×

Weather Today: देश के कई इलाकों में लेट हुआ मानसून, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

Weather Today: उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में रहने वाले लोगों की भी जी भरकर बारिश की मुराद अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। दिल्ली और राजस्थान में भी मानसून लेट है ।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 23 Jun 2022 2:31 AM GMT
Weather Today
X

मौसम में बदलाव (photo: social media ) 

Weather Today: देश के कई इलाकों में मानसून (Monsoon) की सक्रियता के कारण बारिश का दौर शुरू हो चुका है तो कई इलाकों के लोग अभी भी मानसून के दस्तक देने का इंतजार कर रहे हें। असम और मेघालय समेत कई इलाकों में भारी वर्षा का कहर दिखा है तो कई इलाकों में प्री मानसून की बारिश (Pre Monsoon Rain) के बाद एक बार फिर गर्मी और उमस का माहौल दिख रहा है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में रहने वाले लोगों की भी जी भरकर बारिश की मुराद अभी तक पूरी नहीं हो सकी है।

दिल्ली और राजस्थान में भी मानसून लेट हो गया है। मानसून के 25 से 30 जून के बीच पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विज्ञान विभाग ने आज देश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश तो कई इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका जताई है। वैसे विभिन्न इलाकों में हो रही बारिश किसानों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है। मौसम का असर हर आदमी की जिंदगी पर पड़ता है। इसलिए यह जानना जरूरी है कि आज देश के विभिन्न इलाकों में मौसम कैसा रहेगा।

आज बारिश से सराबोर होंगे कई इलाके

मौसम विभाग का मानना है कि अगले 24 घंटे के दौरान मेघालय, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, सिक्किम, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम के साथ भारी वर्षा हो सकती है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक छत्तीसगढ़ के दक्षिणी इलाके, ओडिशा, तटीय कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत के शेष हिस्सों, झारखंड, पश्चिम बंगाल, आंतरिक ओडिशा, बिहार के कुछ हिस्सों, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, केरल, कर्नाटक के भीतरी इलाकों, लक्षद्वीप, दक्षिणी गुजरात और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में भी हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों पर बना हुआ है। इसके साथ ही चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम राजस्थान पर बना हुआ है।

राजधानी दिल्ली में कब आएगा मानसून

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों के दौरान बारिश के कारण तापमान में गिरावट के बाद पारा एक बार फिर चढ़ता हुआ नजर आ रहा है। मानसून के लेट हो जाने के कारण पारा चढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है। दिल्ली के लोग बेसब्री के साथ झमाझम बारिश से होने का इंतजार कर रहे हैं।

मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि राजधानी में मानसून की चाल थोड़ा लेट हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने 27 जून को राजधानी दिल्ली में मानसून के दस्तक देने की संभावना जताई है। उसके बाद दिल्ली के लोगों की झमाझम बारिश की मुराद पूरी हो सकती है।

राजस्थान में मानसून की दस्तक देरी से

राजस्थान में प्री मानसून की बारिश तो दर्ज की गई है मगर अब लोग बेसब्री से मानसून के आने का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के लिए अभी लोगों को और इंतजार करना होगा। अभी तक मौसम विभाग की ओर से 25 जून तक मानसून के आने का अनुमान लगाया गया था मगर अब मानसून के लेट होने की बात कही जा रही है।

अब मौसम विभाग का मानना है कि राज्य में मानसून 25 जून से 30 जून के बीच दस्तक देगा। राज्य में आगामी तीन-चार दिनों तक मौसम सूखा बने रहने की संभावना है मगर उसके बाद मानसून की एंट्री के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

इन इलाकों में दिखा बारिश का असर

झारखंड, राजस्थान, मराठवाड़ा, जम्मू-कश्मीर, तटीय कर्नाटक, विदर्भ के कुछ हिस्सों, दक्षिण मध्य प्रदेश, झारखंड और उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश भी दर्ज की गई है। तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, कोकण व गोवा, मराठवाड़ा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story