जारी रह सकता है। पूर्वोत्तर के राज्यों में हाल के दिनों में जोरदार बारिश के कारण जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। इन राज्यों में मानसून की सक्रियता आगे भी जारी रहने की संभावना जताई गई है।

बिहार-झारखंड में भारी बारिश की आशंका

बिहार और झारखंड के कई जिलों में आज व्यापक तौर पर बारिश होने की संभावना है। इस बार मानसून काफी दिनों तक बिहार से रूठा रहा मगर अब बिहार पर मानसून मेहरबान दिख रहा है। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की आशंका के कारण अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान वज्रपात के साथ भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। सीतामढ़ी, अररिया और किशनगंज में वज्रपात के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है। राज्य के कई जिलों में नदियों के उफना जाने के कारण सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न हो चुकी है।

बिहार के साथ ही झारखंड में भी आज मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान कुछ इलाकों में मध्यम तो कुछ इलाकों में भारी बारिश का कहर दिख सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में रुक-रुक कर 7 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

हिमाचल व उत्तराखंड में भी होगी बारिश

देश के दो पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी आज जोरदार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इन दोनों राज्यों में मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है। पहाड़ी इलाका होने के कारण इन दोनों राज्यों में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन और चट्टान खिसकने का खतरा पैदा हो जाता है। इसलिए लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 9 सितंबर तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। उत्तराखंड में इस बार खूब बारिश हुई है और मौसम विभाग का मानना है की आज राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित होगा।

मध्यप्रदेश में भी बदलेगा मौसम

मध्यप्रदेश में इस बार मानसूनी सीजन के दौरान अच्छी बारिश हुई है। राज्य में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता दिख रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के विभिन्न इलाकों में 8 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम के जानकारों का कहना है कि हिमालय की तलहटी से चलने वाली हवाओं के कारण बारिश की यह संभावना बनी है। 8 सितंबर के बाद मौसम में फिर बदलाव होने की संभावना है।

दिल्ली में जारी रहेगी बारिश

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार और रविवार को बारिश होने के कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया है कि दिल्ली में सोमवार से बुधवार तक बारिश होने के आसार हैं। दिल्ली से सटे नोएडा और गुरुग्राम के इलाके में भी तीन दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।



Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story