TRENDING TAGS :
Weather Update: कई राज्यों में तेज हवाएं चलने का अलर्ट, पहाड़ी इलाकों में जारी रहेगी बारिश और बर्फबारी
Weather Update: राजधानी दिल्ली में शीतलहर की विदाई के बाद तापमान बढ़ने लगा है। दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Weather today (photo: social media )
Weather Update: देश के पहाड़ी इलाकों में आज भी बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी और आंधी-तूफान का भी संकेत है। उत्तर पश्चिम भारत के कई राज्यों में शनिवार और रविवार को तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
राजधानी दिल्ली में गर्मी बढ़ने के आसार
राजधानी दिल्ली में शीतलहर की विदाई के बाद तापमान बढ़ने लगा है। दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि समय से पहले ही ठंड ने दिल्ली को अलविदा कह दिया है। अब आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है।
हालांकि दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। बाद में तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले 24 घंटे में मध्य भारत के मौसम में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा जबकि उसके बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
कोहरा बन सकता है इन इलाकों में समस्या
देश के बाकी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक का मौसम में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले तीन दिनों तक सुबह शाम के समय घना कोहरा छा सकता है। पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा, मणिपुर और मिजोरम में भी सुबह और शाम के समय कोहरा लोगों के लिए मुसीबत बन सकता है। ओडिशा और बिहार में भी कोहरे से लोगों को दिक्कत हो सकती है।
भूस्खलन के कारण बंद हुआ राजमार्ग
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला 270 किलोमीटर लंबा यह राजमार्ग कई स्थानों पर हुए भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गया है। इस राजमार्ग के बंद होने के कारण सैकड़ों वाहन विभिन्न स्थानों पर फंस गए हैं।
हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी लगातार बर्फबारी हो रही है। बराबरी के कारण चार नेशनल हाईवे समेत 176 सड़कों पर आवागमन बंद हो गया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान पहाड़ी राज्यों में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। जम्मू कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, पंजाब, नागालैंड और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश हुई। पश्चिमी विक्षोभ को इस बारिश और बर्फबारी का कारण माना जा रहा है।
तापमान में गिरावट आने की संभावना
स्काईमेट वेदर के मुताबिक जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश में आज बारिश और बर्फबारी की तीव्रता में कमी आ सकती है। उत्तरी पंजाब, असम और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में दिन और रात के तापमान में 12 फरवरी से काफी कमी आने की संभावना है।